कौन हैं वोजिन्हा? जिनके आगे फीकी पड़ी रोनाल्डो-मेसी की चमक, एक मैच ने बदली किस्मत!
समझें क्या है पूरा मामला...
- गोलकीपर वोजिन्हा के शानदार प्रदर्शन ने सबको चौंका दिया है।
- स्पेनिश टीम के सामने वोजिन्हा ने मैच में कुल सात गोल सेव किए।
- वोजिन्हा के इस प्रदर्शन की बदौलत केप वर्डे ने स्पेन को 0-0 से ड्रॉ पर रोका।
- इस मैच के बाद वोजिन्हा के फॉलोअर्स 50 हजार से बढ़कर 14 मिलियन हो गए।
फुटबॉल की दुनिया में जब भी बड़े मुकाबलों की बात होती है, तो लोगों की जुबान पर क्रिस्टियानो रोनाल्डो या लियोनेल मेसी का नाम सबसे पहले आता है।
वहीं फीफा वर्ल्ड कप 2026 में एक ऐसा चमत्कार हुआ है कि फैंस अब रोनाल्डो और मेसी को भूलकर एक नए हीरो के मुरीद हो गए हैं। यह हीरो कोई फॉरवर्ड खिलाड़ी नहीं, बल्कि केप वर्डे नाम के एक छोटे से देश का 40 साल का गोलकीपर है। इसका नाम वोजिन्हा है।
बता दें कि स्पेन जैसी दिग्गज टीम के खिलाफ वोजिन्हा मैदान पर चट्टान बनकर खड़े रहे। वोजिन्हा ने ऐसा जाल बुना कि बड़े-बड़े स्टार खिलाड़ी गोल करने के लिए तरस गए। इस मैच के बाद से फुटबॉल प्रेमी सिर्फ और सिर्फ वोजिन्हा के बारे में ही बातें कर रहे हैं।
स्पेन के खिलाफ रोके 7 गोल
केप वर्डे की टीम अपना पहला वर्ल्ड कप मैच 2010 की चैंपियन स्पेन के खिलाफ खेलने उतरी थी। मैच शुरू होने से पहले फुटबॉल फैंस यही मानकर चल रहे थे कि स्पेन आसानी से यह मैच जीत जाएगी। साथ ही केप वर्डे के खिलाफ गोल की बरसात कर देगी। वहीं मैदान पर कहानी कुछ और ही लिखी जानी थी।
केप वर्डे के गोलकीपर वोजिन्हा ने स्पेनिश आक्रमण के सामने दीवार खड़ी कर दी। वोजिन्हा ने पूरे मैच में एक या दो नहीं, बल्कि कुल सात बार गेंद को गोल पोस्ट के अंदर जाने से बचाया।
नतीजा यह हुआ कि इतनी मजबूत टीम होने के बाद भी स्पेन एक भी गोल नहीं कर सकी। मुकाबला 0-0 की बराबरी पर खत्म हुआ। इस ड्रॉ के साथ ही केप वर्डे ने वर्ल्ड कप में अपना पहला ऐतिहासिक पॉइंट भी कमा लिया।
50 हजार से सीधे 14 मिलियन फॉलोअर्स
विश्व कप जैसे बड़े मंच पर एक अच्छा प्रदर्शन किसी खिलाड़ी की जिंदगी को किस तरह बदल सकता है, वोजिन्हा इसका सबसे बड़ा उदाहरण बन गए हैं। मैच शुरू होने से पहले तक वोजिन्हा को सिर्फ पुर्तगाल के क्लब फुटबॉल फैंस ही जानते थे।
वहींस्पेन के खिलाफ ऐतिहासिक प्रदर्शन करने से पहले वोजिन्हा के इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 50 हजार फॉलोअर्स थे। लेकिन मैच खत्म होने के कुछ ही घंटों के भीतर इंटरनेट पर उनकी लोकप्रियता में ऐसा ब्लास्ट हुआ कि उनके फॉलोअर्स का आंकड़ा 140 लाख (14 मिलियन) को पार कर गया। अब हर घंटे उनके चाहने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
40 की उम्र में डेब्यू कर रचा इतिहास
वोजिन्हा का असली नाम जोसिमार जोस एवोरा डायस है। वोजिन्हा उनका निकनेम है। वह साल 2012 से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर केप वर्डे का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
साथ ही देश के लिए 90 मैच खेल चुके हैं। उनके पास लगभग 15 साल का लंबा इंटरनेशनल अनुभव है, लेकिन वे कभी फुटबॉल के इस सबसे बड़े मंच यानी वर्ल्ड कप में नहीं खेले थे।
वर्तमान में वह पुर्तगाल की सेकंड-टियर फुटबॉल लीग में चावेस क्लब के लिए खेलते हैं। 40 साल की उम्र में अपना पहला वर्ल्ड कप मैच खेलते ही उनके नाम एक बड़ा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।
वह वर्ल्ड कप इतिहास में डेब्यू करने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। वोजिन्हा की यह कहानी साबित करती है कि अगर आपके पास प्रतिभा और अनुभव है, तो उम्र महज एक नंबर बनकर रह जाती है।
ये भी पढ़ें...
होटल छोड़ ऋषिकेश त्रिवेणी घाट पर सोए सुनील ग्रोवर, सादगी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
एमपी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने की ओंकारेश्वर में पूजा-अर्चना
कूनो के बाद कहां होगा चीतों का नया घर? गुजरात-एमपी के अभ्यारण्यों के बीच होड़
19 जून का इतिहास: कैसे शुरू हुआ भारत का पहला सैटेलाइट कनेक्शन