पीएम मोदी ने लाल किले पर लगातार 13वीं बार फहराया तिरंगा, 80वें स्वतंत्रता दिवस पर देश को किया संबोधित

Amresh Kushwaha | Aug 15, 2026, 07:36 IST
मोदी ने तिरंगा फहराया
भारत 15 अगस्त 2026 को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। लाल किले पर पीएम मोदी ने तिरंगा फहराया। इस बार राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 साल पूरे होने का विशेष उत्सव भी शामिल है।

देश आज स्वतंत्रता दिवस का 80वां जश्न मना रहा है। दिल्ली के लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस राष्ट्रीय समारोह की अगुवाई कर रहे हैं। इस बार का स्वतंत्रता दिवस इसलिए भी खास है, क्योंकि राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 साल पूरे होने का जश्न भी इसी मौके पर मनाया जा रहा है।



पहली बार वंदे मातरम् गाया गया

इस बार पहली बार लाल किले में होने वाले राष्ट्रीय समारोह में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् को औपचारिक रूप से गाया गया। पूरे कार्यक्रम में देश की युवा शक्ति पर खास फोकस है। यह दिखाने की कोशिश की जा रही है कि आज के युवा किस तरह 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने के सफर में अपनी भूमिका निभा रहे हैं।



73626a5b-d41


80वें स्वतंत्रता दिवस पर देश को कर रहे संबोधित पीएम

पीएम मोदी ने कहा कि आज हर घर तिरंगा है हर मन तिरंगा है। आज उत्साह और उमंग के साथ नए संकल्पों के साथ देश आगे बढ़ रहा है। देश आज उन महान स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करता है जिन्होंने आजादी के लिए बलिदान दिया। पूज्य बापू समेत सभी स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं।



9a0f1207-d71


पूरी दुनिया का भारत को देखने का नजरिया भी बदला

पीएम ने कहा- आज भारत ने एक बड़ा सपना देखा है और उसे पूरा करने का पक्का संकल्प भी लिया है। हमारा लक्ष्य है कि 2047 में आजादी के 100 साल पूरे होने तक भारत एक विकसित देश बने। जब दुनिया की सबसे बड़ी आबादी वाला देश इतनी बड़ी सोच और मजबूत इरादे के साथ आगे बढ़ता है, तो पूरी दुनिया का भारत को देखने का नजरिया भी बदल जाता है।



पिछले 12 साल में भारत ने तेजी से तरक्की की

पीएम मोदी ने कहा- पिछले 12 साल में भारत ने तेजी से तरक्की की है। इस दौरान 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। भारत अब दुनिया की प्रमुख और सबसे तेज रफ्तार से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है। उन्होंने कहा कि अब 140 करोड़ भारतीयों के मजबूत संकल्प और मेहनत को आगे बढ़ने से रोकना मुश्किल है।



देश ने कई क्षेत्रों में तेजी से प्रगति की

पीएम ने कहा- पिछले 12 साल में देश ने कई क्षेत्रों में तेजी से प्रगति की है। डिफेंस प्रोडक्शन 4 गुना बढ़ा है, खादी और ग्रामोद्योग का काम 5 गुना तक बढ़ा है। इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग में 7 गुना की बढ़ोतरी हुई है।



उन्होंने कहा कि रेलवे कोच बनाने की क्षमता 21 गुना बढ़ी है, वहीं मोबाइल फोन का उत्पादन 33 गुना तक बढ़ गया है। देश में इंटरनेट यूजर्स 4 गुना और डिजिटल ट्रांजैक्शन 100 गुना बढ़े हैं।



पीएम ने बताया कि गरीबों के लिए भी योजनाओं की रफ्तार तेज हुई है। हर साल पहले से 15 गुना ज्यादा तेजी से नल से जल कनेक्शन दिए गए। गैस कनेक्शन देने की गति 6 गुना बढ़ी है। शौचालय निर्माण 4 गुना तेजी से हुआ और गरीबों को घर देने का काम भी पहले के मुकाबले 3 गुना तेज रफ्तार से किया गया है।



dcf4301a-7f5


1 करोड़ युवाओं को मिलेगी AI ट्रेनिंग

लाल किले से पीएम मोदी ने युवाओं के लिए बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार अगले एक साल में 1 करोड़ युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की ट्रेनिंग देगी।



पीएम ने बताया कि युवाओं को नई तकनीक से जोड़ने के लिए AI स्किल्स सिखाई जाएंगी। इसके साथ ही छात्रों की मदद के लिए ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा भी शुरू की जाएगी।



मेक इन इंडिया, स्वदेशी और वोकल फॉर लोकल

पीएम ने कहा- आज मेक इन इंडिया, स्वदेशी और वोकल फॉर लोकल जैसे अभियान हर भारतीय की सोच का हिस्सा बन रहे हैं। आज लोग देश में बनी चीजों को अपनाने पर जोर दे रहे हैं।



उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से ही भारत में सेमीकंडक्टर बनाने की बात होती रही, लेकिन लंबे समय तक देश में इसका कोई प्लांट नहीं बन पाया। आज हम समझते हैं कि चिप कितनी जरूरी है, क्योंकि इसके बिना दुनिया का कोई भी आधुनिक सिस्टम नहीं चल सकता।



पीएम ने कहा कि भारत ने आत्मनिर्भर बनने की दिशा में सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में कदम बढ़ाया है। देश में 3 प्लांट शुरू हो चुके हैं और वहां से चिप का एक्सपोर्ट भी शुरू हो गया है।



2047 तक 100 गीगावॉट ऊर्जा क्षमता हासिल करने का लक्ष्य

पीएम ने कहा- आज के दौर में ऊर्जा की जरूरत पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गई है। इसके बिना आधुनिक दुनिया को चलाना मुश्किल है। देश को बड़ी मात्रा में बिजली की जरूरत है, इसलिए एनर्जी सिक्योरिटी यानी ऊर्जा की सुरक्षा समय की सबसे बड़ी जरूरत बन गई है।



उन्होंने कहा कि भारत इस दिशा में लगातार कदम उठा रहा है। इसके लिए संसद में शांति एक्ट पास किया गया है और 2047 तक 100 गीगावॉट ऊर्जा क्षमता हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है।



तेल और गैस के नए भंडार खोजने का चल रहा काम

पीएम ने कहा- आज भी भारत को कच्चे तेल के लिए दूसरे देशों पर निर्भर रहना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यह पहले की गलत नीतियों का नतीजा है।



उन्होंने बताया कि समुद्र तट के करीब 99 प्रतिशत हिस्से को नो-गो एरिया घोषित कर दिया गया था, लेकिन अब सरकार ने इस सोच को बदलते हुए इन क्षेत्रों को खोलने का फैसला किया है।



पीएम ने कहा कि अब समुद्र के अंदर तेल और गैस के नए भंडार खोजने का काम किया जा रहा है। पिछले साल समुद्र मंथन अभियान की शुरुआत की गई और इसके लिए 85 हजार करोड़ रुपए के निवेश की घोषणा की गई।



b46e92d3-7ca


लोग अतिरिक्त बिजली बेचकर कमाई भी कर रहे

पीएम ने कहा- 2014 से पहले देश के सिर्फ 70 शहरों में पाइप से गैस पहुंचती थी। पिछले 12 साल में इसका विस्तार तेजी से हुआ है और अब 700 शहरों के करीब पौने दो करोड़ घरों तक पाइप से गैस पहुंचाई जा रही है।



उन्होंने कहा कि 2014 से पहले भारत की सोलर एनर्जी क्षमता सिर्फ 2 गीगावॉट थी, जो अब बढ़कर 160 गीगावॉट हो गई है।



पीएम ने बताया कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के जरिए घरों में सोलर पैनल लगाने का काम तेजी से चल रहा है। अब तक 50 लाख घरों में सोलर एनर्जी का काम आगे बढ़ रहा है। इससे कई परिवारों का बिजली बिल जीरो हो गया है और लोग अतिरिक्त बिजली बेचकर कमाई भी कर रहे हैं।



भारत ने रेलवे के क्षेत्र में बड़ा बदलाव किया

पीएम ने कहा- भारत ने रेलवे के क्षेत्र में बड़ा बदलाव किया है। अब तक देश में करीब 70 प्रतिशत रेलवे लाइनों का इलेक्ट्रिफिकेशन किया जा चुका है। बिजली से ट्रेनें चलने से पर्यावरण को भी फायदा हुआ है।



उन्होंने कहा कि भारत ने हाइड्रोजन से चलने वाली अपनी पहली ट्रेन भी शुरू कर दी है। यह देश की सबसे लंबी हाइड्रोजन ट्रेन है, जो स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में एक बड़ा कदम है।



वैश्विक संकट में भी देश किसानों के साथ खड़ा

पीएम ने कहा- कोरोना महामारी और रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान कुछ लोगों ने देश को डराने की कोशिश की। कहा गया कि भारत में वैक्सीन नहीं मिलेगी, डीजल, गैस और खाद की कमी हो जाएगी।



उन्होंने कहा कि लेकिन पिछले 12 साल में बनाई गई योजनाओं का असर अब दिख रहा है। इतनी बड़ी चुनौतियों के बावजूद देश में गैस, पेट्रोल और यूरिया की उपलब्धता बनी रही।



पीएम ने कहा कि दुनिया में आए इन संकटों का असर हर देश पर पड़ा है। जहां अंतरराष्ट्रीय बाजार में यूरिया करीब 3000 रुपए तक मिल रहा है, वहीं भारत किसानों को इसे करीब 300 रुपए में उपलब्ध करा रहा है। इसी तरह डीएपी खाद भी 1350 रुपए में दी जा रही है।



आत्मनिर्भर भारत की बात

पीएम ने कहा- जब हम आत्मनिर्भर भारत की बात करते थे, तब कुछ लोग सवाल उठाते थे। वे कहते थे कि ग्लोबलाइजेशन के दौर में आत्मनिर्भरता की जरूरत क्या है। लेकिन अब ऐसे लोग नजर नहीं आते।



उन्होंने कहा कि आज दुनिया में कई देश अपनी ताकत और संसाधनों का इस्तेमाल दबाव बनाने के लिए कर रहे हैं। ऐसे समय में अगर भारत आत्मनिर्भरता के रास्ते पर आगे नहीं बढ़ता, तो इन चुनौतियों का सामना करना मुश्किल होता।



दुनिया भारत की ताकत को पहचानने लगी है

पीएम ने कहा- आज दुनिया भारत की ताकत और क्षमता को पहचानने लगी है। भारत के पास स्थिर सरकार, मजबूत न्याय व्यवस्था और अपना संविधान है, जो देश को मजबूती देते हैं।



उन्होंने कहा कि अब भारत कई देशों के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) और व्यापार समझौते कर रहा है। इसका मकसद है कि भारत में बने उत्पाद दुनिया के बाजारों तक पहुंचें।



पीएम ने कहा कि चाहे कपड़ा उद्योग हो, मशीनें हों या दवाइयां, भारत हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकता है। पंजाब के लुधियाना से लेकर तमिलनाडु के तिरुपुर तक का टेक्सटाइल सेक्टर पूरी दुनिया में अपनी जगह बना सकता है।



महिलाओं की ताकत पर पूरा भरोसा

पीएम ने कहा- मुझे देश के किसानों, युवाओं और महिलाओं की ताकत पर पूरा भरोसा है। इनके प्रयासों से हम अपने बड़े लक्ष्यों को हासिल कर सकते हैं।



उन्होंने कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए हमें अपने काम करने के तरीके और काम की रफ्तार में बदलाव लाना होगा। सुधार यानी रिफॉर्म हमारे लिए सिर्फ एक नीति नहीं, बल्कि एक संकल्प है। भारत अब रिफॉर्म की राह पर तेजी से आगे बढ़ चुका है और हर व्यक्ति को अपनी सोच और लक्ष्य में बदलाव लाने की जरूरत है।



देश के सामने विकास की सप्तधारा

पीएम ने कहा- आज देश के सामने विकास की सप्तधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प है। आने वाले 5 से 7 साल में हम वह हासिल करना चाहते हैं, जो पिछले कई दशकों में नहीं हो पाया। इसके जरिए भारत को नई ताकत और नई रफ्तार मिलेगी।


उन्होंने कहा कि देश में मैन्युफैक्चरिंग को और मजबूत करना होगा। हमें छोटे-छोटे पुर्जों से लेकर पूरी चीजों के निर्माण तक अपनी क्षमता बढ़ानी होगी।


पीएम ने उद्योग जगत से अपील की कि भारत के उत्पादों की पहचान पूरी दुनिया में भरोसे और गुणवत्ता के साथ बने। ग्लोबल मार्केट में आगे बढ़ने के लिए क्वालिटी से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता।


पीएम ने कहा- विकास की सप्तधारा में दूसरी बड़ी ताकत हमारे किसान और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर हैं। हमें इस क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ना होगा।


उन्होंने कहा कि भारत के खान-पान, मसाले, फूल और फलों की पहचान पूरी दुनिया में बननी चाहिए। हमारे कृषि उत्पादों को ग्लोबल मार्केट तक पहुंचाने के लिए फूड प्रोडक्शन और प्रोसेसिंग को और मजबूत करना होगा।



तीसरी बड़ी ताकत टेक्नोलॉजी और इनोवेशन

पीएम ने कहा- विकास की सप्तधारा में तीसरी बड़ी ताकत टेक्नोलॉजी और इनोवेशन है। आज का दौर डेटा सेंटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और क्वांटम टेक्नोलॉजी का है। नई-नई तकनीकें हमारे सामने चुनौतियां भी ला रही हैं और नए अवसर भी दे रही हैं।


उन्होंने कहा कि भारत को इनोवेशन का बड़ा केंद्र बनना है। देश की डिजिटल पब्लिक टेक्नोलॉजी को दुनिया के हर कोने तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास करने होंगे।



सप्तधारा में चौथी बड़ी ताकत

पीएम ने कहा- विकास की सप्तधारा में चौथी बड़ी ताकत गति शक्ति है। देश में तेज और बेहतर कनेक्टिविटी को और मजबूत करना होगा।


उन्होंने कहा कि शहरों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ना होगा और परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाना होगा। साथ ही, हमारे बंदरगाहों को भी पोर्ट-लैंड डेवलपमेंट के साथ आगे बढ़ाने की जरूरत है, ताकि देश की रफ्तार और तेज हो सके।



सप्तधारा में पांचवीं बड़ी ताकत

पीएम मोदी ने कहा- विकास की सप्तधारा में पांचवीं बड़ी ताकत रक्षा शक्ति है। भारत ने डिफेंस के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में जो कदम उठाए हैं, उसे देश और दुनिया ने देखा है।


उन्होंने कहा कि आज साइबर सुरक्षा भी एक बड़ी चुनौती बन रही है। यह भी रक्षा का ही एक अहम हिस्सा है, जिसमें देश के युवाओं की प्रतिभा और क्षमता का बेहतर इस्तेमाल किया जा सकता है।



सप्तधारा में छठी बड़ी ताकत

पीएम ने कहा- विकास की सप्तधारा में छठी बड़ी ताकत ग्रीन इकोनॉमी और ब्लू इकोनॉमी है। भारत अब हरित ऊर्जा और पर्यावरण के अनुकूल विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।


उन्होंने कहा कि देश को ग्रीन हाइड्रोजन, रिन्यूएबल एनर्जी, ऊर्जा भंडारण, ग्रीन मोबिलिटी और ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनानी है।


पीएम ने कहा कि भारत सिर्फ समस्याओं की बात नहीं कर रहा, बल्कि उनके समाधान भी दे रहा है। ग्रीन मूवमेंट में देश अपनी ताकत के साथ आगे बढ़ रहा है।


उन्होंने कहा कि ब्लू इकोनॉमी के क्षेत्र में भी भारत के पास लंबा समुद्री तट, मछली पालन, तटीय पर्यटन और समुद्री तकनीक जैसे कई अवसर हैं, जिनमें देश तेजी से आगे बढ़ सकता है।



सप्तधारा में सातवीं बड़ी ताकत

पीएम ने कहा- विकास की सप्तधारा में सातवीं बड़ी ताकत भारत की सॉफ्ट पावर है। योग ने पूरी दुनिया को भारत से जोड़ने का काम किया है।


उन्होंने कहा कि भारत के पास अपनी संस्कृति और परंपराओं की बड़ी ताकत है। हमारे आस्था के केंद्र, आयुर्वेद, होलिस्टिक हेल्थकेयर, हीलिंग से जुड़े प्रयास, हस्तशिल्प, फिल्में, गेमिंग, क्रिएटिव इंडस्ट्री, वीएफएक्स, एनीमेशन और डिजिटल कंटेंट जैसे क्षेत्र दुनिया में अपनी पहचान बना सकते हैं।


पीएम ने कहा कि हमें इन क्षेत्रों को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाना होगा और भारत की सांस्कृतिक ताकत को दुनिया के सामने मजबूती से पेश करना होगा। उन्होंने कहा कि आज दुनिया भारत के वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड एंटरटेनमेंट समिट का इंतजार कर रही है।



भारत की एक बैंक दुनिया की टॉप 5 बैंकों में शामिल होनी चाहिए

पीएम ने कहा- आने वाले समय में हमारा लक्ष्य होना चाहिए कि फॉर्च्यून 500 की सूची में भारत की 50 कंपनियां शामिल हों।


उन्होंने कहा कि भारत की एक बैंक दुनिया की टॉप 5 बैंकों में शामिल होनी चाहिए। साथ ही, भारत की कंसल्टिंग और अकाउंटिंग फर्म्स को भी दुनिया में शीर्ष स्थान हासिल करना चाहिए।



ये खबरें भी पढ़िए...



Independence Day: पीएम मोदी का Gen Z को गिफ्ट, मिलेगी फ्री कोचिंग और AI ट्रेनिंग



80th Independence Day: लाल किले से पीएम मोदी ने दिए युवाओं को 10 बड़े गिफ्ट



जयपुरिया साफे से बंधेज पगड़ी तक: पीएम मोदी के 15 अगस्त के 12 सबसे चर्चित लुक्स



क्या बीजेपी को भी सताने लगा है कांग्रेस बनने का डर? पीएम मोदी से मिले शिवराज, वीडी शर्मा, तोमर



Tags:
  • पीएम मोदी
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
  • स्वतंत्रता दिवस
  • सोलर पैनल
  • वोकल फॉर लोकल
  • राष्ट्रगीत वंदे मातरम्