82% भारतीय कर्मचारी AI को मान रहे करियर का सुनहरा मौका, 68% बदलना चाहते हैं नौकरी
फाउंडइट के करियर रिसेट सर्वे 2027 में यह बात सामने आई है। सर्वे के मुताबिक, 68.4% इंडियन प्रोफेशनल नई नौकरी तलाशना चाहते हैं। वहीं, 82.1% कर्मचारी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI को करियर के लिए अच्छा अवसर मानते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, कर्मचारियों को लगता है कि नई तकनीक सीखने से भविष्य में आगे बढ़ने के मौके मिलेंगे। यही वजह है कि कई प्रोफेशनल अभी से नई स्किल्स सीख रहे हैं। सर्वे में सैलरी बढ़ने की उम्मीद भी सामने आई है। 31.2% कर्मचारी नौकरी बदलने पर 31 से 50% तक सैलरी बढ़ने की उम्मीद कर रहे हैं।
68% कर्मचारी बदलना चाहते हैं नौकरी
सर्वे के मुताबिक, 68.4% प्रोफेशनल्स नई नौकरी की तलाश में हैं। ये लोग अपनी मौजूदा नौकरी छोड़कर बेहतर अवसर चाहते हैं। इसके पीछे कई कारण हैं। कुछ कर्मचारी बेहतर पद और करियर में आगे बढ़ने का मौका चाहते हैं। वहीं, कुछ लोग ज्यादा सैलरी की उम्मीद कर रहे हैं। कई कर्मचारी काम और निजी जिंदगी के बीच बेहतर तालमेल चाहते हैं।
सर्वे में 18.1% लोगों ने अलग राय रखी है। ये कर्मचारी अपनी मौजूदा नौकरी में बने रहना चाहते हैं। हालांकि, वे दूसरी कंपनियों में मिलने वाले अवसर भी देखते रहेंगे। वहीं, सिर्फ 3.7% कर्मचारी अपनी मौजूदा कंपनी में ही आगे बढ़ना चाहते हैं। इसके अलावा 12.9% लोगों ने कहा कि वे केवल ज्यादा सैलरी के लिए नौकरी नहीं बदलेंगे।
नौकरी बदलने की सबसे बड़ी वजह बेहतर करियर ग्रोथ
सर्वे में कर्मचारियों से नौकरी बदलने की वजह भी पूछी गई। इसमें सबसे ज्यादा लोगों ने बेहतर करियर ग्रोथ को प्राथमिकता दी। करीब 40.3% कर्मचारी बेहतर करियर बनाने के लिए नौकरी बदलना चाहते हैं। वहीं, 29.7% लोगों के लिए ज्यादा सैलरी सबसे बड़ी वजह है। इसके अलावा 20.3% कर्मचारी बेहतर वर्क-लाइफ बैलेंस चाहते हैं। यानी वे नौकरी के साथ परिवार और निजी जिंदगी को भी समय देना चाहते हैं।
वहीं, 7% लोगों ने ज्यादा डॉब सिक्योरिटी को नौकरी बदलने की वजह बताया। 2.7% कर्मचारी बेहतर मैनेजमेंट और कामकाज के माहौल की तलाश में हैं। इससे साफ है कि अब कर्मचारी सिर्फ सैलरी को महत्व नहीं दे रहे। वे नौकरी में बेहतर माहौल और आगे बढ़ने के मौके भी चाहते हैं।
नौकरी बदलने पर कितनी सैलरी बढ़ने की उम्मीद?
नई नौकरी तलाशने वाले कर्मचारियों को सैलरी बढ़ने की भी उम्मीद है। सर्वे में लोगों से पूछा गया कि नौकरी बदलने पर कितनी सैलरी बढ़नी चाहिए। इसमें 31.2% कर्मचारियों ने 31 से 50% तक सैलरी बढ़ने की उम्मीद जताई। वहीं, 29.4% लोग 20 से 30% तक सैलरी बढ़ना चाहते हैं।
इसके अलावा 6.2% कर्मचारियों को 20% से कम वेतन वृद्धि भी मंजूर है। वहीं, 0.4% लोग 50% से ज्यादा सैलरी बढ़ने की उम्मीद कर रहे हैं। इन आंकड़ों से पता चलता है कि कर्मचारी नई नौकरी में बेहतर कमाई चाहते हैं। वे नौकरी बदलने को अपनी आर्थिक स्थिति सुधारने का मौका भी मान रहे हैं।
AI को करियर के लिए अच्छा मौका मान रहे कर्मचारी
सर्वे में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI को लेकर भी कर्मचारियों की राय सामने आई है। ज्यादातर प्रोफेशनल्स इसे अपने करियर के लिए अच्छा अवसर मानते हैं। सर्वे के मुताबिक, 82.1% कर्मचारी AI को करियर के लिए सकारात्मक बदलाव मानते हैं। उन्हें लगता है कि नई तकनीक सीखने से भविष्य में आगे बढ़ने के मौके मिल सकते हैं।
वहीं, 67% प्रोफेशनल्स नई तकनीक और AI से जुड़ी स्किल्स सीख रहे हैं। वे खुद को आने वाले समय की जरूरतों के हिसाब से तैयार करना चाहते हैं। इसके अलावा 15.2% कर्मचारी AI को अवसर तो मानते हैं, लेकिन उन्होंने अभी कोई कदम नहीं उठाया है।
वहीं, 12.2% लोगों का मानना है कि AI इंसानों की भूमिका पूरी तरह खत्म नहीं करेगा। दूसरी ओर, 5.7% कर्मचारी इस बात को लेकर चिंतित हैं। उन्हें लगता है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेन्स के कारण करियर के नए अवसर कम हो सकते हैं।
94% लोगों को आसानी से अच्छी नौकरी मिलने का भरोसा
सर्वे में नौकरी मिलने को लेकर भी कर्मचारियों का भरोसा सामने आया है। करीब 94.1% लोगों को लगता है कि उन्हें आसानी से अच्छी नौकरी मिल सकती है। हालांकि, नौकरी तलाशने के दौरान कुछ परेशानियां भी सामने आती हैं। करीब 53% लोगों ने बताया कि नौकरी के लिए आवेदन करने के बाद जवाब नहीं मिलना बड़ी समस्या है। यानी नौकरी पाने का भरोसा होने के बावजूद आवेदन का जवाब नहीं मिलना परेशानी बढ़ा रहा है।
2027 में नौकरीपेशा लोगों की क्या रहेगी तैयारी?
सर्वे के आंकड़े बताते हैं कि 2027 में बड़ी संख्या में कर्मचारी नौकरी बदलने की तैयारी कर रहे हैं। वे बेहतर वेतन, अच्छे पद और कामकाज के बेहतर माहौल की तलाश में हैं। वहीं, AI और नई तकनीक सीखने पर भी उनका ध्यान बढ़ रहा है। कर्मचारी समझ रहे हैं कि आने वाले समय में नई स्किल्स की जरूरत बढ़ सकती है। ऐसे में वे खुद को पहले से तैयार करना चाहते हैं। कुल मिलाकर सैलरीड एम्प्लॉई की प्राथमिकताएं बदल रही हैं। अब वे सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि बेहतर करियर और भविष्य की सुरक्षा भी चाहते हैं।
FAQs
- फाउंडइट के Career Reset Survey 2027 में क्या प्रमुख तथ्य सामने आए हैं?
सर्वे के अनुसार, 68.4% भारतीय प्रोफेशनल्स नई नौकरी तलाशना चाहते हैं, वहीं 82.1% कर्मचारी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को करियर के लिए अच्छा अवसर मानते हैं। - भारतीय कर्मचारी नौकरी क्यों बदलने की सोच रहे हैं?
करीब 40.3% कर्मचारी बेहतर करियर ग्रोथ की तलाश में नौकरी बदलना चाहते हैं, जबकि 29.7% लोग उच्च सैलरी की उम्मीद में नौकरी बदलने का मन बना रहे हैं। - कितनी सैलरी बढ़ने की उम्मीद करते हैं नौकरी बदलने वाले कर्मचारी?
सर्वे में, 31.2% कर्मचारी नौकरी बदलने पर 31 से 50% तक सैलरी बढ़ने की उम्मीद करते हैं।