IRCTC लाया 2026 का सबसे बड़ा धार्मिक टूर, 9 मार्च से चलेगी भारत गौरव ट्रेन, जानें पूरा रूट
News In Short
- यात्रा 9 मार्च 2026 को दिल्ली से शुरू होकर 18 मार्च 2026 को समाप्त होगी।
- रूट में वाराणसी, कोलकाता, गंगासागर, पुरी, भुवनेश्वर, कोणार्क और बाबा बैद्यनाथ धाम शामिल हैं।
- पैकेज में रहना, खाना, एसी बसें और यात्रा बीमा की सुविधा शामिल है।
- ट्रेन में केवल 150 सीटें उपलब्ध हैं, जिनकी बुकिंग IRCTC की वेबसाइट से होगी।
- तीन श्रेणियों में किराया 79 हजार 285 से 1 लाख 6 हजार 940 के बीच रखा गया है।
News In Detail
धार्मिक यात्रा की योजना बना रहे श्रद्धालुओं के लिए भारतीय रेलवे एक शानदार सौगात लेकर आया है। IRCTC की भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन अब पूर्वी भारत के दिव्य दर्शन कराने के लिए पटरी पर उतरने को तैयार है। अगर आप भी काशी विश्वनाथ से लेकर जगन्नाथ पुरी तक की यात्रा एक साथ करना चाहते हैं, तो यह खबर आपके लिए काम की है।
10 दिनों में 4 राज्यों का सफर
यह विशेष तीर्थ यात्रा कुल 10 दिनों की होगी। इसमें यात्रियों को उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। यात्रा के दौरान वाराणसी की गंगा आरती, कोलकाता का काली घाट, जगन्नाथ पुरी का मंदिर और बाबा बैद्यनाथ धाम के ज्योतिर्लिंग जैसे पवित्र स्थानों के दर्शन का सौभाग्य मिलेगा। यह सफर केवल भक्ति ही नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विविधता को भी करीब से देखने का मौका है।
9 मार्च को दिल्ली से शुरू होगा सफर
दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से यह ट्रेन 9 मार्च 2026 को अपनी यात्रा शुरू करेगी। IRCTC ने इस खास सफर के लिए करीब 150 यात्रियों के लिए सीटों की व्यवस्था की है। 10 दिनों तक विभिन्न पवित्र नगरों की सैर कराने के बाद, यह ट्रेन 18 मार्च 2026 को वापस दिल्ली लौटेगी। इस दौरान यात्री कोणार्क का सूर्य मंदिर, चिलिका झील और गंगासागर जैसे अद्वितीय स्थलों का भी आनंद ले सकेंगे।
शाही सुविधाओं के साथ आरामदायक यात्रा
भारत गौरव डीलक्स टूरिस्ट ट्रेन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। इसमें फर्स्ट, सेकंड और थर्ड एसी श्रेणियों के कोच (AC Coaches) उपलब्ध हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए पूरे पैकेज में होटल में ठहरने, वेजीटेरियन फ़ूड, यात्रा बीमा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। स्थानीय भ्रमण के लिए भी एसी बसों की व्यवस्था IRCTC(आईआरसीटीसी टूर पैकेज) की ओर से की जाएगी।
कैसा है किराए का गणित?
आईआरसीटीसी ने अलग-अलग बजट वाले यात्रियों के लिए तीन श्रेणियों में किराया निर्धारित किया है-
- फर्स्ट एसी: 1 लाख 6 हजार 940 प्रति यात्री
- सेकंड एसी : 98 हजार 925 प्रति यात्री
- थर्ड एसी: 79 हजार 285 प्रति यात्री
इच्छुक यात्री IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी सीट बुक कर सकते हैं। यह पैकेज उन लोगों के लिए बेहतरीन है जो बिना किसी भागदौड़ के सुकून भरी धार्मिक यात्रा करना चाहते हैं।
ये खबरें भी पढ़ें....
रेलवे का नया नियम, आईडी प्रूफ न होने पर पूरे ग्रुप का टिकट होगा रद्द
2026 में एमपी में धार्मिक यात्रा होगी आसान, शक्तिपीठों को जोड़ेगी नई सड़क
धार्मिक यात्रा पर हमलों पर भड़के धीरेंद्र शास्त्री, बोले- हिंदू न डरेगा और न झुकेगा
क्या हैं Vasundhara Raje की धार्मिक यात्रा के सियासी मायने, क्या शुरू कर दिया चुनावी काम ?