Weather Update: सर्दी और बारिश का डबल अटैक: MP-राजस्थान में कड़ाके की ठंड तो छत्तीसगढ़ में आंधी-बारिश का अलर्ट

Amresh Kushwaha | Published:
उत्तर और मध्य भारत में बढ़ती ठंड के बीच छत्तीसगढ़ में मौसम बदलने के आसार, जानिए तीनों राज्यों का हाल।
Amidst intensifying cold in North and Central India, the weather is expected to change in Chhattisgarh; find out the situation across these three states.
Weather Update 21 November 2026:नवंबर का महीना खत्म होने से पहले ही मौसम ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मध्य प्रदेश और राजस्थान में ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्म कपड़े निकालने पर मजबूर कर दिया है। वहीं, छत्तीसगढ़ में बारिश ने लोगों की दिनचर्या बिगाड़ दी है।

कहीं सुबह बिस्तर छोड़ना मुश्किल हो रहा है, तो कहीं घर से निकलते समय छाता साथ रखना पड़ रहा है। आइए जानते हैं तीनों राज्यों में आज मौसम का क्या हाल रहने वाला है।



मध्यप्रदेश मौसम रिपोर्ट - 21 नवंबर 2026

MP Weather update: (मध्यप्रदेश का मौसम): पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर अब मध्य प्रदेश में भी दिखने लगा है। प्रदेश के कई शहरों में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट हुई है। बीती रात शाजापुर और भोपाल सबसे ठंडे रहे। दिन में भी इन इलाकों में शीतलहर का असर देखने को मिला।



आज भी तेज सर्दी, 7 जिलों में बारिश-आंधी

शनिवार को भी प्रदेश में तेज ठंड रहने का अनुमान है। वहीं, पूर्वी मध्य प्रदेश के रीवा और शहडोल संभाग के जिलों में तूफान अकवान का असर देखने को मिल सकता है। मौसम केंद्र भोपाल के मुताबिक, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल और अनूपपुर में हल्की बारिश के साथ आंधी चल सकती है। वहीं राजगढ़ और शाजापुर में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।



गिरवर में सबसे ज्यादा ठंड, पारा 7.1 डिग्री

बीती रात प्रदेश के ज्यादातर शहरों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिरा। शाजापुर से जुड़े गिरवर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यहां नहर गुजरने और हरियाली ज्यादा होने की वजह से ठंड का असर ज्यादा रहता है।



भोपाल में 9 डिग्री, बैतूल में 9.2 डिग्री

प्रदेश में दूसरा सबसे ठंडा शहर भोपाल रहा। यहां रात का तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बैतूल में 9.2 डिग्री, रायसेन और धार में 9.4 डिग्री, जबकि दमोह में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा।



ज्यादातर शहरों में पारा 15 डिग्री या उससे नीचे

प्रदेश के ज्यादातर शहरों में रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे रहा। शुक्रवार को भोपाल, शाजापुर और रायसेन में शीतलहर का असर भी देखने को मिला।



CG Weather update: (छत्तीसगढ़ का मौसम): छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज फिर बदला हुआ है। प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, 21 नवंबर को कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, एक-दो जगहों पर भारी बारिश होने की भी संभावना है।



बारिश के साथ कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी रहेगा। मौसम विभाग ने 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है।



इन इलाकों में ज्यादा असर

ओडिशा और आंध्र प्रदेश के उत्तरी तटीय इलाकों में बने मौसम सिस्टम का असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल रहा है। खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं।



रायपुर में 9 डिग्री तक गिरा दिन का तापमान

बारिश और बादलों के कारण राजधानी रायपुर में दिन के तापमान में बड़ी गिरावट हुई है। 20 नवंबर को रायपुर का अधिकतम तापमान सिर्फ 21 डिग्री रहा, जो सामान्य से करीब 9 डिग्री कम है।



वहीं रात का तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.8 डिग्री ज्यादा रहा।



आज रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?

21 नवंबर को रायपुर में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। एक-दो जगह बारिश भी हो सकती है। दिन का तापमान करीब 25 डिग्री और रात का तापमान 19 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।



पेंड्रा रोड सबसे ठंडा

20 नवंबर को पेंड्रा रोड में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं अंबिकापुर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।



बिलासपुर और रायपुर में अच्छी बारिश

बारिश का असर कई जिलों में देखने को मिला। 20 नवंबर को शाम 5:30 बजे तक बिलासपुर में 37 मिमी बारिश दर्ज हुई। माना एयरपोर्ट पर 12.8 मिमी और रायपुर में 11.2 मिमी बारिश हुई।



इसके अलावा अंबिकापुर में 7.4 मिमी और पेंड्रा रोड में 6.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। महासमुंद, गरियाबंद, राजिम, बसना, छुरा और बागबाहरा समेत कई इलाकों में भी बारिश हुई।



23 नवंबर के आसपास फिर बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, 21 नवंबर को बारिश और तेज हवाओं का असर बना रह सकता है। इसके बाद 23 नवंबर के आसपास भी प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।



यानी आने वाले दिनों में बादल और बारिश का असर बना रहेगा। इसकी वजह से दिन के तापमान में और गिरावट आ सकती है और प्रदेश में ठंड का असर भी बढ़ सकता है।



राजस्थान मौसम रिपोर्ट - 21 नवंबर 2026

Rajasthan weather update: (राजस्थान का मौसम): राजस्थान में अब सर्दी अपना असर दिखाने लगी है। उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के कारण शुक्रवार को प्रदेश के 10 से ज्यादा शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया। सीकर के फतेहपुर में सबसे कम 5.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।



ठंडी हवा चलने से सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ गई है। अब लोग गर्म कपड़े पहनकर ही घर से निकल रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले एक सप्ताह तक आसमान साफ रहेगा और सर्दी का असर इसी तरह बना रह सकता है।



दिन में धूप, लेकिन ठंडी हवा का असर

पिछले 24 घंटे में राजस्थान के सभी शहरों में मौसम साफ रहा। सुबह से शाम तक धूप खिली रही, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट आई।



बाड़मेर, श्रीगंगानगर और पाली को छोड़ दें तो शुक्रवार को बाकी सभी शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे रहा। सबसे ज्यादा दिन का तापमान बाड़मेर में 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।



कई शहरों में पारा सामान्य से नीचे

ठंडी हवाओं का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। कोटा, अजमेर, पिलानी, उदयपुर, बीकानेर समेत कई शहरों में दिन और रात का तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया।



फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री रहा। वहीं सीकर में 6.5, माउंट आबू और नागौर में 7.9, भीलवाड़ा में 8.3 और सिरोही में 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके अलावा अलवर, चित्तौड़गढ़, चूरू, उदयपुर, पिलानी और टोंक में भी रात का पारा 10 डिग्री से नीचे रहा।



जयपुर में भी लगातार गिर रहा तापमान

राजधानी जयपुर में भी ठंडी हवाओं के चलते रात का तापमान लगातार नीचे जा रहा है। पिछले एक सप्ताह में न्यूनतम तापमान करीब 5 डिग्री तक गिरा है। 13 जून को जयपुर में रात का तापमान 18.4 डिग्री था, जो 20 नवंबर को घटकर 13.3 डिग्री तक पहुंच गया।



अब सुबह और रात में हल्की गलन महसूस होने लगी है। हालांकि, दिन में तेज धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत मिल रही है। शुक्रवार को जयपुर का अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा।



अगले दो दिन और बढ़ेगी सर्दी

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अगले दो दिन राजस्थान में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। इस दौरान तापमान में और गिरावट हो सकती है।



खासकर शेखावाटी और बीकानेर संभाग के इलाकों में रात के समय सर्दी और बढ़ने की संभावना है। यानी आने वाले दिनों में सुबह-शाम ठिठुरन और बढ़ सकती है।

Tags:
  • Weather Update
  • मौसम अपडेट
  • Cold Wave
  • कड़ाके की ठंड
  • Rain Alert