मुकेश अंबानी को फिर जान से मारने की धमकी, मेल भेजकर मांगे 20 करोड़, पुलिस जांच में जुटी

Rahul Garhwal | Oct 28, 2023, 24:00 IST
मुकेश अंबानी को फिर जान से मारने की धमकी, मेल भेजकर मांगे 20 करोड़, पुलिस जांच में जुटी
मुकेश अंबानी को फिर जान से मारने से धमकी मिली है। अज्ञात शख्स ने उन्हें एक ईमेल भेजकर 20 करोड़ रुपए की मांग की है, ना देने पर गोली मारने की धमकी दी है।

MUMBAI. प्रसिद्ध उद्योगपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी को फिर जान से मारने से धमकी मिली है। अज्ञात शख्स ने उन्हें एक ईमेल भेजकर 20 करोड़ रुपए की मांग की है, ना देने पर गोली मारने की धमकी दी है। इसमें कहा है कि अंबानी को देश के बेस्ट शूटर्स से शूट करा देगा। सूत्रों के मुताबिक, अंबानी को ये धमकी गुरुवार (27 अक्टूबर) शाम को मिली।



ईमेल में क्या लिखा है ?



ईमेल में लिखा था,'IF you don’t give us 20 crore rupees, we will kill you, we have the best shooters in india' इस ईमेल के मिलने के बाद मुकेश अंबानी के सिक्योरिटी इंचार्ज की शिकायत के आधार पर मुंबई के गामदेवी थाने में अज्ञात शख्स के खिलाफ IPC की धारा 387 और 506 (2) के तहत FIR दर्ज किया है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्दी ही आरोपी का पता लगा लिया जाएगा।



Z प्लस सुरक्षा में अंबानी खुद उठाते हैं खर्च



अंबानी और उनके परिवार को इससे पहले भी कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। इसके चलते पिछले साल 29 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उनकी सिक्योरिटी Z कैटेगरी से बढ़ाकर Z प्लस कर दी थी। सिक्योरिटी पर आने वाले खर्च का भुगतान मुकेश अंबानी करते हैं। ये खर्च 40 से 45 लाख रुपए महीना होता है।



पहले भी कई बार अंबानी को मिल चुकी है धमकी



10 जनवरी 2023



मुंबई के धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। मुंबई पुलिस ने बताया था कि स्कूल के लैंडलाइन पर शाम साढ़े 4 बजे एक कॉल आई। फोन करने वाले ने स्कूल में टाइम बम लगाने का दावा किया था। इसके बाद फोन डिस्कनेक्ट हो गया था।



5 अक्टूबर 2022



रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। हॉस्पिटल के लैंडलाइन नंबर पर अनजान शख्स का 2 बार कॉल आया, जिसमें कॉलर ने अंबानी परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पहली बार कॉल दोपहर करीब 1 बजे आया और दूसरा कॉल शाम 5 बजे आया। इसके बाद से अस्पताल और एंटीलिया (मुकेश अंबानी का घर) की सुरक्षा बढ़ा दी गई।



15 अगस्त 2022



मुकेश अंबानी के परिवार को जान से मारने की धमकी मिली थी। मुंबई पुलिस के अनुसार, रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल के डिस्प्ले नंबर पर धमकी भरे फोन कॉल किए गए। कॉलर ने धमकी देते हुए कहा कि उनके पूरे परिवार को 3 घंटे में खत्म कर दिया जाएगा। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को अरेस्ट किया था।



ये खबर भी पढ़िए..



अब प्याज में लगी महंगाई की आग, दिल्ली में भाव 90 रुपये किलो तक पहुंचे, मप्र के कई शहरों में हुआ 60 पार



फरवरी 2021 में एंटीलिया के पास मिली थी विस्फोटक भरी कार



फरवरी 2021 में एंटीलिया के बाहर से विस्फोटक से लदी एक SUV कार बरामद की गई थी। इसमें 20 जिलेटिन की छड़ें और एक चिट्‌ठी मिली थी। चिट्ठी में मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी को धमकी दी गई थी। इस केस में मुंबई पुलिस के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट सचिन वझे का नाम आया था। अभी NIA इस केस की जांच कर रही है।



Tags:
  • Threat to Mukesh Ambani
  • मुकेश अंबानी को धमकी
  • Chairman of Reliance Industries
  • Threat to Ambani on e-mail
  • Demand for 20 crores from Ambani
  • Security of Ambani
  • रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन
  • ई-मेल पर अंबानी को धमकी
  • अंबानी से मांगे 20 करोड़
  • अंबानी की सुरक्षा