NEET Re-Exam 2026: नागपुर के छात्र को मिला अबू धाबी का परीक्षा केंद्र
नीट पेपर लीक विवाद के बाद एनटीए 21 जून यानी रविवार को नीट की दोबारा परीक्षा कराने जा रहा है। इस परीक्षा में देशभर से करीब 22 लाख छात्र शामिल हो रहे हैं। परीक्षा से ठीक पहले NTA की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है।
एजेंसी द्वारा जारी नए एडमिट कार्ड में नागपुर के एक छात्र को सीधे यूएई (UAE) के अबू धाबी में परीक्षा केंद्र दे दिया गया है। इस गड़बड़ी के बाद अब NTA की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
नागपुर के रहने वाले छात्र अब्दुल्ला ने दोबारा होने वाली नीट परीक्षा के लिए आवेदन किया था। उसने परीक्षा केंद्र के लिए नागपुर, वर्धा या भंडारा का विकल्प चुना था। अब्दुल्ला का जब एडमिट कार्ड जारी हुआ, तो उसमें परीक्षा केंद्र संयुक्त अरब अमीरात (UAE) का अबूधाबी शहर था।
हैरान करने वाली बात यह है कि छात्र अब्दुल्ला के पास पासपोर्ट भी नहीं है। ऐसे में बिना पासपोर्ट के उसका परीक्षा देने के लिए विदेश जाना नामुमकिन है। अगर समय रहते उसका परीक्षा केंद्र नहीं बदला गया, तो वह परीक्षा से वंचित रह जाएगा। इससे छात्र का पूरा एक साल बर्बाद होने की आशंका बनी हुई है।
छात्र के पिता ने उठाए गंभीर सवाल
अब्दुल्ला के पिता डॉ. मोहम्मद तालिब ने NTA की इस व्यवस्था पर कड़े सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि जिस छात्र ने तीन मई को हुई NEET की मूल परीक्षा नागपुर में दी थी। फिर उसे री-एग्जाम के लिए अबूधाबी का केंद्र कैसे आवंटित किया जा सकता है?
डॉ. तालिब ने नागपुर में मीडिया से बात करते हुए अपनी परेशानी साझा की। उन्होंने बताया कि वे 14 तारीख से लगातार एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन वह डाउनलोड नहीं हो पा रहा था।
काफी प्रयासों के बाद शुक्रवार, 19 जून को एडमिट कार्ड डाउनलोड हुआ। एडमिट कार्ड पर परीक्षा केंद्र अबूधाबी देखते ही उनके होश उड़ गए।
NTA हेल्पलाइन पर शिकायत और मिला आश्वासन
केंद्र की इस बड़ी गड़बड़ी को देखने के बाद डॉ. तालिब ने तुरंत NTA की हेल्पलाइन पर संपर्क किया है। एनटीए अधिकारियों के निर्देश के बाद उन्होंने परीक्षा केंद्र बदलने के लिए एक ई-मेल भी भेजा है।
डॉ. तालिब के मुताबिक, अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया है कि शनिवार 20 जून की शाम 4 बजे तक परीक्षा केंद्र बदलकर नागपुर कर दिया जाएगा। छात्र के पिता ने उम्मीद जताई है कि NTA अपने इस वादे को निभाएगा और उनके बेटे का भविष्य खराब होने से बच जाएगा।
मामले पर NTA की प्रतिक्रिया
इस पूरे मामले के सोशल मीडिया पर तूल पकड़ने के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। एनटीए ने सोशल मीडिया के माध्यम से बताया कि छात्र की शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है। एजेंसी ने कहा कि उचित वेरिफिकेशन करने के बाद अगले कुछ घंटों के भीतर ही उम्मीदवार को नागपुर में नया परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया जाएगा।
फिलहाल छात्र और उसका परिवार NTA के इस वादे के पूरा होने का इंतजार कर रहा है, ताकि रविवार को होने वाली परीक्षा में अब्दुल्ला शामिल हो सके।
राहुल गांधी ने एनटीए से मांगा जवाब
ये मुद्दा चर्चा में आने के बाद विपक्ष ने इसे सोशल मीडिया पर उठाना शुरू कर दिया है। एक तरफ लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एनटीए से जवाब मांगा है तो वहीं शिवसेना (UBT) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने भी इसे छात्र के लिए मानसिक तनाव बताया है।
राहुल गांधी ने एनटीए से पूछा कि आखिर ऐसा हुआ भी कैसे? कल किसी भी छात्र को सेंटर तक न पहुंच पाने की शिकायत नहीं होनी चाहिए। एनटीए असल में देश के बच्चों और उनके माता-पिता का सिर्फ धीरज test कर रही है। उनका कहना है जो सिस्टम एक बच्चे को अपने ही शहर में एक सेंटर नहीं दे सकती, उल्टा विदेश भेज सकती है- उसे परीक्षा करवाने का कोई हक नहीं।
प्रियंका चतुर्वेदी ने भी साधा निशाना
शिवसेना यूबीटी नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने भी एनटीए की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अगर दोबारा परीक्षा का तनाव कम नहीं था, तो अब नागपुर के एक छात्र को परीक्षा केंद्र के तौर पर अबू धाबीअलॉट होने का मामला सामने आया है।
ये खबरें भी पढ़ें...
NEET Re-Exam 2026: जेल में बंद छात्र भी देगा परीक्षा, हाईकोर्ट ने दी अनुमति
NEET Re-exam 2026 के लिए NTA अब सीधे व्हाट्सएप पर भेजेगा ऑफिशियल अपडेट्स
NEET Re-exam 2026: छात्रों के लिए इंदौर-भोपाल-रतलाम के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन
RE-NEET 2026: अलर्ट मोड़ पर खुफिया विभाग, जयपुर में 30 संदिग्धों से पूछताछ