औंधे मुंह गिरा शेयर बाजार, निवेशकों के 7 लाख करोड़ रुपए डूबे... इधर SBI ने किया कमाल

Marut raj | May 09, 2024, 20:00 IST
Nifty Fall Stock Market Sensex National Stock Exchange SBI द सूत्र
लोकसभा चुनाव के नतीजों को लेकर निवेशकों में अनिश्चितता बढ़ गई है। गुरुवार को निफ्टी में 345 अंक तथा सेंसेक्स में 1062 अंक की भारी गिरावट दर्ज की गई है।

मुंबई. शेयर बाजार एक बार फिर औंधे मुंह गिरा। गुरुवार यानी 9 मई को निवेशकों के 7.6 लाख करोड़ रुपए डूब गए। इस तरह शेयर बाजार में मई के महीने की दूसरी सबसे बड़ी गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 1062 अंक गिरकर 72,404 पर बंद हुआ। वहीं, 3 मई को सेसेंक्स 1139 पॉइंट्स गिरा था।



इधर, निफ्टी में 345 अंक की गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी 21,957 पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 25 में गिरावट और 5 में तेजी देखने को मिली।


बाजार की इस उठापटक से निवेशकों को भारी नुकसान हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज ( BSE ) में कंपनियों का बाजार कैप 400 लाख करोड़ रुपए से गिरकर 393.34 लाख करोड़ रुपए पर आ गया। बुधवार को इन कंपनियों का मार्केट कैप 400.97 लाख करोड़ रुपए था।



क्या रही बाजार की चाल


नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ( NSE ) के भी सभी सेक्टर्स में गिरावट दिखने में आई है। निफ्टी ऑटो में 0.78% की तेजी दर्ज की गई। इसके उलट ऑयल एंड गैस सेक्टर में 3.15% की गिरावट रिकॉर्ड की गई। इसी तरह FMCG में 2.47 फीसदी, रियल्टी में 2.23 प्रतिशत और मेटल में 2.87 प्रतिशत की गिरावट देखी गई।



गिरावट की दो बड़ी वजह ये


दरअसल, माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव के नतीजों को लेकर निवेशकों में अनिश्चितता बढ़ गई है। तिमाही के नतीजों में भी कंपनियों के प्रदर्शन से बाजार की धारणा बदली है। वहीं, विदेशी निवेशक इस महीने बिकवाली कर रहे हैं। उन्होंने गुरुवार तक कैश सेगमेंट में 15,863 करोड़ रुपए के शेयर बेचे हैं। इससे मार्केट पर दबाव और बढ़ गया है।



SBI ने किया कमाल


इधर, शेयर बाजार में गिरावट के बीच एसबीआई ( SBI result ) ने अपनी चौथी तिमाही का रिजल्ट जारी किया है। देश के सबसे बड़े बैंक का जनवरी-मार्च तिमाही में नेट प्रॉफिट 24 प्रतिशत दर्ज किया गया है। बैंक ने 20,698 करोड़ रुपए प्रॉफिट बनाया। पिछले साल इसी तिमाही में बैंक का प्रॉफिट 16,694 करोड़ रुपए दर्ज किया गया था।



निवेशकों को होगा फायदा


बैंक के बोर्ड ने प्रति शेयर 13.70 रुपए का डिविडेंड देने की सिफारिश की है। इसके लिए 22 मई का दिन मुकर्रर किया गया है। डिविडेंड का भुगतान 5 जून को होगा। मार्च तिमाही में बैंक की इंटरेस्ट से कमाई 19 फीसदी की तेजी के साथ 1,11,043 करोड़ रुपए रही है, जो एक साल पहले 92,951 करोड़ थी।



Tags:
  • BSE
  • एसबीआई
  • बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज
  • शेयर बाजार में गिरावट
  • SBI result