लोकसभा में बोले राहुल गांधी- Women Reservation Bill राष्ट्र विरोधी कृत्य से कम नहीं
लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम समेत तीन अहम बिलों पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी का एक अलग अंदाज देखने को मिला। उन्होंने दो टूक कहा कि यह असल में महिला आरक्षण बिल है ही नहीं और इसका महिलाओं की भलाई से कोई लेना-देना नहीं है।
राहुल ने साफ किया कि परिसीमन (Delimitation) जैसी शर्तों से महिलाओं का सशक्तिकरण नहीं होने वाला है। उन्होंने सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि आप पुराना बिल लेकर आइए, हम उसका पूरा समर्थन करेंगे।
यह राष्ट्रविरोधी कृत्य से कम नहीं- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने भाजपा पर कड़ा हमला बोलते हुए कहा, आप देश की राजनीति में अपनी गिरती साख और खिसकती सत्ता से डर गए हैं। इसी डर की वजह से आप भारत के राजनीतिक नक्शे को मनमर्जी से बदलने की कोशिश कर रहे हैं। पहले आपने असम और जम्मू-कश्मीर में यह खेल खेला, और अब आप इसे पूरे देश में दोहराना चाहते हैं।
सत्ता में बने रहने के लिए आप दक्षिण भारत और उत्तर-पूर्व जैसे छोटे राज्यों का हक छीनना चाहते हैं। यह कदम किसी राष्ट्रविरोधी कृत्य (Anti-national act) से कम नहीं है। हम आपके इस मंसूबे को कभी कामयाब नहीं होने देंगे।
पूरा विपक्ष मिलकर इस बिल को गिराएगा
कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि सरकार ओबीसी की अधिकार छीन रही है। ये बिल पिछड़े-दलितों के खिलाफ है। आप ओबीसी-दलितों का अधिकार छीन रहे हैं। पूरा विपक्ष मिलकर इस बिल को गिराएगा।
सरकार जाति जनगणना को दबाना चाहती है
लोकसभा में महिला आरक्षण, परिसीमन और संघ राज्य विधि से जुड़े तीन अहम संशोधनों पर चर्चा करते हुए राहुल गांधी ने सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर जाति जनगणना (Caste Census) की बात को दबा रही है।
राहुल ने सदन में सच्चाई बताते हुए कहा कि यह नया बिल महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए नहीं है, असली महिला आरक्षण बिल तो वह था जो 2023 में पास हुआ था। राहुल ने कहा महिलाओं के नाम पर राजनीति करके असल में जाति जनगणना के मुद्दे को दरकिनार किया जा रहा है।
बचपन का किस्सा किया याद
राहुल ने अपनी बहन प्रियंका गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि जो मुकाम मैंने 20 साल में हासिल नहीं किया, वो प्रियंका ने महज 5 साल में कर दिखाया। अपनी बात रखते हुए राहुल ने गृह मंत्री अमित शाह की ओर इशारा करते हुए चुटकी भी ली कि प्रियंका की सफलता की बात सुनकर अमित जी भी मुस्कुरा रहे हैं।
उन्होंने अपने बचपन का एक दिलचस्प किस्सा साझा करते हुए बताया, जब मैं छोटा था, तो मुझे अंधेरे से बहुत डर लगता था। हमारे घर में एक बड़ा कुत्ता था जो अक्सर मुझ पर और प्रियंका पर हमला कर देता था, इस डर से हम रात में गार्डन की तरफ जाने से भी घबराते थे।
राहुल ने बताया कि जब दादी (इंदिरा गांधी) को इस डर का पता चला, तो उन्होंने उन्हें एक बड़ी सीख दी। उन्होंने सदन में कहा कि वह यह बात इसलिए बता रहे हैं क्योंकि निडरता का यह सबक उन्हें उनकी दादी ने ही सिखाया था।
इसी कड़ी में राहुल गांधी ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, प्रधानमंत्री और मेरे बीच पत्नी को लेकर कोई समस्या नहीं है।
ये खबरें भी पढ़ें....
संसद में बहस के बीच देशभर में 33% महिला आरक्षण लागू, आधी रात नोटिफिकेशन जारी
महिला आरक्षण पर बड़ा दांव: 2029 से बदलेगा चुनावी गणित, MP में बढ़ेंगी सीटें
महिला आरक्षण पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने विपक्ष को जमकर घेरा
राहुल गांधी vs कार्तिकेय चौहान केस में नया मोड़: हाईकोर्ट ने मांगी पूरी रिकॉर्ड फाइल