रेलवे में वेटिंग टिकट कन्फर्म होगी या नहीं? अब एआई देगा सटीक जानकारी
भारतीय रेलवे अपने चार दशक पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) का पूरी तरह कायाकल्प (Rejuvenation) करने जा रहा है। अब यात्रियों को यह अनुमान लगाने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा कि उनकी वेटिंग टिकट कन्फर्म होगी या नहीं।
नया सिस्टम एआई से लैस होगा, जो डेटा का सटीक विश्लेषण करके टिकट कन्फर्मेशन की संभावना बताएगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हाल ही में अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की और निर्देश दिए कि अगस्त से ट्रेनों को इस नए हाईटेक मॉड्यूल पर शिफ्ट करने का काम शुरू कर दिया जाए।
रिजर्वेशन सिस्टम में तकनीकी बदलाव
वर्तमान रिजर्वेशन सिस्टम की शुरुआत 1986 में हुई थी। पिछले 40 सालों में टेक्नोलॉजी काफी बदल चुकी है, लेकिन इस सिस्टम में कई छोटे बदलाव तो किए गए, लेकिन बुनियादी ढांचा वही पुराना ही था। अब इसे नई टेक्नोलॉजी की मदद से अपडेट किया गया है ताकि बुकिंग के दौरान बढ़े हुए लोड को आसानी से हैंडल किया जा सके और सिस्टम की कार्यक्षमता (Efficiency) को कई गुना बढ़ाया जा सके।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह भी साफ किया है कि इस बदलाव के दौरान यात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए और पूरी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहनी चाहिए।
रेल वन ऐप डिजिटल क्रांति की नई पहचान
रेलवे के डिजिटल सफर में रेल वन ऐप (railone app) एक गेम चेंजर साबित हुआ है। पिछले साल जुलाई में लॉन्च हुए इस ऐप ने सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। एक साल से भी कम समय में इसे 3.5 करोड़ से ज्यादा बार डाउनलोड किया जा चुका है।
आंकड़ों के मताबिक, गूगल प्ले स्टोर से 3.16 करोड़ और एप्पल स्टोर से इसे करीब 33.17 लाख बार डाउनलोड किया गया है। आज आलम यह है कि देश की कुल टिकटिंग डिमांड का लगभग 88% हिस्सा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए पूरा हो रहा है।
RailOne App का ऐसे करें इस्तेमाल
RailOne ऐप का इस्तेमाल करना बेहद आसान है। सबसे पहले इसे Play Store या App Store से इंस्टॉल करें और अपने मोबाइल नंबर पर आए OTP के जरिए वेरिफिकेशन पूरा करें।
सुरक्षा के लिए आप इसमें mPIN या फिंगरप्रिंट लॉक सेट कर सकते हैं और अपनी सुविधा के अनुसार R-Wallet एक्टिव करके उसमें पैसे भी जोड़ सकते हैं।
इस ऐप की मदद से आप न केवल टिकट बुक कर सकते हैं, बल्कि PNR स्टेटस, ट्रेन अलर्ट और रिफंड से जुड़ी तमाम जानकारियां भी समय पर हासिल कर सकते हैं।
किराए में राहत मिलेगी
इंडियन रेलवे केवल तकनीक ही नहीं, बल्कि आम आदमी की जेब का भी ख्याल रख रही है। फाइनेंशियल ईयर 2024-25 के आंकड़ों के मुताबिक, रेलवे ने पैसेंजर टिकटों पर कुल 60 हजार 239 करोड़ रुपए की भारी सब्सिडी दी है।
इसका सीधा मतलब यह है कि हर रेल यात्री को किराए पर औसतन 43% की छूट मिल रही है। यदि रेलवे किसी यात्री को मंजिल तक पहुंचाने में 100 रुपए खर्च करता है, तो बदले में वह यात्री से मात्र 57 रुपए ही वसूलता है।
ये खबरें भी पढ़ें...
MP को जल्द मिलेंगी 5 नई वंदे भारत ट्रेन, रेलवे ने पूरी की तैयारी, यात्रियों को मिलेगी राहत
सिंहस्थ 2028: उज्जैन महाकुंभ के लिए चलेंगी 7800 स्पेशल ट्रेनें, रेलवे की महा-तैयारी!