रॉबर्ट वाड्रा के बयान से सियासी भूचाल: पहलगाम हमले पर कहा- मुसलमानों को दबाया जा रहा है

Manish Kumar | Apr 23, 2025, 18:05 IST
Photograph: (the sootr)
पहलगाम आतंकी हमले पर रॉबर्ट वाड्रा के बयान ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। उन्होंने हमले को अल्पसंख्यकों की असुरक्षा की भावना से जोड़ा, जिससे बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी और माफी की मांग की।

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला होने के बाद कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के पति रॉबर्ट वाड्रा के बयान ने राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है। वाड्रा ने हमले को देश में मुसलमानों की असुरक्षा की भावना से जोड़ा, जिससे बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी और माफी की मांग की।



22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के बैसरन घाटी में हुए आतंकी हमले में 28 लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो विदेशी नागरिक भी शामिल थे। इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े संगठन 'द रेजिस्टेंस फ्रंट' ने ली है।​



मुस्लिम समुदाय महसूस कर रहा असुरक्षित

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के पति और बिजनेसमैन रॉबर्ट वाड्रा ने पहलगाम आतंकी हमले पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि देश में जो वातावरण बना है, उसमें मुस्लिम समुदाय विशेष रूप से असहज और असुरक्षित महसूस कर रहा है।



वाड्रा का कहना है कि कई बार मस्जिदों में नमाज पढ़ने से रोका जाता है या धार्मिक स्थलों के सर्वे किए जाते हैं, जिससे समुदाय विशेष को ठेस पहुंचती है। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक शासकों जैसे बाबर और औरंगजेब के नामों का बार-बार राजनीतिक उपयोग अल्पसंख्यकों को आहत करता है, और यह राजनीतिक लाभ के लिए किया जा रहा है।



ये भी पढ़ें... पहलगाम आतंकी हमलाः रामेश्वर शर्मा और उषा ठाकुर का आतंकियों पर तीखा हमला



पीएम से अपील, दिलाएं सभी को भरोसा

उन्होंने आगाह किया कि अगर धर्म और राजनीति को अलग नहीं किया गया तो ऐसी आतंकी घटनाएं बार-बार हो सकती हैं। वाड्रा के अनुसार, हालिया हमले में आतंकियों ने लोगों की पहचान देखकर गोली चलाई, जो दर्शाता है कि धार्मिक विभाजन किस हद तक बढ़ चुका है।



वाड्रा ने कहा कि सरकार की नीतियों की वजह से एक समुदाय को खुली छूट मिलती है, जबकि दूसरे को रोका जाता है। उन्होंने कहा कि यह असमानता न केवल देश में, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देखी जा रही है। वह मानते हैं कि जब तक सरकार स्पष्ट रूप से सभी धर्मों को बराबर सम्मान और सुरक्षा का संदेश नहीं देती, तब तक ऐसी घटनाएं होती रहेंगी। उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील की कि वे यह भरोसा दिलाएं कि भारत एक सुरक्षित और धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र है, जहां किसी भी धर्म के व्यक्ति को डर महसूस नहीं होना चाहिए।



ये भी पढ़ें... पहलगाम में आतंकी हमलाः गरजे राजनाथ सिंह, बोले- आतंकियों को बख्शा नहीं जाएगा



बीजेपी ने कहा- माफी मांगे कांग्रेस

वाड्रा के इस बयान पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। पार्टी के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने कहा, "शर्मनाक! सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा ने आतंकवादियों के कृत्य का बचाव किया है और भारत को दोषी ठहराया है। "



ये भी पढ़ें... पहलगाम आतंकी हमला होने के बाद PM मोदी सऊदी दौरा छोड़ भारत लौटे , लेंगे कड़ा फैसला...



वाड्रा की सफाई, बयान को गलत तरीके से किया गया पेश

वाड्रा ने बाद में अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा, "मैं इस आतंकी हमले से बहुत दुखी हूं। हमें एकजुट होकर आतंकवाद के खिलाफ लड़ना चाहिए। अगर मेरे बयान को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है, तो मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि मेरा उद्देश्य सभी धर्मों के बीच एकता और सौहार्द को बढ़ावा देना है।" ​



ये भी पढ़ें... पहलगाम आतंकी अटैक: इंदौर के एलआईसी अफसर सुशील से बोले आतंकी कलमा पढ़ो और मार दी गोली



Tags:
  • कांग्रेस
  • बीजेपी
  • अमित मालवीय
  • आतंकी हमला
  • रॉबर्ट वाड्रा
  • पहलगाम में आतंकी हमला