पश्चिम बंगाल में सत्‍ता परिवर्तन के बीच शुभेंदु अधिकारी के पीए की सरेआम गोली मारकर हत्या

Amresh Kushwaha | May 07, 2026, 07:35 IST
suvendu adhikari pa chandranath rath murder madhyamgram
पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम में BJP नेता शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की बुधवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार बदमाशों ने उनकी चलती कार पर हमला किया। BJP ने TMC पर आरोप लगाया है।

News In Short

  • बंगाल के मध्यमग्राम में BJP नेता के PA को गोली मारी गई।
  • हमलावर बाइक पर सवार थे, कार का पीछा कर रहे थे।
  • चंद्रनाथ के सीने, पेट और सिर में गोलियां लगी है।
  • BJP ने हत्या के लिए TMC को जिम्मेदार ठहराया है।
  • पुलिस ने एक संदिग्ध गाड़ी जब्त की, CCTV जांच जारी है।

News In Detail

कैसे हुआ यह हमला?

बुधवार, 06 मई की रात चंद्रनाथ रथ अपनी स्कॉर्पियो कार में सफर कर रहे थे। ड्राइवर गाड़ी चला रहा था और चंद्रनाथ बगल की सीट पर थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दो गाड़ियां काफी देर से उनका पीछा कर रही थीं।



पीछे चल रही एक चार-पहिया गाड़ी ने अचानक उनकी कार को ओवरटेक किया और गति धीमी कर ली। इससे चंद्रनाथ की कार को भी रुकना पड़ा। उसी पल बाइक पर सवार हमलावरों ने बिल्कुल करीब से गोलियां चला दीं। चंद्रनाथ के सीने, पेट और सिर में गोलियां लगीं।



उन्हें तुरंत एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। कार चला रहे ड्राइवर को भी गोली लगी। उसे कोलकाता के SSKM अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।



चश्मदीदों ने पुलिस को बताया कि हमले में इस्तेमाल मोटरसाइकिल पर कोई रजिस्ट्रेशन प्लेट नहीं थी। घटनास्थल पर कार की खिड़की पर गोलियों के निशान मिले। पुलिस ने वहां से खाली कारतूस और जिंदा गोलियां भी बरामद की हैं।



हथियार की जांच जारी

जांचकर्ताओं को घटनास्थल से मिले खोखों से संकेत मिलता है कि हमले में ऑस्ट्रिया में बनी Glock पिस्टल जैसा कोई छोटा हथियार इस्तेमाल हुआ होगा। हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि सटीक जानकारी फॉरेंसिक (Forensic) जांच के बाद ही सामने आएगी।



पश्चिम बंगाल के DGP सिद्धार्थ नाथ गुप्ता ने बताया कि एक संदिग्ध गाड़ी को रोका गया है। उन्होंने कहा कि उस गाड़ी की नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ की गई थी। गाड़ी को जब्त कर लिया गया है और उसमें से भी कारतूस मिले हैं। जेसोर रोड और आस-पास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। स्थानीय चश्मदीदों से भी पूछताछ जारी है।



कौन थे चंद्रनाथ रथ?

चंद्रनाथ रथ कई सालों से शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी थे। वे राजनीतिक कामों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। हाई-प्रोफाइल भवानीपुर उपचुनाव में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही थी।



BJP की वरिष्ठ नेता कीया घोष ने कहा कि चंद्रनाथ को उनकी राजनीतिक भूमिका की वजह से निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि चंद्रनाथ ने शुभेंदु अधिकारी के लिए बहुत मेहनत की। यह हत्या अचानक नहीं हुई। इसके पीछे राजनीतिक रंजिश है।



BJP-TMC में सियासी घमासान

इस हत्या के बाद बंगाल की राजनीति में तूफान आ गया। BJP नेताओं ने TMC पर इस हमले में शामिल होने का आरोप लगाया। बीजेपी विधायक तरुणज्योति तिवारी ने कहा कि हम शांति का संदेश दे रहे हैं, लेकिन TMC ने बड़ी गलती की है।



TMC ने इस हत्या की निंदा की और आरोपों से साफ इनकार किया। पार्टी ने कहा कि उनके अपने कार्यकर्ताओं को भी निशाना बनाया गया है। TMC ने अदालत की निगरानी में जांच की मांग रखी। पार्टी ने एक बयान में कहा कि लोकतंत्र में हिंसा और राजनीतिक हत्याओं की कोई जगह नहीं। दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।



सोची-समझी थी हत्या- शुभेंदु अधिकारी

बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने अपने पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद अपना पहला बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह हत्या पूरी तरह से सोची-समझी थी।



शुभेंदु अधिकारी ने आगे कहा कि यह 15 सालों के महाजंगल राज का नतीजा है... बीजेपी गुंडों की सफाई का काम शुरू करेगी... हम अपील करते हैं कि लोग कानून अपने हाथ में न लें।



बशीरहाट में भी हिंसा

एक और घटना में बशीरहाट में रोहित रॉय उर्फ चिंटू नाम के एक युवक को गोली लगी। बताया जा रहा है कि यह विवाद पार्टी का झंडा फहराने को लेकर भिड़ंत से शुरू हुआ। इस घटना ने इलाके में पहले से तनावपूर्ण माहौल को और भड़का दिया है।



बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद से हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ की खबरें थम नहीं रही हैं। चंद्रनाथ रथ की हत्या ने इस आग में और घी डाल दिया है।



ये खबर भी पढ़िए...



राहुल गांधी का बड़ा दावा: हर छठा BJP सांसद वोट चोरी से जीता



विधानसभाओं में युवा और रसूखदार का दबदबा: चार राज्यों के चुनावी नतीजों का नया ट्रेंड



पश्चिम बंगाल में नई विधानसभा का रास्ता साफ, चुनाव आयोग ने गवर्नर को भेजी अधिसूचना



मोदी मैजिक से बीजेपी का बढ़ा कुनबा, 1700 से अधिक विधायकों के साथ 22 राज्यों में भगवा का परचम



Tags:
  • BJP
  • बीजेपी विधायक
  • tmc
  • पश्चिम बंगाल
  • शुभेंदु अधिकारी