Top News : खबरें काम की

Sandeep Kumar | Mar 11, 2026, 21:26 IST
top news
नमस्कार, ईरान के साथ जंग जल्द खत्म होगी;डोनाल्ड ट्रम्प; लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव खारिज। देश-दुनिया की अन्य खबरों पर डालते हैं एक नजर...

ट्रम्प का दावा: ईरान के साथ जंग जल्द खत्म होगी, हमलों ने सब तबाह कर दिया

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के साथ चल रही जंग को लेकर बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि इस जंग में अमेरिका ने ईरान को उम्मीद से ज्यादा नुकसान पहुंचाया है और अब वहां हमला करने के लिए कुछ भी नहीं बचा है। एक इंटरव्यू में ट्रम्प ने बताया कि उनके द्वारा किए गए हमलों ने कई सैन्य और रणनीतिक ठिकानों को तबाह कर दिया, और जंग जल्द खत्म हो सकती है।



ईरान युद्ध से बचने के लिए पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर हमले तेज करने की योजना बनाई

ईरान में जारी युद्ध के कारण पाकिस्तान पर लगातार दबाव बढ़ रहा है। सऊदी अरब पर मिसाइल हमले के बाद, पाकिस्तान को ईरान युद्ध में शामिल होने की आशंका है। खुफिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान अफगानिस्तान में बड़े पैमाने पर हमले कर सकता है, ताकि खुद को इस युद्ध से बचा सके। इस कदम के पीछे पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच 2025 में हुए सामरिक रक्षा समझौते का प्रभाव देखा जा रहा है।



स्पीकर बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव खारिज, शाह ने विपक्ष पर किया जोरदार हमला

लोकसभा में बुधवार को स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव ध्वनिमत से खारिज कर दिया गया। इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने 56 मिनट तक सरकार का पक्ष रखा और कांग्रेस पर तीखा हमला किया। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि उन्हें बोलने का समय मिलता है, फिर भी वे इसे ठीक से इस्तेमाल नहीं करते। शाह ने राहुल गांधी के आचरण पर भी सवाल उठाए, जिससे सदन में विपक्ष ने जोरदार विरोध किया और माफी की मांग की।



देशभर में LPG की किल्लत, पुलिस सुरक्षा में सिलेंडर बंट रहे; अयोध्या में राम रसोई भी बंद

देशभर में LPG गैस की भारी किल्लत देखी जा रही है, जिससे सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी लाइनें लग रही हैं। अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष की वजह से यह समस्या और बढ़ गई है। उत्तर प्रदेश, बिहार और अन्य राज्यों में पुलिस सुरक्षा में सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं। इस संकट के कारण अयोध्या में राम रसोई भी बंद कर दी गई है, जो पिछले 8 साल में पहली बार हुआ है।



13 साल से कोमा में पड़े हरीश को इच्छामृत्यु की अनुमति, सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला

इंसान के लिए जीवन अनमोल है लेकिन जब जीवन केवल मशीनों के सहारे बचा हो तो वह बोझ बन जाता है। गाजियाबाद के हरीश राणा की कहानी भी कुछ ऐसी ही दर्दनाक है। 13 साल तक मौत से जूझने के बाद अब उन्हें सुप्रीम कोर्ट से सम्मानजनक विदाई की अनुमति मिल गई है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...



बस्तर में 108 नक्सलियों का सरेंडर; साथ लाए 1 किलो सोना, 4 करोड़ का था इनाम

छत्तीसगढ़ के बस्तर संभागीय मुख्यालय जगदलपुर में 108 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। पुलिस और सुरक्षा बलों की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में नक्सलियों ने हथियार और अन्य सामग्री भी जमा कराई। इस सरेंडर को नक्सल इतिहास की बड़ी घटनाओं में से एक माना जा रहा है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...



जिन IPS पर है महादेव सट्टा एप से जुड़े होने का आरोप, उनमें 4 करोड़पति और एक के पास कौड़ी भी नहीं

छत्तीसगढ़ में चर्चित रहे महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में छह आईपीएस अधिकारियों के नाम सामने आए थे। जांच एजेंसियों ने इन अधिकारियों के ठिकानों पर छापेमारी भी की थी। जिन अधिकारियों के नाम इस मामले से जुड़े बताए गए हैं। उनमें आईपीएस आनंद छाबड़ा, अजय यादव, आरिफ शेख, प्रशांत अग्रवाल, अभिषेक पल्लव और ओपी पाल शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ ईओडब्ल्यू में अपराध क्रमांक 06/24 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...



MP में ओबीसी आरक्षण विवाद फिर सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, फैसले में सुधार की मांग; 17 मार्च को ओपन कोर्ट में होगी सुनवाई

मध्यप्रदेश में 27 प्रतिशत OBC आरक्षण को लेकर चल रहा कानूनी विवाद एक बार फिर नए मोड़ पर पहुंच गया है। सुप्रीम कोर्ट के 17 फरवरी 2026 के फैसले में सुधार की मांग को लेकर दायर रिव्यू याचिका अब ओपन कोर्ट में सुनी जाएगी। 10 मार्च को सूचीबद्ध सुनवाई समय के अभाव में नहीं हो सकी, जिसके बाद अब यह मामला 17 मार्च को फिर सुप्रीम कोर्ट में लिस्ट किया गया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...



PM मोदी का हमला, राहुल गांधी को विकास नहीं दिखता; तमिलनाडु में वेस्ट एशिया संकट पर दी सफाई

top news: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को केरल दौरे पर थे, जहां उन्होंने ₹10,800 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वे छोटे दायरे में सिमटे हुए हैं और उन्हें देश के विकास का असली रूप नहीं दिखता। इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु में वेस्ट एशिया संकट को लेकर कहा कि इससे सभी प्रभावित हुए हैं, लेकिन लोगों को पैनिक होने की जरूरत नहीं है।



एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट की लैंडिंग में हादसा,नोज गियर टूटा

खबरें काम की: थाईलैंड में बुधवार को एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट लैंडिंग के दौरान एक बड़े हादसे का शिकार हो गई। हैदराबाद से फुकेट जा रही फ्लाइट के रनवे पर उतरते ही उसका नोज गियर टूट गया और आगे का पहिया अलग हो गया। हालांकि, फ्लाइट में सवार 133 यात्री सुरक्षित रहे और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। घटना के बाद रनवे कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया, जबकि विमान की लैंडिंग काफी तेज थी, जिससे गियर को नुकसान हुआ।





Tags:
  • सुप्रीम कोर्ट
  • मध्यप्रदेश
  • राहुल गांधी
  • ओम बिरला
  • छत्तीसगढ़
  • ओबीसी आरक्षण
  • डोनाल्ड ट्रम्प
  • एयर इंडिया
  • top news
  • खबरें काम की