Top News: खबरें काम की... ट्रंप को सुप्रीम कोर्ट से झटका

Jitendra Shrivastava | Jun 30, 2026, 21:34 IST
Photograph: (THESOOTR)
नमस्कार, ट्रंप को SC से झटका, जन्म से अमेरिकी नागरिकता रहेगी बरकरार; सिंधु जल संधि पर पाकिस्तान की धमकी, भारत को दी कड़ी चेतावनी। देश-दुनिया की अन्य खबरों पर डालते हैं एक नजर...

ट्रंप को सुप्रीम कोर्ट से झटका, जन्म से अमेरिकी नागरिकता रहेगी बरकरार

खबरें काम की | top news:अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने जन्म के आधार पर नागरिकता देने की व्यवस्था को कायम रखते हुए डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकारी आदेश को खारिज कर दिया। फैसले से अमेरिका में रह रहे भारतीयों समेत हजारों प्रवासी परिवारों को राहत मिली है, जिनके बच्चों की नागरिकता पर अनिश्चितता बनी हुई थी।



दोहा में ईरान की कूटनीतिक चाल, अमेरिका से सीधी बातचीत से इनकार

दोहा में अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधिमंडल पहुंच रहे हैं, लेकिन तेहरान ने साफ कर दिया है कि कोई सीधी वार्ता नहीं होगी। ईरान का कहना है कि उसकी प्राथमिकता विदेशों में फंसी रकम की रिहाई है। दोनों देशों के बीच बातचीत कतर और अन्य मध्यस्थों के जरिए आगे बढ़ने की संभावना है।



सिंधु जल संधि पर पाकिस्तान की धमकी, भारत को दी कड़ी चेतावनी

सिंधु जल संधि को लेकर पाकिस्तान ने एक बार फिर तीखा बयान दिया है। जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक ने कहा कि पाकिस्तान के हिस्से का पानी रोकने की किसी भी कोशिश का कड़ा जवाब दिया जाएगा। वहीं, सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने दावा किया कि भारत इस संधि को एकतरफा न तो समाप्त कर सकता है और न ही बदल सकता है।



तेल आयात नीति में बदलाव की तैयारी, खाड़ी देशों पर निर्भरता घटाएगा भारत

ईरान युद्ध के दौरान सप्लाई बाधित होने के अनुभव के बाद भारत अपनी तेल आयात रणनीति में बदलाव की तैयारी कर रहा है। सरकारी रिफाइनरी कंपनियां मिडिल ईस्ट पर निर्भरता कम कर स्पॉट मार्केट और अन्य स्रोतों से खरीद बढ़ाने पर विचार कर रही हैं, ताकि ऊर्जा सुरक्षा को और मजबूत बनाया जा सके।



1500 किमी लंबी मानसून पट्टी सक्रिय, उत्तर भारत में 4 दिन भारी बारिश का अलर्ट

देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। बंगाल की खाड़ी से जम्मू-कश्मीर तक करीब 1500 किमी लंबी मानसून पट्टी बनने से उत्तर भारत में 1 से 4 जुलाई के बीच तेज बारिश के आसार हैं। IMD ने बिहार, यूपी, उत्तराखंड, हिमाचल, पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।



हल्दिया रिफाइनरी के पास भीषण आग, एक की मौत; रेल सेवा भी थमी

पश्चिम बंगाल के हल्दिया में रिफाइनरी के पास लगी भीषण आग ने बड़ा नुकसान पहुंचाया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हुए। आग का असर आसपास के रिहायशी इलाके और रेलवे लाइन तक पहुंचा, जिसके चलते सुरक्षा कारणों से ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गईं।



SIR पर विपक्ष का मोर्चा, 23 दलों ने CJI से चुनाव आयोग की शिकायत की

स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) को लेकर विपक्ष ने चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस, टीएमसी, DMK समेत 23 दलों और एक निर्दलीय सांसद ने CJI को पत्र लिखकर प्रक्रिया को मनमानी और लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ बताया। विपक्ष ने मतदाता सूची से नाम हटाने की आशंका भी जताई।



अमेरिकी सांसद का दावा: 30 साल में सबसे कमजोर दौर में भारत-अमेरिका संबंध

भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद रो खन्ना ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत-अमेरिका संबंध तीन दशक के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे हैं। उन्होंने टैरिफ, ईरान युद्ध और सहयोगी देशों से बिना सलाह लिए गए फैसलों को दोनों देशों के बीच भरोसा कमजोर होने की बड़ी वजह बताया।



सुप्रीम कोर्ट में बोली सरकार: पेट्रोल में एथेनॉल की 20% मिलावट अभी प्रयोग

केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में कहा कि पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिलाना अभी एक प्रयोग है। इसके नतीजे अगले साल तक सामने आएंगे। सरकार का कहना है कि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से पुरानी गाड़ियों को नुकसान होने के कोई ठोस सबूत नहीं हैं। यह मामला BPCL की एक याचिका पर सुनवाई के दौरान सामने आया। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...



सांवरिया सेठ मंदिर प्रसाद का ठेका दिलाने का झांसा, लेडी डॉन ने 2.45 करोड़ ठगे

जोधपुर की कथित लेडी डॉन सुमता विश्नोई ने मध्यप्रदेश के एक हेड कॉन्स्टेबल के साथ मिलकर निंबाहेड़ा के मिठाई कारोबारी पर्वत सिंह राजपुरोहित से 2 करोड़ 45 लाख रुपए की ठगी की। आरोपियों ने सांवरिया सेठ मंदिर में लड्डू प्रसाद का ठेका दिलाने और एक रिश्तेदार की हाईकोर्ट से जमानत कराने का झांसा दिया था। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...



जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन जारी, भूख हड़ताल में वांगचुक की तबीयत बिगड़ी

नीट पेपर लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन 11वें दिन भी जारी है। तीन दिन से भूख हड़ताल पर बैठे लद्दाख के एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ने से आंदोलन ने नया मोड़ ले लिया। वहीं, प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर समर्थकों को रोकने और प्रवेश में बाधा डालने का आरोप लगाया।



Tags:
  • सुप्रीम कोर्ट
  • डोनाल्ड ट्रंप
  • अमेरिका
  • मानसून
  • एसआईआर
  • top news
  • खबरें काम की
  • सिंधु जल संधि
  • कॉकरोच जनता पार्टी