Top News: खबरें काम की...पुंछ में धमाका, 4 आतंकी ढेर और देश के 6 राज्यों में बदले गए राज्यपाल

Sandeep Kumar | Oct 12, 2026, 22:21 IST
Top News:खबरें काम की
Top News: खबरें काम की: नमस्कार, आइए पढ़ते हैं देश-दुनिया की आज की बड़ी खबरें... हूती विद्रोहियों का सऊदी अरब में हमला, 13 की मौत, देश के 6 राज्यों में बदले गए राज्यपाल, पुंछ में बारूदी सुरंग में धमाका, लश्कर कमांडर समेत 4 आतंकी ढेर। अन्य खबरों पर भी डालते हैं एक नजर.. मध्‍य प्रदेश| छत्तीसगढ़। राजस्थान

सऊदी अरब में मिसाइल हमलों से दहशत, रियाद एयरपोर्ट पर 13 की मौत, भारतीय भी शामिल

सऊदी अरब की राजधानी रियाद में मिसाइल हमलों से हड़कंप मच गया। यमन के हूती विद्रोहियों पर रियाद एयरपोर्ट को निशाना बनाने का आरोप है। शनिवार रात हुए हमले में एक भारतीय समेत 13 लोगों की मौत और 300 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रोक दी गईं। रविवार को एयरपोर्ट के घरेलू टर्मिनल पर भी हमला हुआ। इसमें एक पाकिस्तानी नागरिक की जान चली गई। इसे दशक का सबसे बड़ा हमला बताया जा रहा है।



देश के 6 राज्यों में बदले राज्यपाल, राष्ट्रपति ने लगाई मुहर, जानिए किसे कहां की मिली जिम्मेदारी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छह राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति की है। इन नियुक्तियों के तहत कई राज्यों के राज्यपालों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर को केरल का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं, केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को तमिलनाडु की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पूरी खबर पढ़ें...



पुंछ में घुसपैठ की कोशिश पड़ी भारी, बारूदी सुरंग में धमाका, लश्कर कमांडर समेत 4 आतंकी ढेर

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में घुसपैठ की कोशिश आतंकियों के लिए जानलेवा साबित हुई। नियंत्रण रेखा के पास बारूदी सुरंग में हुए धमाके से चार आतंकियों के मारे जाने की खबर है। मृतकों में लश्कर-ए-तैयबा का एक शीर्ष कमांडर भी शामिल बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक सोमवार दोपहर कृष्णा घाटी सेक्टर में आतंकी भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान विस्फोट हो गया। घटना के बाद सुरक्षा बल सतर्क हैं। पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।



कैंसर की दवाएं सस्ती तो बाकी क्यों नहीं? सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र से पूछा सवाल, 27 अक्टूबर तक मांगा जवाब

कैंसर की दवाओं की कीमतों पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से सवाल किया है। कोर्ट ने पूछा कि जब कैंसर रोधी दवाओं का मुनाफा सीमित किया जा सकता है तो बाकी दवाओं पर ऐसा नियम क्यों नहीं लागू होता? सरकार ने दावा किया कि 30 फीसदी ट्रेड मार्जिन तय करने से मरीजों को सालाना 2500 करोड़ रुपए बचेंगे। हालांकि कोर्ट इस जवाब से संतुष्ट नहीं हुआ। अब सरकार को 27 अक्टूबर तक दवाओं की कीमत तय करने की प्रक्रिया समझानी होगी।



सड़क से सुप्रीम कोर्ट तक विपक्ष की लड़ाई, राहुल-अखिलेश समेत 11 नेताओं ने SIR और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लगाई याचिका

दिल्ली में सोमवार को विपक्ष का विरोध प्रदर्शन सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई नेताओं ने संसद के बाहर मार्च निकाला। हालांकि पुलिस ने उन्हें कोर्ट से 500 मीटर पहले रोक दिया। विपक्ष ने SIR में कथित गड़बड़ियों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ याचिका दाखिल की है। इसमें 10 दलों के 11 नेता शामिल हैं। मार्च से पहले राहुल गांधी ने इसे शिवजी की बारात जैसा बताया था।



राहुल गांधी का बड़ा दावा- ज्ञानेश कुमार के मैसेज आते हैं, बोले- आप अपराधी नहीं

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर राहुल गांधी ने बड़ा दावा किया है। दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल ने कहा कि ज्ञानेश कुमार कई बार उनसे संपर्क करने की कोशिश कर चुके हैं। उनके मैसेज भी आते हैं। राहुल ने कहा कि ज्ञानेश कुमार खुद अपराधी नहीं हैं। उनसे गलत काम करवाए जा रहे हैं। इसलिए उन्हें इस्तीफा देकर पद छोड़ देना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट तक विपक्ष के मार्च से पहले राहुल के इस बयान ने नई राजनीतिक बहस छेड़ दी है।



चलो किस्मत आजमा लेते हैं: योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव को दी अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश की राजनीति में अयोध्या विधानसभा सीट को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बीच चुनावी चुनौती शुरू हो गई है। अखिलेश ने योगी को अयोध्या से विधानसभा चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी। इसके जवाब में योगी ने कहा कि आप भी आइए और मैं भी आता हूं। दरअसल, 2024 लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को फैजाबाद सीट पर हार मिली थी। अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यह सीट फिर चर्चा में आ गई है। पूरी खबर पढ़ें...



राजनीति से पहले खेल के मैदान में नेताओं के बेटे: सिंधिया के बेटे क्रिकेट के बॉस, अब शिवराज के बेटे कार्तिकेय ने संभाली वॉलीबॉल की कमान

मध्य प्रदेश के बड़े नेताओं के बेटे चुनावी राजनीति में आने से पहले खेल प्रशासन में अपनी जगह बना रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महाआर्यमन सिंधिया पहले ही मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) के अध्यक्ष बन चुके हैं। अब केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान ने भी इसी राह पर कदम बढ़ाया है। पूरी खबर पढ़ें...



GST विभाग में बड़ी सर्जरी, 10 ज्वाइंट कमिश्नर बदले, सोनल मिश्रा को BIU की कमान, नरेंद्र वर्मा रायपुर संभाग-1 पहुंचे

छत्तीसगढ़ के वाणिज्यिक कर (GST) विभाग में सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। राज्य कर विभाग के 10 ज्वाइंट कमिश्नर के तबादले किए गए हैं। इस फेरबदल में बिजनेस इंटेलिजेंस यूनिट (BIU) की जिम्मेदारी सोनल के. मिश्रा को दी गई है। वहीं, BIU में पदस्थ नरेंद्र वर्मा को रायपुर संभाग-1 भेजा गया है। विभाग में हुए इन बदलावों से रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और जगदलपुर के कार्यालयों में नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं। पूरी खबर पढ़ें...

Tags:
  • Top News
  • खबरें काम की
  • राजस्थान विधानसभा
  • राहुल गांधी
  • जम्मू कश्मीर
  • ज्ञानेश कुमार
  • सऊदी अरब
  • द्रौपदी मुर्मू
  • योगी आदित्यनाथ
  • UP Election 2027