UGC NET 2026: एनटीए ने जारी की यूजीसी नेट दिसंबर एग्जाम डेट्स, 28 अक्टूबर तक भरें फॉर्म

Kaushiki | Oct 10, 2026, 09:55 IST
यूजीसी नेट एग्जाम डेट्स
यूजीसी नेट दिसंबर परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। छात्र 28 अक्टूबर तक आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। यह परीक्षा कुल 87 विषयों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा का आयोजन 14 से 19 दिसंबर के बीच होगा। जेआरएफ, प्रोफेसर और पीएचडी एडमिशन के लिए तीन कैटेगरीज तय हैं।

कॉलेज में प्रोफेसर बनने और रिसर्च करने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए ने यूजीसी नेट दिसंबर परीक्षा का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है।



अगर आप भी उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं, तो यह बेहतरीन मौका है। इस बार यूजीसी नेट परीक्षा पूरे 87 विषयों में आयोजित होने जा रही है। आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार 28 अक्टूबर तक अपना फॉर्म ऑनलाइन भर सकते हैं।



अलग-अलग शिफ्ट में होगी परीक्षा

एनटीए के मुताबिक ये परीक्षा 14 दिसंबर से 19 दिसंबर तक अलग-अलग शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। परीक्षा तीन अलग-अलग कैटेगरीज के लिए आयोजित होगी। पहली कैटेगरी से जेआरएफ, असिस्टेंट प्रोफेसर और पीएचडी में एडमिशन का रास्ता खुलता है।



दूसरी कैटेगरी केवल असिस्टेंट प्रोफेसर और पीएचडी एडमिशन के लिए होती है। तीसरी कैटेगरी से छात्रों को केवल पीएचडी में एडमिशन का मौका मिलता है। आइए जानते हैं इस परीक्षा से जुड़ी हर जरूरी बात और नियम।



कौन-कौन छात्र कर सकते हैं आवेदन

जनरल और ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के उम्मीदवारों के पास मास्टर डिग्री में कम से कम 55% नंबर होने चाहिए। ओबीसी, एससी, एसटी, दिव्यांग और थर्ड जेंडर के लिए मास्टर डिग्री में 50% नंबर होना जरूरी है। अंकों का राउंडिंग ऑफ नहीं माना जाएगा।



चार साल वाले या आठ सेमेस्टर वाले ग्रेजुएशन छात्रों को 75% नंबर चाहिए। आरक्षित वर्गों के छात्रों को इसमें पांच प्रतिशत की छूट दी जाएगी। ऐसे छात्र जेआरएफ और पीएचडी में प्रवेश पा सकते हैं, लेकिन प्रोफेसर के लिए पात्र नहीं होंगे। मास्टर डिग्री के अंतिम वर्ष के छात्र भी कुछ शर्तों के साथ इसमें शामिल हो सकते हैं।



परीक्षा का पैटर्न और फीस कितनी होगी

यूजीसी नेट परीक्षा पूरी तरह से कंप्यूटर बेस्ड यानी ऑनलाइन मोड में होगी। परीक्षा की कुल अवधि तीन घंटे की होगी। इसमें दो पेपर होंगे और दोनों पेपर एक ही बैठक में कराए जाएंगे।



पेपर 1 में टीचिंग, रिसर्च एप्टीट्यूड, रीजनिंग और उच्च शिक्षा से 50 प्रश्न आएंगे। पेपर 2 उम्मीदवार के चुने हुए विषय से होगा, जिसमें सौ प्रश्न पूछे जाएंगे। कुल 150 प्रश्न होंगे, जो पूरे 300 अंकों के रहेंगे।



हर सही उत्तर पर उम्मीदवार को दो अंक दिए जाएंगे। अच्छी बात यह है कि इस परीक्षा में कोई निगेटिव मार्किंग नहीं होगी। फीस की बात करें तो सामान्य वर्ग के लिए एक हजार 150 रुपए फीस है। ईडब्ल्यूएस व ओबीसी के लिए 600 रुपए और अन्य वर्गों के लिए 325 रुपए फीस रखी गई है।



सिलेक्शन का तरीका

परीक्षा में पास होने के लिए न्यूनतम अंक हासिल करना अनिवार्य होता है। सामान्य और ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों को दोनों पेपर मिलाकर कम से कम 40 प्रतिशत नंबर लाने होंगे। आरक्षित वर्गों के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम क्वालिफाइंग नंबर 35 प्रतिशत तय किए गए हैं।



असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए केवल शीर्ष 6 प्रतिशत उम्मीदवारों को ही पात्र घोषित किया जाता है। जेआरएफ का सिलेक्टेड सब्जेक्ट, केटेगरी, मेरिट लिस्ट और आरक्षण नियमों के आधार पर होता है। केवल न्यूनतम अंक लाना ही अंतिम चयन की गारंटी नहीं देता है। इसके लिए मेरिट में उच्च स्थान प्राप्त करना बेहद जरूरी होता है।



कैसे करें ऑनलाइन आवेदन की तैयारी

  • आवेदन करने के लिए ऑफिसियल वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाना होगा।
  • फॉर्म भरने से पहले अपने सभी जरूरी डॉक्यूमेंट तैयार रखें।
  • पासपोर्ट साइज फोटो और सिग्नेचर की स्कैन कॉपी पास रख लें।
  • अपनी एजुकेशनल क्वालिफिकेशन की मार्कशीट भी पास में ही रखें।
  • लास्ट डेट का इंतजार बिल्कुल न करें, क्योंकि आखिरी दिनों में वेबसाइट पर ट्रैफिक बढ़ जाता है।
  • अपनी फीस का भुगतान ऑनलाइन पेमेंट माध्यम से ही करें।

परीक्षा की तैयारी के लिए खास टिप्स

  • परीक्षा के लिए अब दो महीने से भी कम समय बचा है। सबसे पहले सिलेबस को अच्छे से समझ लें।
  • पेपर 1 के लिए टीचिंग और रिसर्च एप्टीट्यूड पर अच्छी पकड़ बनाएं।
  • पुराने सालों के प्रश्न पत्र हल करने से परीक्षा का अंदाजा मिलता है।
  • अपने चुने हुए मेन विषय के बेसिक कॉन्सेप्ट मजबूत करें।
  • रोजाना टाइम टेबल बनाकर पढ़ाई करें और मॉक टेस्ट जरूर दें।
  • सकारात्मक सोच के साथ तैयारी करेंगे तो सफलता जरूर मिलेगी।
Tags:
  • UGC NET 2026
  • एनटीए
  • यूजीसी नेट
  • नोटिफिकेशन
  • जेआरएफ
  • पीएचडी एडमिशन
  • JRF
  • Professor
  • PhD Admission