आशिकी स्टार राहुल रॉय ने दिया ट्रोलर्स को करारा जवाब, बॉलीवुड ने भी किया सपोर्ट
बॉलीवड न्यूज।हाल ही में आशिकी फेम राहुल रॉय का एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में वे एक कंटेंट क्रिएटर के साथ उनकी ही फिल्म के एक रोमांटिक गाने पर नाचते हुए दिख रहे थे। वीडियो को देख कई फैंस ने उन पर सवाल उठाए और कई ट्रोलर्स ने उनका मजाक उड़ाना शुरू कर दिया। हालांकि अब इसी वीडियो पर राहुल रॉय ने प्रतिक्रिया दी है। अपने पोस्ट में उन्होंने न सिर्फ वायरल रील के पीछे की सच्चाई बताई बल्कि ट्रोलर्स को करारा जवाब भी दिया।
राहुल रॉय का वीडियो वायरल
डॉ. वनिता घड़ागे नाम की एक इंस्टाग्राम यूज़र ने राहुल रॉय के साथ रील की एक सीरीज अपलोड की, जिसमें दोनों को उनके सबसे फेमस गानों पर डांस करते देखा जा सकता है। इनमें आशिकी के गाने और फिर तेरी कहानी याद आई शामिल हैं। इन रील्स के वायरल होने के बाद ही सोशल मीडिया यूजर्स ने राहुल के रील्स पर उनका मजाक उड़ाना शुरू कर दिया। लोगों ने कहा कि इतनी बड़ी उम्र में भी ऐसी रील्स बनाना अजीब लग रहा है।
लीगल मामलों के पेमेंट बाकी
राहुल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक इमोशनल पोस्ट कर अपनी बात रखी। उन्होंने लिखा, "मैं अपना काम ईमानदारी और विनम्रता के साथ करता हूं। मुझे कुछ लीगल मामलों के लिए पेमेंट करना है और ये आज के नहीं हैं, ये उस समय के हैं जब ब्रेन स्ट्रोक हुआ था, उससे पहले के। अगर आप मेरी सादगी का मजाक उड़ाते हैं या मेरे संघर्षों पर हंसते हैं, तो यह मेरे बारे में कम और आपके बारे में ज्यादा बताता है।"
ट्रोलर्स को दिया करारा जवाब
राहुल ने आगे ट्रोलर्स को करारा जवाब देते हुए कहा कि अगर वे इतने चिंतित हैं तो वे राहुल के लिए काम का इंतजाम कर दें। उन्होंने बताया कि ब्रेन स्ट्रोक के बाद उनके लिए एक्टिव रहना बहुत जरूरी था। अपने काम के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि उनका काम उन्हें जिम्मेदारी और नए उद्देश्य का एहसास कराता है और एक्टिव रहने में मदद करता है। अपने हेटर्स पर तंज कसते हुए उन्होंने ये भी कहा कि वे कम से कम मेहनत करके पैसे कमा रहे हैं, दूसरों का मजाक तो नहीं उड़ा रहे।
बॉलीवुड भी आया सपोर्ट में
राहुल के इस पोस्ट के बाद बॉलीवुड के कई सेलेब्रिटीज भी राहुल के सपोर्ट में आगे आए। फिल्ममेकर फराह खान ने राहुल की पोस्ट पर कमेंट करते हुए उन्हें गुड लक कहा।
एक्ट्रेस शिल्पा शिरोडकर ने कमेंट में कहा, "हम जो कर सकते हैं वो हमें करना होगा, दूसरों को बातें करने दो। ऑल द बेस्ट।" वहीं एक्टर सोनू सूद, अनुपम खेर और मनीष पॉल ने भी राहुल की तारीफ की।
90s के नेशनल क्रश
1990 में आई फिल्म 'आशिकी' से राहुल रॉय रातों-रात स्टार बन गए थे। आशिकी की रिलीज के बाद वे देश भर की लड़कियों के नेशनल क्रश बन गए थे। इसके बाद उन्होंने 30-40 फिल्मों में काम किया। राहुल रॉय पिछले काफी समय से फिल्मों में नहीं आए हैं। उन्होंने आखिरी बार साल 2023 में आई फिल्म आगरा में देखा गया था, जो कांस फिल्म फेस्टिवल में भी स्क्रीन हुई।
राहुल रॉय महेश भट्ट की कई फिल्मों में नजर आए। उन्होंने लगातार हिट गाने भी दिए, लेकिन वक्त के साथ-साथ उनका स्टारडम धूमिल होता गया। राहुल रॉय के इस पोस्ट को देख उनके कई फैंस फिर से उनके सपोर्ट में आगे आ रहे हैं।
यें खबरें भी पढ़ें...
SRK Upcoming Movies: आ रही है शाहरुख की 5 फिल्में, जो हिला देंगी बॉक्स ऑफिस का हर रिकॉर्ड
2026-27 में आएगी मायथोलॉजिकल फिल्मों की बाढ़, रामायण समेत सात बड़ी फिल्में
OTT Release This Week: मार्च के आखिरी हफ्ते में ओटीटी पर रिलीज होंगी ये 5 जबरदस्त फिल्में