पढ़ाई से लेकर जॉब तक चलेगी अपार आईडी, एक क्लिक पर दिखेगा पूरा रिकॉर्ड
अपार आईडी अब पढ़ाई के साथ-साथ जॉब के लिए भी बेहद काम की साबित होगी। इस आईडी के जरिए कोई भी नियोक्ता छात्रों का शैक्षणिक डाटा एक क्लिक में देख सकेगा। शिक्षा मंत्रालय की तरफ से देशभर के सभी छात्रों के लिए वन नेशन-वन-स्टूडेंट आईडी योजना की शुरुआत की जा रही है। इस योजना के तहत देशभर के कई एजुकेशन बोर्ड छात्रों के लिए APAAR ID बना रहे हैं।
हाल ही में शिक्षा मंत्रालय ने छात्रों के लिए अपार पोर्टल पर प्राइवेसी पॉलिसी को अपडेट किया है। इसके मुताबिक अब शैक्षणिक संस्थान के साथ-साथ छात्र जिस भी कंपनी में नौकरी के लिए आवेदन करेंगे, वहां के नियोक्ता अपार डाटा के जरिए उनकी डिग्री और मार्कशीट की जांच कर सकेंगे।
क्या है अपार आईडी
अपार आईडी शिक्षा मंत्रालय की तरफ से वन नेशन-वन-स्टूडेंट आईडी योजना के तहत शुरू की गई है। यह 12 अंकों का एक यूनिक कोड होता है। इस आईडी के लिए आधार कार्ड की जरूरत होती है। इस आईडी के जरिए छात्रों के सभी शैक्षणिक डाटा, जैसे स्कूल रिकॉर्ड, मार्कशीट, डिग्री और सर्टिफिकेट, को डिजिटली सुरक्षित रखा जाएगा। आसान भाषा में समझें तो सरकार छात्र की कक्षा 1 से लेकर उच्च शिक्षा तक के सभी रिकॉर्ड को संभालकर रखने की योजना बना रही है।
कैसे बनवा सकते हैं आईडी
अपार आईडी बनवाने की जिम्मेदारी स्कूल प्रशासन की है। इसके लिए CBSE की तरफ से सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं। CBSE ने सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि वे कक्षा 1 से लेकर 11 तक के छात्र-छात्राओं की अपार आईडी जरूर बनवाएं। अपार आईडी UDISE+ पोर्टल पर जाकर बनाई जा सकती है। इसके लिए सभी छात्रों को अपने आधार कार्ड की फोटोकॉपी जमा करानी होगी।
नौकरी में भी मिलेगी मदद
अपार आईडी के जरिए छात्रों को स्कूल और कॉलेज के बाद नौकरी में भी मदद मिलेगी। इसके जरिए नियोक्ता छात्र की शैक्षणिक जानकारी आसानी से देख सकेंगे। हालांकि शैक्षणिक डाटा देखने के लिए छात्रों की मंजूरी लेना अनिवार्य होगा।
छात्रों का डाटा देखने के लिए सबसे पहले इसकी सूचना संबंधित स्टूडेंट को दी जाएगी। इसके बाद स्टूडेंट के पास OTP भेजा जाएगा। स्टूडेंट से मंजूरी मिलने के बाद ही नियोक्ता उनका शैक्षणिक डाटा देख पाएंगे।
FAQ
- अपार आईडी क्या है और यह क्यों बनाई जा रही है?
अपार आईडी शिक्षा मंत्रालय की वन नेशन-वन-स्टूडेंट आईडी योजना के तहत बनाया जा रहा 12 अंकों का यूनिक कोड है। इसमें छात्रों का स्कूल रिकॉर्ड, मार्कशीट, डिग्री और सर्टिफिकेट जैसा सारा शैक्षणिक डाटा डिजिटली सुरक्षित रखा जाएगा। - अपार आईडी कैसे बनवाई जा सकती है?
यह आईडी स्कूल प्रशासन के जरिए UDISE+ पोर्टल पर बनाई जा सकती है। CBSE ने सभी स्कूलों को कक्षा 1 से 11 तक के छात्रों की अपार आईडी बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए छात्रों को आधार कार्ड की फोटोकॉपी जमा करनी होगी। - अपार आईडी से नौकरी में कैसे मदद मिलेगी?
नियोक्ता अपार आईडी के जरिए छात्रों का शैक्षणिक डाटा एक क्लिक में देख सकेंगे, लेकिन इसके लिए पहले छात्र की मंजूरी लेना अनिवार्य होगा। छात्र को OTP के जरिए सूचना मिलेगी, जिसके बाद ही नियोक्ता डाटा देख पाएंगे।
ये भी पढ़ें...
छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा : अपार आईडी के बिना नहीं रुकेगा ऑनलाइन फॉर्म
अपार आईडी पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला, जबरन नहीं मांग सकते बच्चों का आधार
CSVTU में एडमिशन के नियम बदले : ABC और APAAR ID हुई जरूरी
बिना परमिशन आपके बच्चों की जानकारी APAAR ID में हो रही अपलोड, निजी स्कूलों पर कलेक्टर बना रहे दबाव