गणेश विसर्जन के दौरान खाकी पर हमला: ट्रेनी DSP से मारपीट और तोड़फोड़

Umeshwari Baghel | Sept 25, 2026, 15:39 IST
गणेश विसर्जन के दौरान खाकी पर हमला
अंबिकापुर में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान ट्रेनी DSP निशांत कुर्रे से मारपीट का मामला सामने आया है। साइड देने की बात पर विवाद बढ़ा और युवकों ने उनकी कार में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने 6 युवकों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

समझें क्या है पूरा मामला

  • गणेश विसर्जन जुलूस में DSP से मारपीट
  • साइड मांगने पर भड़के युवकों ने किया हमला
  • ट्रेनी DSP की कार में भी की गई तोड़फोड़
  • पुलिस ने 6 युवकों को हिरासत में लिया
  • अंबिकापुर में घटना के बाद जांच शुरू

Ambikapur : छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में गणेश विसर्जन के दौरान ट्रेनी डीएसपी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि रास्ते में निकले विसर्जन जुलूस के दौरान साइड मांगने को लेकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ युवकों ने ट्रेनी डीएसपी निशांत कुर्रे के साथ मारपीट कर दी। आरोपियों ने उनकी निजी कार में भी तोड़फोड़ की।



घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 युवकों को हिरासत में लिया है। वहीं, मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


दरिमा से अंबिकापुर लौट रहे थे ट्रेनी DSP



जानकारी के मुताबिक, ट्रेनी डीएसपी निशांत कुर्रे दरिमा थाना प्रभारी भी हैं। बुधवार रात वह किसी काम से दरिमा क्षेत्र में थे और वहां से अपनी निजी कार से अंबिकापुर लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे कंठी और जगदीशपुर के बीच सड़क पर गणेश विसर्जन का जुलूस निकाला जा रहा था। जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल थे। डीजे के साथ नाच-गाना चल रहा था, जिससे सड़क पर आवाजाही रुक गई थी। इसी दौरान डीएसपी ने जुलूस में शामिल लोगों से वाहन निकालने के लिए रास्ता देने की बात कही।



साइड देने की बात पर शुरू हुआ विवाद

ट्रेनी डीएसपी निशांत कुर्रे ने पुलिस को बताया कि उन्होंने लोगों से केवल रास्ता खाली करने के लिए कहा था। इसके बाद कुछ युवक नाराज हो गए और उनसे बहस करने लगे। बताया जा रहा है कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। जुलूस में शामिल कुछ युवकों ने डीएसपी को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उन्होंने डीएसपी की कार को भी नुकसान पहुंचाया। युवकों ने कार के शीशे तोड़ दिए और वाहन में जमकर तोड़फोड़ की। किसी तरह डीएसपी ने वहां से खुद को बचाया और घटना की जानकारी पुलिस को दी।



पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने वहां मौजूद लोगों को हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद कुछ संदिग्ध युवकों को पकड़कर थाने ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में 6 युवकों को हिरासत में लिया गया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।



SDOP ने बताया- दर्ज की गई FIR

अंबिकापुर SDOP राकेश बघेल ने बताया कि दरिमा थाना प्रभारी निशांत कुर्रे रात में भ्रमण पर थे। रास्ते में गणेश विसर्जन का जुलूस निकल रहा था, जिसके कारण सड़क पर आवागमन प्रभावित था।



उन्होंने बताया कि रास्ता खुलवाने को लेकर बातचीत के दौरान कुछ युवकों ने विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ की घटना हुई। SDOP ने कहा कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



विसर्जन आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

गणेश विसर्जन जैसे आयोजनों में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर निकलते हैं। ऐसे समय में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए चुनौती बन जाता है। अंबिकापुर में पुलिस अधिकारी के साथ हुई इस घटना के बाद आयोजन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।



ये खबरें भी पढ़े....

बालोद सड़क हादसा: गणेश विसर्जन से लौट रहे 5 युवकों की मौत, 7 गंभीर रूप से घायल



अंबिकापुर में व्यवसायी से 2.39 करोड़ की धोखाधड़ी, आरोपी सुजीत जायसवाल गिरफ्तार



एमपी में गणेश विसर्जन जुलूस पर पथराव, मूर्तियां खंडित, एक्शन मोड में पुलिस



अवैध हिरासत और मारपीट पर आरोपी व नाबालिग रिहा, SHO पर केस दर्ज करने के आदेश



Tags:
  • मारपीट
  • गणेश विसर्जन जुलूस पर पथराव
  • अंबिकापुर
  • डीएसपी