ज्ञानेश कुमार ही जिता सकते हैं बीजेपी को चुनाव, भूपेश बोले, ऐसे में 90 में से 91 सीटें जीत जाएगी भाजपा

Arun Tiwari | Published:
​बीजेपी को ज्ञानेश कुमार ही जिता सकते हैं चुनाव​
Only CEC Gyanesh Kumar Can Make BJP Win, Would Win 91 Out of 90 Seats If He Stays - Baghel Takes Jibe
छत्तीसगढ़ की राजनीति में बीजेपी और कांग्रेस के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश की बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया है कि यदि आज चुनाव हो जाएं तो बीजेपी के विधायक एक इनोवा गाड़ी में ही सिमट जाएंगे। उन्होंने प्रदेश में बीजेपी की राजनीतिक स्थिति को कमजोर बताते हुए कहा कि सरकार के खिलाफ जनता में नाराजगी है।

बघेल ने इस दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भी तंज कसा। रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान भूपेश बघेल ने बीजेपी पर कई मुद्दों को लेकर हमला बोला। उन्होंने चुनावी नतीजों को लेकर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में बीजेपी की स्थिति अच्छी नहीं है। बीजेपी को सिर्फ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ही जिता सकते हैं। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि यदि ज्ञानेश कुमार रहेंगे तो बीजेपी 90 में से 91 सीटें भी जीत जाएगी।



नितिन नवीन के दौरे पर बिहार चुनाव का जिक्र

भूपेश बघेल ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर को छठ पर्व है, लेकिन नितिन नवीन बिहार नहीं जा रहे हैं। बिहार उपचुनाव में हार क्या मिली, उन्हें छत्तीसगढ़ आना पड़ गया। बघेल की इस टिप्पणी को बिहार की राजनीतिक परिस्थितियों और बीजेपी के चुनावी प्रदर्शन पर तंज के रूप में देखा जा रहा है।



नितिन नवीन 15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह छत्तीसगढ़ का पहला दौरा है। ऐसे में उनके दौरे से पहले ही कांग्रेस ने राजनीतिक हमले तेज कर दिए हैं।



धान खरीदी को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री ने धान खरीदी के मुद्दे पर भी विष्णुदेव साय सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि धान खरीदी 1 नवंबर से शुरू हो जानी चाहिए थी। सरकार ने आदान सहायता के नाम पर जो व्यवस्था की है, वह किसानों को झुनझुना पकड़ाने जैसी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अंततः कांग्रेस की नीतियों को ही आगे बढ़ाया है। बघेल ने कहा कि धान खरीदी की तैयारियों को लेकर सरकार की व्यवस्था स्पष्ट नहीं है।



किसानों से पूरा धान खरीदने की सरकार की मंशा पर भी उन्होंने सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि क्या सरकार ने पर्याप्त बारदाने और धान रखने के लिए जगह की व्यवस्था कर ली है? किसानों को भुगतान करने के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध है या नहीं? उन्होंने राइस मिलर्स की स्थिति पर भी सवाल उठाए। बघेल ने कहा कि पिछले वर्ष का पूरा चावल मिलर्स ने जमा किया है या नहीं, इसकी जानकारी सरकार को सार्वजनिक करनी चाहिए। यदि चावल का उठाव नहीं हुआ है तो धान खरीदी के लिए डीओ (डिलीवरी ऑर्डर) कैसे जारी होंगे? उन्होंने सरकार से धान खरीदी की पूरी व्यवस्था को लेकर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की।



जातिगत जनगणना पर प्रधानमंत्री को घेरा

जातिगत जनगणना के मुद्दे पर भी भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री जातिगत जनगणना को लेकर जनता के सामने सही जानकारी नहीं रख रहे हैं। बघेल का कहना था कि राजपत्र में जातिगत जनगणना का स्पष्ट उल्लेख नहीं है और ओबीसी वर्ग को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है। उन्होंने मांग की कि जनगणना में सभी वर्गों की जातिगत गणना होनी चाहिए। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के साथ अन्य पिछड़ा वर्ग की भी पूरी जानकारी जुटाई जानी चाहिए। उनके मुताबिक, जातिगत जनगणना सामाजिक और आर्थिक स्थिति को समझने के लिए जरूरी है।



भिलाई की मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप

भूपेश बघेल ने भिलाई नगर निगम चुनाव की मतदाता सूची को लेकर भी निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां हैं और नए मतदाताओं के नाम शामिल नहीं किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि भिलाई नगर निगम क्षेत्र में पांच हजार से अधिक नए मतदाता सूची से बाहर हैं।



वहीं, पूरे प्रदेश में करीब 25 हजार नए मतदाताओं के नाम नहीं जोड़े गए हैं। बघेल ने इसे युवा मतदाताओं के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि जेन-जी मतदाताओं के नाम सूची में शामिल नहीं करना गंभीर मामला है। कांग्रेस की मांग है कि जिन युवाओं के नाम मतदाता सूची में छूट गए हैं, उन्हें तत्काल जोड़ा जाए, ताकि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग ले सकें।



चुनाव आयोग को लेकर फिर उठाए सवाल

बघेल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का जिक्र करते हुए चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी कटाक्ष किया। उनका कहना था कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में बीजेपी को चुनाव जीतने के लिए चुनाव आयोग पर निर्भर रहना पड़ रहा है।

Tags:
  • भूपेश बघेल
  • ज्ञानेश कुमार
  • Bhupesh Baghel
  • नितिन नवीन छत्तीसगढ़ दौरा
  • चुनाव आयोग
  • जनजातीय गौरव दिवस
  • Bhilai voter list
  • Gyanesh Kumar Chhattisgarh