बिलासपुर में दर्दनाक हादसा : नदी में बहे 3 मासूम, एक ही घर से उठीं 3 अर्थियां
समझें क्या है पूरा मामला
- बिलासपुर में नदी हादसा, स्कूल से लौट रहे 3 बच्चों की मौत
- घोंघा नदी के तेज बहाव में बहे तीन मासूम बच्चे
- एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत से गांव में मातम
- स्कूल से घर लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा
- तखतपुर के समडील गांव में पसरा शोक का माहौल
Bilaspur : बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया। स्कूल से घर लौट रहे तीन मासूम बच्चे घोंघा नदी के तेज बहाव में बह गए। हादसे में दो बच्चियों समेत तीनों बच्चों की मौत हो गई। तीनों बच्चे एक ही परिवार के थे। घटना के बाद समडील गांव में शोक का माहौल है।
नदी पार करते समय तेज बहाव में फंसे बच्चे
जानकारी के मुताबिक, समडील गांव के रहने वाले बच्चे स्कूल से छुट्टी के बाद अपने घर लौट रहे थे। घर जाने के लिए उन्हें घोंघा नदी पार करनी पड़ती थी। नदी में उस समय पानी ज्यादा नहीं था, लेकिन अचानक तेज बहाव आने से बच्चे संभल नहीं पाए और पानी की चपेट में आ गए।
मृतकों की पहचान 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अनमोल और स्तुति एक ही पिता भुनेश्वर जायसवाल के बच्चे थे, जबकि शिक्षा विजय जायसवाल की बेटी थी।
कई घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में नदी किनारे पहुंच गए। लोगों ने बच्चों की तलाश शुरू की। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ को बुलाया गया। एसडीआरएफ टीम ने नदी में कई घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों के शव बरामद किए गए।
एक ही परिवार से उठीं तीन अर्थियां
हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत से गांव में मातम छा गया। जब तीनों बच्चों की अंतिम यात्रा निकली तो पूरा गांव गमगीन हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों के साथ हुआ हादसा बेहद दुखद है। गांव के लोग नदी किनारे काफी देर तक बच्चों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए बैठे रहे।
अचानक बढ़ा बहाव बना हादसे की वजह
तखतपुर थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने बताया कि बच्चे स्कूल से लौटते समय नदी पार कर रहे थे। नदी में पानी कम था, लेकिन अचानक तेज बहाव आने से बच्चे उसकी चपेट में आ गए।
पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाश अभियान चलाया और बच्चों के शव बरामद किए। घटना की जांच की जा रही है।
ये खबरें भी पढ़े...
बिलासपुर से तीन नई वंदे भारत, टाटा-हावड़ा-बनारस रूट का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को
शिक्षा विभाग का बड़ा फैसला : डॉ. अजय कौशिक बने बिलासपुर के नए प्रभारी DEO