बृजमोहन ने उतारी नायब तहसीलदार की लू, बोले शिकायतों पर कैसे अभिनंदन करें आपका
Raipur : छत्तीसगढ़ में इन दिनों सुशासन तिहार चल रहा है। अधिकारियों के लिए ये सुशासन फटकार बन गया है। रायपुर जिले के आरंग की समोदा नगर पंचायत में सुशासन तिहार के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल एक अधिकारी पर जमकर नाराज हो गए। मंच से नायब तहसीलदार गजानंद सिदार को फटकार लगाते हुए उन्होंने कहा, आपका अभिनंदन करें कि क्या करें बताओ। सबसे ज्यादा शिकायत आपकी ही है। इस दौरान वहां मौजूद ग्रामीणों ने तालियां बजाकर उनका समर्थन किया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
नायब तहसीलदार की शिकायत
समोदा हाई स्कूल मैदान में सुशासन तिहार कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। शासन की योजनाओं और प्रशासनिक कामकाज को लेकर शिकायतें सुनी जा रही थीं। सबसे ज्यादा नाराजगी तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली को लेकर सामने आई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि समोदा तहसील कार्यालय में नामांतरण, सीमांकन और बंटवारे जैसे राजस्व मामलों का समय पर निराकरण नहीं हो रहा है। कई प्रकरण महीनों से लंबित पड़े हैं। लोगों ने यह भी शिकायत की कि काम आगे बढ़ाने के नाम पर पैसों की मांग की जाती है और बिना लेन-देन के फाइलें नहीं चलतीं।
मंच पर ही अफसर की उतारी लू
शिकायतों के बाद सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मंच से पूछा, यहां के नायब तहसीलदार कौन हैं? इसके बाद गजानंद सिदार मंच पर पहुंचे। सांसद ने नाराजगी जताते हुए कहा, कितना पैसा लेते हो, जो लोगों को बोलते हो। इसकी सबसे ज्यादा शिकायत है। कितना पैसा दिए हो सांसद जी को। यह सुनते ही मौके पर मौजूद ग्रामीण तालियां बजाने लगे। हालांकि नायब तहसीलदार ने हाथ के इशारे से आरोपों से इनकार किया।
3 दिन में मांगी रिपोर्ट
सांसद ने अपने पास मौजूद एक आवेदन दिखाते हुए पूछा कि उसका निराकरण अब तक क्यों नहीं हुआ। उन्होंने अतिरिक्त कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर और एसडीएम अभिलाषा पैकरा को निर्देश देते हुए कहा कि तहसील कार्यालय में लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की जाए और तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।उन्होंने अधिकारियों से साफ कहा कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और भविष्य में ऐसी शिकायतें दोबारा नहीं आनी चाहिए। सांसद ने यह भी चेतावनी दी कि यदि शिकायतें सही पाई गईं तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खुश हुए लोग
कार्यक्रम में मौजूद कई ग्रामीणों ने सांसद की कार्रवाई का समर्थन किया। लोगों का कहना था कि वे लंबे समय से तहसील कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा था। ऐसे में पहली बार किसी जनप्रतिनिधि ने खुले मंच से अधिकारियों से जवाब मांगा है। सुशासन तिहार कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही, लेकिन पूरे आयोजन में सबसे ज्यादा चर्चा सांसद बृजमोहन अग्रवाल की नाराजगी और नायब तहसीलदार को मंच से लगाई गई फटकार की होती रही।
यह खबरें भी पढ़े...
सांसद बृजमोहन अग्रवाल बोले- मेरे साथ कोई सौतेला व्यवहार नहीं कर सकता
मेरे घर में 80 साल से नहीं आया भैंस का दूध, सांसद बृजमोहन ने कहा, 90 गायों से करते हैं खेती
पैसे देकर बन रहे इंजीनियरिंग सर्टिफिकेट, सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने संसद में उठाया मुद्दा
सांसद बृजमोहन अग्रवाल को संसद की विशेषाधिकार समिति में मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी