छत्तीसगढ़ में 12वीं का हिंदी पेपर रद्द, अब इस दिन होगी परीक्षा
Raipur. छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने कक्षा 12वीं की हिंदी परीक्षा रद्द कर दी है। यह फैसला हिंदी पेपर लीक होने की आशंका के मद्देनजर लिया गया। कक्षा 12वीं की हिंदी परीक्षा 14 मार्च 2026 को आयोजित की गई थी, लेकिन परीक्षा से पहले सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप ग्रुपों में कुछ सवालों के वायरल होने की शिकायतें सामने आई थीं।
NSUI ने उठाया मुद्दा
छात्र संगठन NSUI ने पहले ही पेपर लीक (CGBSE 12th Paper Leak) होने का दावा करते हुए परीक्षा के निष्पक्ष संचालन की मांग की थी। संगठन ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल का घेराव करने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की अपील की।
एफआईआर और जांच
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर के सिटी कोतवाली थाने में FIR दर्ज कराई। इसके बाद साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने के बाद परीक्षा को निरस्त करने का निर्णय लिया गया।
अगले महीने होगी परीक्षा
बोर्ड ने स्पष्ट किया कि हिंदी विषय की परीक्षा 10 अप्रैल 2026 को आयोजित होगी। परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक रहेगा। छात्र सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र में उपस्थित होंगे, 9:05 बजे उत्तर पुस्तिका बांटी जाएगी, 9:10 बजे प्रश्नपत्र दिया जाएगा और 9:15 बजे से उत्तर लिखना शुरू होगा।
छात्रों और अभिभावकों के लिए अपील
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने छात्रों से अपील की है कि वे नई तिथि के अनुसार परीक्षा की तैयारी करें। साथ ही कहा गया कि संबंधित लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निष्पक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित करना
मंडल ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता और छात्रों के हित को बनाए रखना प्राथमिकता है। यह कदम यह सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है कि छात्रों की मेहनत और परिणाम सुरक्षित रहें।
ये खबरें भी पढ़ें...
CGBSE बोर्ड 12वीं का पेपर लीक! अब FIR दर्ज, परीक्षा से 24 घंटे पहले व्हाट्सऐप पर आ गए थे सवाल
12वीं हिंदी पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था सवालों के कटघरे में
राजस्थान हाई कोर्ट में एसओजी द्वारा एसआई भर्ती परीक्षा रद्द करने की सिफारिश पर बड़ा सवाल
18 जून को हुई UGC-NET 2024 की परीक्षा रद्द , शिक्षा मंत्रालय का बड़ा फैसला , CBI जांच कराने की घोषणा