रायपुर से बस्तर तक 125 अधिकारियों का ट्रांसफर, अपर कलेक्टरों को भी नई जिम्मेदारी, तुरंत ज्वाइनिंग के आदेश

VINAY VERMA | Sept 29, 2026, 14:16 IST
छत्तीसगढ़ में 125 अधिकारियों का ट्रांसफर
छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल हुआ है। राज्यपाल के नाम से जारी आदेश में राज्य प्रशासनिक सेवा के 125 अधिकारियों को इधर से उधर किया गया है। इनमें वरिष्ठ प्रवर श्रेणी से लेकर प्रवर, वरिष्ठ और कनिष्ठ श्रेणी के अधिकारी शामिल हैं। तबादले प्रशासनिक आधार पर किए गए हैं और अधिकारियों को नई जगह तत्काल ज्वाइन करने को कहा गया है।

जिलों के अपर कलेक्टर भी बदले

तबादले में कई जिलों के अपर कलेक्टरों की कुर्सी बदली गई है। कोरिया के अपर कलेक्टर सुरेंद्र प्रसाद वैद्य को बालोद भेजा गया है। बालोद के अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक अब सारंगढ़-बिलाईगढ़ संभालेंगे। सरगुजा के सुनील कुमार नायक को जशपुर की जिम्मेदारी दी गई है।



दंतेवाड़ा के अपर कलेक्टर राजेश कुमार पात्रे को नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण में प्रबंधक बनाया गया है। मुंगेली की अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी को बेमेतरा भेजा गया है, जबकि जशपुर के अपर कलेक्टर प्रदीप कुमार साहू भी बेमेतरा पहुंचेंगे।



बस्तर से लेकर मैदानी जिलों तक बदलाव

बस्तर के अपर कलेक्टर चन्द्रिका प्रसाद बघेल को सुकमा भेजा गया है। गरियाबंद के नवीन कुमार भगत को सक्ती, कबीरधाम के संदीप कुमार ठाकुर को रायपुर विकास प्राधिकरण में अतिरिक्त CEO और सरगुजा के रामसिंह ठाकुर को सूरजपुर का अपर कलेक्टर बनाया गया है।



रायपुर के अपर कलेक्टर नवीन कुमार ठाकुर को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी भेजा गया है। वहीं बालोद के ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर अब धमतरी के अपर कलेक्टर होंगे।




रायपुर में भी कई चेहरे बदले

राजधानी रायपुर भी इस फेरबदल से अछूती नहीं रही। रायगढ़ के अपर कलेक्टर रवि राही को रायपुर नगर निगम में अपर आयुक्त बनाया गया है। अरविंद कुमार पाण्डेय को छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी, निमोरा में संयुक्त संचालक की जिम्मेदारी दी गई है।



अतुल विश्वकर्मा को भू-अभिलेख के संयुक्त आयुक्त पद से हटाकर रायपुर नगर निगम का अपर आयुक्त बनाया गया है। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की अवर सचिव रूचि शर्मा को रायपुर नगर निगम में उपायुक्त बनाया गया है।



मंत्रालय से मैदानी पोस्टिंग तक

तबादला सूची में मंत्रालय और विभागीय कार्यालयों के अधिकारी भी शामिल हैं। देवेन्द्र कुमार प्रधान को बलरामपुर-रामानुजगंज से स्वास्थ्य सेवाओं के संचालनालय में उप संचालक बनाया गया है। जशपुर के डिप्टी कलेक्टर हरिओम द्विवेदी अब मंत्रालय में राज्य शिष्टाचार अधिकारी होंगे।



बस्तर के डिप्टी कलेक्टर गगन शर्मा को छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड में प्रबंधक की जिम्मेदारी दी गई है। सूरजपुर की चांदनी कंवर को राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण में प्रबंधक बनाया गया है।




वक्फ बोर्ड और शिक्षा मंडल में भी बदलाव

नवा रायपुर में भी कई पद बदले गए हैं। राज्य वक्फ बोर्ड की CEO शिम्मी नाहिद को छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल में उप सचिव बनाया गया है। वहीं नारायणपुर के डिप्टी कलेक्टर गोविन्द कुमार सिन्हा को राज्य वक्फ बोर्ड का CEO बनाया गया है।



GAD के उप सचिव पुलक भट्टाचार्य को उनके मौजूदा काम के साथ सूडा के अतिरिक्त CEO की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह GAD की उप सचिव डॉ. ऋतु वर्मा को उच्च शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार मिला है।



बस्तर संभाग में भी फेरबदल

बस्तर संभाग के जिलों में भी कई अधिकारियों की नई पोस्टिंग की गई है। अमित बेक, अजय कुमार शतरंज और रामरतन प्रसाद दुबे को बस्तर में डिप्टी कलेक्टर बनाया गया है। पिंकी मनहर और राम सिंह सोरी दंतेवाड़ा में नई जिम्मेदारी संभालेंगे।



बीजापुर में राकेश कुमार साहू और अमीय श्रीवास्तव को डिप्टी कलेक्टर बनाया गया है। बिलासपुर में सीमा पात्रे, बजरंग सिंह वर्मा, डॉ. उमेश कुमार पटेल और संगीता अग्रवाल को कलेक्टर कार्यालय में नई जिम्मेदारी मिली है।



तत्काल ज्वाइनिंग का आदेश

आदेश की कंडिका 21 में साफ कहा गया है कि सभी अधिकारी नई पदस्थापना पर तत्काल कार्यभार संभालें। इसके बाद पालन प्रतिवेदन विभाग को देना होगा। यानी 125 अधिकारियों के तबादले के साथ अब जिलों और विभागों में प्रशासनिक कामकाज का चेहरा भी तेजी से बदलने वाला है।



Tags:
  • gad
  • छत्तीसगढ़
  • अधिकारियों का ट्रांसफर
  • अपर कलेक्टर
  • अफसरों का तबादला
  • राज्य प्रशासनिक सेवा