CGPSC और D.El.Ed परीक्षा एक साथ, परेशान अभ्यर्थियों ने की डेट बदलने की मांग
छत्तीसगढ़ में हजारों अभ्यर्थी इस समय बड़ी परेशानी का सामना कर रहे हैं। वजह है D.El.Ed द्वितीय वर्ष की परीक्षा और CGPSC राज्य सेवा मुख्य परीक्षा की तारीखों का आपस में टकराना। 8 जून 2026 को D.El.Ed की परीक्षा आयोजित होनी है, जबकि CGPSC मुख्य परीक्षा 6 जून से 9 जून 2026 तक चलेगी। ऐसे में दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
छात्रों का कहना है कि दोनों परीक्षाएं उनके करियर के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं और एक ही दिन परीक्षा होने के कारण उन्हें किसी एक परीक्षा को छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।
8 जून को एक साथ दो अहम परीक्षाएं
माध्यमिक शिक्षा मंडल छत्तीसगढ़ द्वारा जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार D.El.Ed द्वितीय वर्ष की परीक्षा 8 जून 2026 को निर्धारित की गई है। वहीं CGPSC राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 6 जून से 9 जून तक आयोजित होगी।
ऐसे में बड़ी संख्या में ऐसे छात्र हैं जो शिक्षक भर्ती और प्रशासनिक सेवा दोनों की तैयारी कर रहे हैं। 8 जून को दोनों परीक्षाएं होने के कारण छात्र असमंजस और तनाव में हैं, क्योंकि एक ही समय में दोनों परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित होना संभव नहीं है।
शिक्षक भर्ती पर भी पड़ सकता है असर
अभ्यर्थियों का कहना है कि D.El.Ed परीक्षा पास करना उनके लिए बेहद जरूरी है, क्योंकि अक्टूबर 2026 में प्रस्तावित बड़ी शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए D.El.Ed उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा।
यदि छात्र 8 जून को D.El.Ed परीक्षा नहीं दे पाए, तो वे शिक्षक भर्ती की पात्रता से वंचित हो सकते हैं। वहीं दूसरी ओर CGPSC मुख्य परीक्षा भी उनके करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव है, जिसके लिए कई वर्षों से तैयारी की जाती है।
शिक्षा मंत्री और मंडल से लगाई गुहार
प्रभावित छात्रों ने शिक्षा मंत्री और माध्यमिक शिक्षा मंडल को आवेदन सौंपकर D.El.Ed परीक्षा की तारीख बदलने की मांग की है। छात्रों ने सुझाव दिया है कि CGPSC मुख्य परीक्षा समाप्त होने के बाद D.El.Ed की परीक्षा किसी दूसरी तिथि में आयोजित की जाए।
अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार को छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील निर्णय लेना चाहिए, ताकि किसी भी छात्र का नुकसान न हो।
छात्रों ने कहा- वर्षों की मेहनत दांव पर
छात्रों ने अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए कहा कि CGPSC मुख्य परीक्षा तक पहुंचने के लिए वर्षों की मेहनत लगती है। प्रारंभिक परीक्षा पास करने के बाद मुख्य परीक्षा का अवसर मिलता है।
वहीं शिक्षक बनने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए डीएलएलड परीक्षा भी उतनी ही अहम है। छात्रों का कहना है कि यदि परीक्षा तिथि में बदलाव नहीं किया गया, तो उन्हें मजबूरी में किसी एक परीक्षा का त्याग करना पड़ेगा।
सचिव द्वारा तिथि बदलने से इंकार की चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, छात्रों द्वारा दिए गए आवेदन पर माध्यमिक शिक्षा मंडल की सचिव रेणु पिल्ले ने परीक्षा तिथि आगे बढ़ाने से इंकार कर दिया है। हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है।
इसी वजह से छात्रों की चिंता और बढ़ गई है। सोशल मीडिया पर भी अभ्यर्थी लगातार अपनी मांग उठा रहे हैं।
विभाग की ओर से अब तक नहीं आया बयान
पूरे मामले में अभी तक माध्यमिक शिक्षा मंडल या शिक्षा विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि छात्रों को उम्मीद है कि सरकार जल्द इस मुद्दे पर निर्णय लेकर राहत दे सकती है।
सरकार से संवेदनशील फैसला लेने की अपील
अभ्यर्थियों ने सरकार से अपील की है कि दोनों परीक्षाएं सीधे उनके भविष्य और करियर से जुड़ी हुई हैं। इसलिए ऐसा समाधान निकाला जाए जिससे किसी भी छात्र का नुकसान न हो।
अब सभी की नजर शिक्षा विभाग और माध्यमिक शिक्षा मंडल के अगले कदम पर टिकी हुई है।
ये खबरें भी पढ़ें...
व्यापम की बड़ी लापरवाही! एक ही दिन में UPSC और NRDA की परीक्षा, हजारों छात्र परेशान
CG D.El.Ed Exam 2026: फर्स्ट और सेकंड ईयर का टाइम टेबल जारी, देखें पूरा शेड्यूल
CGPSC Mains Exam का टाइम टेबल बदला, अब इस दिन से होंगी परीक्षाएं
66 प्राइवेट कॉलेजों में D.El.Ed कोर्स की फीस जल्द होगी तय,हाईकोर्ट ने सरकार को दिए निर्देश