IAS-IPS अफसरों की बढ़ी सैलरी, छत्तीसगढ़ में 60 से 63% हुआ महंगाई भत्ता, 1 जुलाई से मिलेगा बढ़ोतरी का फायदा

VINAY VERMA | Published:
छत्तीसगढ़ में IAS-IPS अफसरों का DA 63% हुआ, नकद एरियर्स भी मिलेगा
छत्तीसगढ़ में कार्यरत IAS और IPS समेत अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों का महंगाई भत्ता (DA) बढ़ा दिया गया है। राज्य सरकार ने इन अधिकारियों का DA 60 प्रतिशत से बढ़ाकर 63 प्रतिशत करने का आदेश जारी किया है। यानी अधिकारियों को अब 3 प्रतिशत ज्यादा महंगाई भत्ता मिलेगा। नई दर 1 जुलाई 2026 से लागू होगी।

खास बात यह है कि जुलाई से अब तक का एरियर्स भी अधिकारियों को नकद दिया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। मंत्रालय से जारी आदेश में बढ़े हुए DA के भुगतान की प्रक्रिया भी स्पष्ट कर दी गई है। यह फैसला केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग की ओर से 29 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के आधार पर लिया गया है।



जुलाई से मिलेगा बढ़ोतरी का फायदा

अब तक अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों को 60 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिल रहा था। सरकार के नए आदेश के बाद यह बढ़कर 63 प्रतिशत हो गया है। नई दर 1 जुलाई 2026 से प्रभावी मानी जाएगी। इसका मतलब है कि अधिकारियों को नवंबर के वेतन में बढ़ी हुई दर का लाभ मिलने के साथ जुलाई से अक्टूबर तक के बकाया DA का भी भुगतान किया जाएगा।




सरकार ने साफ किया है कि 1 जुलाई से देय महंगाई भत्ते का भुगतान नकद किया जाएगा। इसके लिए अलग से किसी अधिकारी के नाम व्यक्तिगत प्राधिकार पत्र जारी करने की जरूरत नहीं होगी।



एरियर्स के लिए भी तय की व्यवस्था

आदेश में एरियर्स के भुगतान को लेकर भी निर्देश दिए गए हैं। जिस अवधि का एरियर्स बनता है, उसका भुगतान उसी कार्यालय से किया जाएगा, जहां से संबंधित अवधि में अधिकारी का वेतन निकाला गया था। यानी अगर किसी अधिकारी का उस दौरान दूसरे कार्यालय में पदस्थापना या वेतन आहरण हुआ है तो बकाया राशि की गणना उसी कार्यालय के जरिए होगी।



महंगाई भत्ते की गणना वेतन मैट्रिक्स में संबंधित लेवल के तहत आहरित वेतन के आधार पर की जाएगी। इसमें विशेष वेतन और व्यक्तिगत वेतन को शामिल नहीं किया जाएगा।




वेतन पर्ची में होगा बदलाव

GAD ने स्पष्ट किया है कि इस बढ़ोतरी के लिए हर अधिकारी को अलग-अलग व्यक्तिगत आदेश जारी नहीं किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों की वेतन पर्चियों को नए आदेश के मुताबिक संशोधित माना जाएगा। पहले जितना महंगाई भत्ता दिया जा चुका है, उसका समायोजन करने के बाद बाकी राशि का भुगतान किया जाएगा।






आदेश की प्रतिलिपि महालेखाकार, सभी संभागीय आयुक्तों, कलेक्टरों और संबंधित विभागों को भेज दी गई है। अब संबंधित कार्यालयों को नई दर के हिसाब से वेतन और एरियर्स की गणना कर भुगतान की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।




FAQs

सवाल 1: छत्तीसगढ़ में IAS और IPS अधिकारियों का महंगाई भत्ता कितना बढ़ा है?



जवाब: राज्य सरकार ने IAS, IPS समेत अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों का DA 60 प्रतिशत से बढ़ाकर 63 प्रतिशत करने का आदेश जारी किया है। यानी अधिकारियों को अब 3 प्रतिशत ज्यादा महंगाई भत्ता मिलेगा। नई दर 1 जुलाई 2026 से लागू होगी।



सवाल 2: बढ़े हुए DA का बकाया यानी एरियर्स कैसे मिलेगा?



जवाब: जुलाई से अब तक का एरियर्स अधिकारियों को नकद दिया जाएगा। यह भुगतान उसी कार्यालय से होगा, जहां से संबंधित अवधि में अधिकारी का वेतन निकाला गया था। इसके लिए हर अधिकारी को अलग व्यक्तिगत आदेश जारी नहीं किया जाएगा।



सवाल 3: महंगाई भत्ते की गणना में कौन सा वेतन शामिल होगा?



जवाब: महंगाई भत्ते की गणना वेतन मैट्रिक्स में संबंधित लेवल के तहत आहरित वेतन के आधार पर होगी। इसमें विशेष वेतन और व्यक्तिगत वेतन को शामिल नहीं किया जाएगा।

Tags:
  • महंगाई भत्ता
  • अखिल भारतीय सेवा
  • सामान्य प्रशासन विभाग
  • 63 प्रतिशत
  • वेतन पर्ची
  • DA
  • Dearness Allowance
  • IPS