केंद्र से साय सरकार तक विस्तार पर चर्चा, दिल्ली में बढ़ेगा छत्तीसगढ़ का वजन

Arun Tiwari | Jun 24, 2026, 16:52 IST
रायपुर से दिल्ली तक बढ़ेगा छत्तीसगढ़ का रसूख
छत्तीसगढ़ और केंद्र में बीजेपी सरकार व संगठन के भीतर बड़े फेरबदल की अटकलें तेज हैं, जिससे दिल्ली और रायपुर की राजनीति में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व और वजन बढ़ने की संभावना है।

RAIPUR : बीजेपी के राजनीतिक गलियारों में इन दिनों दिल्ली से लेकर रायपुर तक बदलाव की चर्चाएं जोरों पर हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल, बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की नई टीम के गठन और छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंत्रिमंडल में बदलाव की अटकलों ने दिल्ली से रायपुर तक हलचल बढ़ा दी है।



आधिकारिक तौर पर भले ही कुछ जाहिर न हो लेकिन बीजेपी के अंदरुनी सूत्र इस बदलाव की हलचल से इनकार नहीं कर रहे। सीएम विष्णुदेव साय के दिल्ली दौरे इन कयासों को और हवा दे रहे हैं। सूत्र कहते हैं कि दिल्ली में चाहे सरकार की बात हो या संगठन की, छत्तीसगढ़ का वजन बढ़ने वाला है। आने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए सरकार और संगठन में प्रदेश का प्रतिनिधित्व बढ़ सकता है।



बदलाव का बड़ा असर :

केंद्रीय मंत्रिमंडल में बदलाव की चर्चा पिछले कई महीनों से चल रही है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद से ही यह कयास लगाए जा रहे थे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी टीम में कुछ बदलाव कर सकते हैं। हाल ही में राज्यसभा सदस्य बने नीतिश कुमार को केंद्र सरकार में जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है। वहीं केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन का राज्यसभा कार्यकाल समाप्त होने के बाद उनका इस्तीफा भी कई राजनीतिक संकेत दे रहा है।



दूसरी ओर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी अब पूरी तरह दिल्ली की राजनीति में सक्रिय हो चुके हैं, जिससे संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर बदलाव की संभावनाएं बढ़ गई हैं। इन चर्चाओं के बीच छत्तीसगढ़ में भी एक सवाल लगातार उठ रहा है कि क्या केंद्र में राज्य का प्रतिनिधित्व बढ़ सकता है। वर्तमान में बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद तोखन साहू केंद्र में राज्य मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। पार्टी के भीतर यह चर्चा है कि उनको प्रमोशन मिल सकता है।



इसके अलावा रायपुर या बस्तर संभाग से भी किसी सांसद को केंद्रीय मंत्रिपरिषद में शामिल किए जाने की संभावनाएं हैं। ओं पर चर्चा हो रही है। बीजेपी के सूत्र कहते हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए यदि केंद्र में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व बढ़ता है तो इसका राजनीतिक लाभ पार्टी को मिल सकता है।



नबीन की टीम में भी बढ़ेगा वजन :

वहीं संगठन में भी नई नियुक्तियों को लेकर चर्चाएं तेज हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की नई टीम में छत्तीसगढ़ से किन नेताओं को जगह मिलेगी इस पर भी कयास लगाए जा रहे हैं। राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सरोज पांडेय, लता उसेंडी, धरमलाल कौशिक और विजय शर्मा जैसे नेता विभिन्न जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। माना जा रहा है कि सरोज पांडेय और लता उसेंडी को फिर से संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका मिल सकती है।



वहीं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का नाम भी राष्ट्रीय स्तर की बड़ी जिम्मेदारी के लिए चर्चा में है। हालांकि पार्टी सूत्रों का कहना है कि वे फिलहाल राज्य की राजनीति और प्रशासनिक जिम्मेदारियों पर अधिक ध्यान देना चाहते हैं। बिलासपुर संभाग से सौरभ सिंह का नाम भी संगठनात्मक जिम्मेदारियों के लिए चर्चाओं में बना हुआ है।



साय कैबिनेट फेरबदल पर भी नजर :

इन सभी अटकलों के बीच सबसे ज्यादा नजरें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पर टिकी हैं। सूत्रों का दावा है कि हाल ही में मुख्यमंत्री निवास में हुई संगठनात्मक बैठक में मंत्रिमंडल के प्रदर्शन और भविष्य की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई थी। बताया जा रहा है कि इसी बैठक में संभावित फेरबदल का प्रारंभिक खाका भी तैयार किया गया है।



चर्चा है कि यदि बदलाव का फैसला होता है तो तीन से चार मंत्रियों की जिम्मेदारियों में परिवर्तन किया जा सकता है। कुछ विभागों का इधर से उधर होना भी संभव है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि यह फेरबदल विधानसभा के आगामी मानसून सत्र से पहले होगा या फिर सत्र समाप्त होने के बाद जुलाई में इसका मुहूर्त निकलेगा।



फिलहाल बीजेपी के भीतर दिल्ली और रायपुर दोनों जगह राजनीतिक हलचल तेज है। अब सभी की निगाहें पार्टी नेतृत्व और केंद्रीय नेतृत्व के अगले फैसलों पर टिकी हुई हैं जो आने वाले दिनों में कई नए राजनीतिक समीकरण तय कर सकते हैं।



FAQ

  1. वर्तमान में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री कौन हैं और उनका राजनीतिक सफर क्या रहा है?
    उत्तर: वर्तमान में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय हैं। वे राज्य के पहले आदिवासी मुख्यमंत्री हैं। वे छत्तीसगढ़ की कुनकुरी विधानसभा सीट से विधायक हैं। मुख्यमंत्री बनने से पहले वे सांसद, केंद्रीय राज्य मंत्री और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारियां भी संभाल चुके हैं।
  2. केंद्र सरकार के मौजूदा मंत्रिमंडल में छत्तीसगढ़ से एकमात्र प्रतिनिधित्व किसका है और वे किस पद पर हैं?
    उत्तर: वर्तमान में छत्तीसगढ़ से बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद तोखन साहू केंद्र सरकार में शामिल हैं। वे केंद्रीय मंत्रिपरिषद में आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। हालिया चर्चाओं के अनुसार, आगामी फेरबदल में उन्हें प्रमोट किया जा सकता है।
  3. बीजेपी के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन हैं और संगठन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किन नेताओं के हाथ में रहा है?
    उत्तर: बीजेपी के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन हैं। राष्ट्रीय संगठन में छत्तीसगढ़ से सरोज पांडेय (पूर्व राष्ट्रीय महासचिव), लता उसेंडी (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष), धरमलाल कौशिक और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा जैसे वरिष्ठ नेता विभिन्न राष्ट्रीय कार्यकारिणी और संगठनात्मक पदों पर रह चुके हैं, जिन्हें नई टीम में बड़ी जिम्मेदारी मिलने की उम्मीद है।

ये खबरें भी पढ़ें...

महादेव सट्टा के सौरभ चंद्राकर से भूपेश की चैट फर्जी, बघेल बोले राजनीतिक साजिश



राज्यसभा चुनाव ने टाला बड़ा राजनीतिक इम्तिहान, आखिर किसके साथ हैं निर्मला सप्रे?



मालिनी के करीबी शानू दिघे ने HC में कहा-राजनीतिक दबाव में FIR, पुलिस की मिलीभगत



सरकार के नए आदेश ने क्यों मचा दिया प्रशासनिक और राजनीतिक हड़कंप ?



Tags:
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
  • मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
  • मानसून सत्र
  • विधानसभा
  • उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा
  • केंद्रीय मंत्रिमंडल