छत्तीसगढ़ में ISI का एजेंट गिरफ्तार, ड्रोन से आने वाले थे हथियार
समझें क्या है पूरा मामला
छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान पंजाब के तरन तारण जिले के पट्टी निवासी सेवक सिंह के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी 21 जून को किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान हुई। उसके मोबाइल में पाकिस्तान, सऊदी अरब और मैक्सिको के संदिग्ध नंबरों से संपर्क के सबूत मिले हैं। पुलिस का दावा है कि वह छत्तीसगढ़ में टारगेट किलिंग की साजिश में भी शामिल हो सकता था।
कैसे हुई गिरफ्तारी
SP विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर जिले में संदिग्ध और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई चल रही है। पुलिस को सूचना मिली कि अकलतरा के मिनीमाता चौक स्थित राजीव केडिया के मकान में बाहरी राज्यों के लोग किराए पर रह रहे हैं।
पुलिस किरायेदारों का सत्यापन करने पहुंची। वहां सेवक सिंह संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। पूछताछ में उसके जवाब से पुलिस संतुष्ट नहीं हुई।
मोबाइल में मिले चौंकाने वाले सबूत
शक होने पर पुलिस ने सेवक सिंह का मोबाइल खंगाला। मोबाइल में पाकिस्तान, सऊदी अरब और मैक्सिको के कई संदिग्ध नंबरों से संपर्क के सबूत मिले।
WhatsApp, Telegram और Instagram के जरिए वह इन नंबरों से लगातार बातचीत करता था। मोबाइल में WhatsApp चैट, वीडियो कॉल रिकॉर्ड और कॉल रिकॉर्डिंग भी मिली। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
ISI से जुड़े नेटवर्क का दावा
शुरुआती पूछताछ में सेवक सिंह ने कथित तौर पर माना कि वह पिछले कुछ महीनों से पाकिस्तान में बैठे ISI समर्थित लोगों के संपर्क में था।
पुलिस के मुताबिक उस पर छत्तीसगढ़ के कुछ महत्वपूर्ण लोगों, संवेदनशील जगहों, वाहनों के नंबर और फोटो-वीडियो जैसी जानकारियां विदेश में साझा करने का संदेह है।
ड्रोन से हथियार, फिर टारगेट किलिंग की साजिश
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी को पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार मिलने की योजना थी। हथियार मिलने के बाद उसे पाकिस्तान में बैठे लोगों के इशारे पर किसी खास व्यक्ति या जगह को निशाना बनाने का काम दिया जा सकता था।
हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी इसकी पूरी पुष्टि नहीं हुई है। फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी।
कौन सी धाराओं में दर्ज हुआ मामला
आरोपी सेवक सिंह के खिलाफ अकलतरा थाने में भारतीय न्याय संहिता यानी BNS (BNS - Bharatiya Nyaya Sanhita) की धारा 152 और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। धारा 152 देशविरोधी गतिविधियों से संबंधित है। जांच आगे जारी है।
FAQ
- छत्तीसगढ़ में ISI का संदिग्ध एजेंट कहां से पकड़ा गया?
जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान सेवक सिंह पकड़ा गया। वह पंजाब के तरन तारण जिले का रहने वाला है। 21 जून को यह गिरफ्तारी हुई। - ISI क्या करती है?
ISI पाकिस्तान की एक खुफिया एजेंसी है, जो मुख्य रूप से देश की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा से जुड़ी जानकारी इकट्ठा करने का काम करती है। इसका मुख्य कार्य खुफिया ऑपरेशन, राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों की निगरानी और सैन्य रणनीतिक जानकारी जुटाना होता है। कई देशों में ISI पर जासूसी और गुप्त गतिविधियों से जुड़े आरोप भी लगते रहे हैं।
ये खबरें भी पढ़ें...
आईएसआई एजेंट गिरफ्तार, युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़ने का हैं आरोप
बड़ी आतंकी साजिश नाकाम: NIA ने अमेरिकी और 6 यूक्रेनी समेत 7 विदेशी को किया गिरफ्तार