चोरी के आरोप के बाद कांस्टेबल की बेटी ने लगाई फांसी, IC Mart संचालक पर FIR
छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में एक 17 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। बैकुंठपुर पुलिस लाइन में रहने वाले आरक्षक की बेटी ने फांसी लगाकर जान दे दी। आरोप है कि एक सुपर मार्केट संचालक ने उस पर कॉस्मेटिक सामान चोरी करने का आरोप लगाया, जबरन लिखित स्वीकारोक्ति कराई और स्कूटी लौटाने के बदले बड़ी रकम की मांग की। घटना के बाद पुलिस परिवार और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
मामले में पुलिस ने सुपर मार्केट संचालक समेत तीन लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, जबरन वसूली और अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। वहीं आरोपी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।
11वीं की छात्रा थी पूजा सिंह
जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन बैकुंठपुर में पदस्थ आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा की बेटी पूजा सिंह (17) आत्मानंद स्कूल में कक्षा 11वीं की छात्रा थी। मंगलवार को वह अपनी छोटी बहन के साथ बैकुंठपुर के संजय चौक स्थित आईसी मार्ट में सामान खरीदने गई थी।
आरोप है कि दुकान संचालक ने दोनों बहनों पर करीब 1500 रूपए के कॉस्मेटिक सामान चोरी करने का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि छात्राएं सामान लेकर दुकान से बाहर भी नहीं निकली थीं, इसके बावजूद उन्हें रोककर पूछताछ की गई।
जबरन लिखवाया चोरी का नोट
परिजनों के मुताबिक, दुकान संचालक ने पूजा और उसकी बहन से एक कागज पर सामानों की सूची लिखवाई और कथित तौर पर यह भी लिखवाया कि उन्होंने दुकान से चोरी की है। दोनों बहनों से उस कागज पर हस्ताक्षर भी कराए गए।
इसके बाद उनकी स्कूटी अपने कब्जे में रख ली गई। आरोप है कि स्कूटी लौटाने के लिए पहले 5 हजार रूपए मांगे गए।
स्कूटी लौटाने के लिए मांगे 50 हजार रूपए
घटना के बाद पूजा डर गई और उसने घर में किसी को इसकी जानकारी नहीं दी। बाद में उसने एक परिचित एएसआई को पूरी बात बताई। एएसआई जब आईसी मार्ट पहुंचे तो संचालक ने कथित रूप से स्कूटी छोड़ने के बदले पहले 20 हजार रूपए की मांग की।
अगले दिन छात्रा के पिता आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा खुद दुकान पहुंचे। उनका आरोप है कि संचालक ने इस बार स्कूटी लौटाने के बदले 50 हजार रूपए की मांग की। उनके पास 20 हजार रूपए थे, लेकिन इसके बावजूद स्कूटी वापस नहीं की गई।
सुसाइड नोट में लिखा- मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना
जब छात्रा को यह पता चला कि मामला परिवार तक पहुंच गया है और बदनामी हो रही है, तो वह मानसिक रूप से टूट गई। बुधवार दोपहर जब उसके पिता घर से बाहर थे और मां सूरजपुर से लौट रही थीं, उसी दौरान पूजा ने घर में फांसी लगा ली।
छात्रा ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा, जिसमें उसने लिखा कि:
"मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना। मेरी वजह से आप लोगों को बदनामी झेलनी पड़ रही है।"
यह नोट मिलने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
मां की हालत बिगड़ी, ICU में भर्ती
बेटी की मौत की खबर मिलने के बाद पूजा की मां की तबीयत भी बिगड़ गई। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि सदमे के कारण वह बार-बार बेहोश हो रही हैं और उन्हें आईसीयू में रखा गया है।
पुलिस परिवार ने किया थाने का घेराव
घटना के बाद पुलिस परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में बैकुंठपुर थाने पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने मांग की कि आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की जाए।
परिजनों और पुलिस परिवार ने यह भी कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी से पहले पोस्टमॉर्टम नहीं कराया जाएगा। बाद में पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।
विधायक भी पहुंचे, कार्रवाई का भरोसा दिया
बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों को न्याय का भरोसा दिलाया और पुलिस अधिकारियों को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
महिलाओं ने किया चक्काजाम
घटना से नाराज महिलाओं और स्थानीय लोगों ने आईसी मार्ट के सामने धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नेशनल हाईवे-343 पर बैठकर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
करीब आधे घंटे तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
आईसी मार्ट सील, साइबर टीम कर रही जांच
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आईसी मार्ट को सील कर दिया है। अंबिकापुर से पहुंची साइबर विशेषज्ञों की टीम दुकान के सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि छात्रा के साथ दुकान में क्या व्यवहार किया गया और घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति क्या थी।
संचालक समेत तीन लोगों पर केस दर्ज
बैकुंठपुर पुलिस ने आईसी मार्ट संचालक दीपक बैद, विनोद बैद और जगत बैद के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
आरोपियों पर आत्महत्या के लिए उकसाने, जबरन वसूली, सार्वजनिक स्थान पर अशोभनीय व्यवहार और एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराओं सहित विभिन्न प्रावधानों के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
फिलहाल मुख्य आरोपी फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है।
ये खबरें भी पढ़ें...
पापा-मम्मी मुझे माफ कर दो... सुसाइड नोट लिखकर युवती ने की आत्महत्या
Instagram पर लाइव आकर युवती ने लगाई फांसी... BF से हुआ था ब्रेकअप
भिलाई OYO होटल में प्रेमी ने प्रेमिका के सामने फांसी लगाकर दी जान
सलमान फायरिंग केस : पुलिस कस्टडी में आरोपी ने की फांसी लगाकर आत्महत्या