शराब घोटाले की रकम से अनवर ढेबर ने खरीदा 200 किलो गोल्ड, विदेशी मदिरा का लाइसेंस दिलाकर कमीशन वसूलता था सुब्बू
ईओडब्ल्यू की जांच में सामने आया है कि उसने अपने परिचित सराफा कारोबारियों और ज्वेलरों के माध्यम से घोटाले की रकम से अनवर ढेबर के लिए सोना और चांदी खरीदवाए। अब तक अनवर ढेबर के लिए 200 किलोग्राम से अधिक सोना खरीदे जाने की जानकारी मिली है। विदेशी शराब की आपूर्ति करने वाली कंपनियों से भी सुब्बू कमीशन वसूलता था। नई आबकारी नीति लागू होने के बाद विदेशी शराब की आपूर्ति का लाइसेंस किन लोगों को दिलाया जाए, उनसे किस अनुपात में कमीशन लिया जाए और उसकी वसूली कैसे हो, यह तय करने में भी उसकी भूमिका पाई गई है।
सिंडिकेट के कहने पर सुब्बू ने अपने परिचित हवाला कारोबारियों सुमित मालू और रवि बजाज के माध्यम से घोटाले की रकम देश के अलग-अलग शहरों में भिजवाई। अनवर ढेबर के कहने पर भारत से हवाला के जरिए दुबई भेजे गए करोड़ों रुपए के भुगतान के लिए सुब्बू, ईओडब्ल्यू द्वारा फरारी में चालान पेश किए गए आरोपी खंजन ठक्कर (वर्तमान में यूएई की जेल में निरुद्ध) के संपर्क में था। दुबई में यह रकम सुब्बू ने खुद प्राप्त की।
सुब्बू के हवाले पार्ट-बी का काम
- पार्ट-बी शराब के उत्पादन से लेकर शासकीय दुकानों तक उसकी आपूर्ति के लिए डिस्टिलरों, आबकारी अधिकारियों और ट्रांसपोर्टरों से समन्वय करता था सुब्बू।
- खाली बोतलों की व्यवस्था और डिस्टिलरीवार उनके सप्लायर तय करने में भी उसकी भूमिका थी। गाड़ियों और रकम के हिसाब से जुड़ी अनवर ढेबर और सुब्बू की व्हाट्सऐप चैट मिली हैं।
- 15 जिलों से पार्ट-बी शराब की बिक्री की रकम और कमीशन वसूलने की जिम्मेदारी सुब्बू के पास थी। वसूली और बकाया का हिसाब सिंडिकेट के सदस्यों को देता था।
- नई आबकारी नीति में विदेशी शराब की आपूर्ति का लाइसेंस वितरण तथा कमीशन निर्धारण में भी सुब्बू की भूमिका थी।
- हवाला के जरिए देश के अलग-अलग शहरों में घोटाले की करोड़ों की रकम भिजवाने में भी सुब्बू की भूमिका थी।
- दुबई में फरारी में चालान पेश किए गए आरोपी खंजन ठक्कर (हवाला कारोबारी) से हवाले की रकम खुद प्राप्त करता था।
- करीब चार साल से फरार था सुब्बू। शराब घोटाले से जुड़े मामलों में ईडी और ईओडब्ल्यू दोनों उसकी तलाश कर रही थीं।
- ईओडब्ल्यू के अनुरोध पर इंटरपोल ने अगस्त 2026 में रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। इसी नोटिस के आधार पर एनसीबी, अबूधाबी ने सुब्बू को हिरासत में लेकर छत्तीसगढ़ ईओडब्ल्यू की टीम को सौंपा।
- दुबई से भारत लाने के बाद ईओडब्ल्यू ने 27 नवंबर की देर रात सुब्बू को गैर-जमानती वारंट पर विशेष न्यायालय, रायपुर में पेश किया।
- न्यायालय की अनुमति से सुब्बू को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के लिए उसे 30 नवंबर 2026 तक पुलिस रिमांड पर लिया गया।
- प्रकरण में व्यक्तियों, फर्मों और कंपनियों सहित कुल 97 आरोपियों के विरुद्ध अब तक 10 चालान पेश किए जा चुके हैं।
सुब्बू ने परिवार समेत दुबई को बनाया था ठिकाना
शराब घोटाले में कार्रवाई शुरू होने के बाद सुब्बू अक्टूबर 2022 के आसपास अपने परिवार के साथ दुबई फरार हो गया था। ईओडब्ल्यू ने 17 जनवरी 2024 को सुब्बू के खिलाफ अपराध दर्ज किया। जांच के दौरान सुब्बू को पूछताछ के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ। नवंबर 2024 में उसके विरुद्ध फरारी में पूरक चालान पेश किया गया। विशेष न्यायालय, रायपुर ने 13 फरवरी 2025 को उसके विरुद्ध गैर-जमानती वारंट जारी किया। इसके बाद ईओडब्ल्यू के अनुरोध पर इंटरपोल ने अगस्त 2026 में रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया। इसी नोटिस के आधार पर एनसीबी, दुबई ने सुब्बू को हिरासत में लेकर ईओडब्ल्यू की टीम को सौंपा।
मामले की जांच में पाया गया कि वर्ष 2019 से 2023 के बीच डिस्टिलरियों में बिना आबकारी शुल्क चुकाए अतिरिक्त शराब तैयार कराई जाती थी। इसे पार्ट-बी शराब कहा जाता था। इस शराब की बोतलों पर डुप्लीकेट होलोग्राम लगाकर शासकीय शराब दुकानों से बिक्री की जाती थी। बिक्री शासकीय अभिलेखों में दर्ज नहीं होती थी और इसकी नकद रकम अलग रखी जाती थी।
डिस्टिलरियों से नियमित आपूर्ति पर प्रति पेटी 'पार्ट-ए' कमीशन और आपूर्ति क्षेत्र अथवा बाजार में हिस्सेदारी तय करने के एवज में 'पार्ट-सी' कमीशन वसूला जाता था। विदेशी शराब की आपूर्ति करने वाली कंपनियों से एफएल कमीशन और शासकीय शराब दुकानों के लिए कर्मचारी उपलब्ध कराने वाली एजेंसियों से मैनपावर और ओवरटाइम कमीशन भी वसूला जाता था। इस अवधि में पार्ट-बी शराब की बिक्री और इन मदों की वसूली से प्राप्त 3,000 करोड़ रुपए से अधिक की नकदी संभालने में सुब्बू की महत्वपूर्ण भूमिका पाई गई है।
शराब घोटाले में सुब्बू की भूमिका
अनवर ढेबर ने सुब्बू को पार्ट-बी शराब के उत्पादन के लिए डिस्टिलरियों में अपने लोग लगाने की जिम्मेदारी भी दी थी। उत्पादन के लिए सुब्बू डिस्टिलरी संचालकों से समन्वय करता था। पार्ट-बी शराब के लिए खाली बोतलों की व्यवस्था सुब्बू करता था। किस डिस्टिलरी को कौन-सा सप्लायर खाली बोतलें देगा, यह तय करने में भी उसकी भूमिका थी। नकली होलोग्राम दिल्ली से रायपुर मंगाने और वहां से डिस्टिलरियों तक पहुंचाने का काम वह अमित सिंह के साथ मिलकर करता था।
डिस्टिलरी से गाड़ी रवाना होने से लेकर शासकीय दुकान पर शराब की खेप पहुंचने तक वह आबकारी अधिकारियों और ट्रांसपोर्टरों के संपर्क में रहता था। किस डिस्टिलरी से किस जिले के लिए कितनी गाड़ियां निकलीं, उनकी बिक्री की कितनी रकम मिली और कितनी बाकी थी, इसका हिसाब सुब्बू अनवर ढेबर को भेजता था। विवेचना में सुब्बू और अनवर ढेबर के बीच हुई व्हाट्सऐप चैट में गाड़ियों और रकम का यह हिसाब मिला है।
15 जिलों से रकम वसूलता था सुब्बू
15 जिलों की शासकीय शराब दुकानों से पार्ट-बी की बिक्री की नकदी सुब्बू के सहयोगी रायपुर के गोलछा अपार्टमेंट लाते थे। वहां रकम की गिनती के बाद उसे अनवर ढेबर के बताए लोगों तक पहुंचाया जाता था। पार्ट-बी शराब की बिक्री पर सुब्बू को प्रति पेटी 50 रुपए कमीशन मिलता था। अलग-अलग मदों में कमीशन वसूलने, उसका हिसाब रखने और सिंडिकेट के सदस्यों को वसूली तथा बकाया की जानकारी देने के साथ-साथ सिंडिकेट के लिए घोटाले की रकम के निवेश का काम भी वही करता था। सुब्बू से पूछताछ में शराब घोटाले से जुड़े नए खुलासे और सिंडिकेट के निवेश की जानकारी मिलने की पूरी संभावना है।