बुर्ज खलीफा में फ्लैट, दुबई में आलीशान विला और 200 करोड़ की शादी, सौरभ चंद्राकर की 3500 करोड़ की संपत्तियों पर ED का शिकंजा
जांच में अब तक करीब 3500 करोड़ रूपए की संपत्तियां अटैच की जा चुकी हैं। इनमें लगभग 1800 करोड़ रूपए की विदेश स्थित संपत्तियां भी शामिल हैं। भिलाई से निकलकर दुबई में आलीशान जीवन जीने वाले सौरभ चंद्राकर की संपत्ति का यह साम्राज्य अब ED की जांच के केंद्र में है।
एजेंसी का आरोप है कि महादेव ऑनलाइन बुक के जरिए अवैध सट्टेबाजी से कमाई गई रकम को अलग-अलग कंपनियों, बैंक खातों, हवाला कारोबारियों और निवेश के माध्यम से वैध संपत्ति में बदलने का प्रयास किया गया।
दुबई की सबसे महंगी लोकेशन पर खरीदी गईं करोड़ों की संपत्तियां
ED के मुताबिक, एजेंसी ने महादेव सट्टा ऐप मामले में 1700 करोड़ रूपए की 20 अचल संपत्तियों को अटैच करने का आदेश जारी किया था। इनमें दुबई की 18 और दिल्ली की दो संपत्तियां शामिल हैं। दुबई में अटैच की गई संपत्तियां बेहद महंगे और पॉश इलाकों में स्थित हैं। ED के अनुसार, ये संपत्तियां सौरभ चंद्राकर और उससे जुड़े लोगों के नियंत्रण वाली कंपनियों के नाम पर थीं। इनमें विकास छपरिया, रोहित गुलाटी, अतुल अरोड़ा, नितिन तिबरेवाल और सुरेंद्र बागड़ी से जुड़ी कंपनियां भी शामिल हैं। एजेंसी का आरोप है कि इन संपत्तियों की खरीद अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी से अर्जित अपराध की कमाई से की गई।
ये हैं प्रमुख प्रॉपर्टी
- दुबई हिल्स एस्टेट: हिल्स व्यू, फेयरवे रेजिडेंसी और सिड्रा में लग्जरी विला और अपार्टमेंट।
- बिजनेस बे: कई हाई-एंड अपार्टमेंट।
- एसएलएस होटल एंड रेजिडेंस: महंगे आवासीय अपार्टमेंट।
- बुर्ज खलीफा: दुनिया की सबसे ऊंची इमारत में स्थित अपार्टमेंट।
- नई दिल्ली: दो अचल संपत्तियां।
3500 करोड़ की संपत्ति अटैच, 1800 करोड़ विदेश में
इस मामले में ED की कार्रवाई का दायरा लगातार बढ़ा है। अब तक लगभग 190 ठिकानों पर तलाशी ली जा चुकी है। करीब 2000 करोड़ रूपए की संपत्ति जब्त या फ्रीज की गई है। अटैच संपत्तियों का मौजूदा बाजार मूल्य लगभग 3500 करोड़ रूपए आंका गया है।
इसमें करीब 1800 करोड़ रूपए की विदेश स्थित संपत्तियां शामिल हैं। दुबई में 22 अचल संपत्तियों को भी इस कार्रवाई में शामिल किया गया है। यह आंकड़ा पूरे महादेव सट्टा ऐप मामले में अटैच संपत्तियों का है। दुबई की 1700 करोड़ रूपए की संपत्तियों वाली कार्रवाई में चंद्राकर और उसके सहयोगियों से जुड़ी संपत्तियां प्रमुख हैं।
200 करोड़ की शादी भी जांच के दायरे में
सौरभ चंद्राकर की फरवरी 2023 में संयुक्त अरब अमीरात के रास अल खैमाह में हुई शादी भी ED की जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है। एजेंसी के मुताबिक, इस शादी पर लगभग 200 करोड़ रूपए नकद खर्च किए गए थे। शादी में मेहमानों को लाने के लिए नागपुर से तीन चार्टर्ड विमान भेजे गए थे। बॉलीवुड की कई हस्तियों की मौजूदगी और शादी में हुए भारी खर्च ने उस समय काफी सुर्खियां बटोरी थीं।
ED ने इस खर्च के स्रोत का पता लगाने के लिए इवेंट मैनेजमेंट कंपनी, होटल, विमान संचालकों और ट्रैवल एजेंटों के लेन-देन की पड़ताल की। जांच में फर्मों के माध्यम से रकम के लेन-देन का भी पता लगाया गया। शादी में शामिल मेहमानों की सूची से सट्टा सिंडिकेट के प्रबंधन से जुड़े लोगों की पहचान करने में भी मदद मिली।
450 करोड़ रूपए महीने की कमाई का अनुमान
ED की जांच के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर और उसका सहयोगी रवि उप्पल दुबई स्थित मुख्यालय से महादेव ऑनलाइन बुक का नेटवर्क संचालित कर रहे थे। इस नेटवर्क में भारत और यूएई के अलग-अलग शहरों में सट्टेबाजी के पैनल और फ्रेंचाइजी बनाई गई थीं। खिलाड़ियों से प्राप्त रकम अलग-अलग लोगों के बैंक खातों में जमा कराई जाती थी। इसके बाद हवाला के जरिए रकम विदेश भेजी जाती थी। एजेंसी ने 20 अक्टूबर 2023 को दाखिल अपनी पहली अभियोजन शिकायत में इस सिंडिकेट की मासिक कमाई लगभग 450 करोड़ रूपए आंकी थी। जांच में यह भी सामने आया कि सट्टेबाजी से अर्जित रकम को शेयर बाजार में निवेश और विदेशी कंपनियों के अधिग्रहण के जरिए खपाने की कोशिश की गई। जुलाई 2026 में ED ने विकास गर्ग को गिरफ्तार किया था। उसकी कंपनियों को सट्टेबाजी से प्राप्त लगभग 940 करोड़ रूपए मिलने का आरोप है। इसमें से करीब 766 करोड़ रूपए अमेरिकी कंपनी एबिक्स इंक के अधिग्रहण में लगाए गए थे। इस मामले में ED ने लगभग 941 करोड़ रूपए की संपत्तियां अटैच की हैं।
ओमान से भारत लाया गया सौरभ, अब ED की हिरासत में
सौरभ चंद्राकर लंबे समय से भारतीय जांच एजेंसियों की पकड़ से बाहर था। उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद इंटरपोल ने रेड नोटिस भी जारी किया था। आखिरकार, ओमान में पकड़े जाने के बाद मस्कट की अदालत ने भारत के प्रत्यर्पण अनुरोध को स्वीकार कर लिया। CBI की टीम 1 नवंबर 2026 को उसे भारत लेकर आई थी। इसके बाद 13 नवंबर को ED ने विशेष PMLA अदालत की अनुमति से उसे धन शोधन निवारण अधिनियम की धारा 19 के तहत गिरफ्तार कर लिया। रायपुर की विशेष अदालत ने उसे 19 नवंबर तक सात दिनों की ED हिरासत में भेज दिया है। इस मामले में वह ED की गिरफ्त में आने वाला 15वां आरोपी है और महादेव सिंडिकेट का भारत वापस लाया गया पहला प्रमोटर है।
अब किन सवालों के जवाब तलाश रही ED?
सौरभ की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी के सामने कई महत्वपूर्ण सवाल हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि सट्टेबाजी से अर्जित रकम किन-किन लोगों और कंपनियों के माध्यम से विदेश पहुंचाई गई। दुबई में खरीदी गई संपत्तियों का वास्तविक मालिक कौन है और किन लोगों ने बेनामी तरीके से संपत्तियां खरीदने में मदद की? ED की हिरासत में सौरभ से उसके सहयोगियों के बयान, डिजिटल रिकॉर्ड, विदेशी कंपनियों के दस्तावेज और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े सबूतों के आधार पर पूछताछ की जा रही है। एजेंसी यह भी पता लगाने की कोशिश करेगी कि सट्टेबाजी के इस नेटवर्क को संचालित करने में किन लोगों की भूमिका थी और इससे अर्जित रकम का इस्तेमाल कहां-कहां किया गया।
महादेव सट्टा ऐप मामले में सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद अब जांच का फोकस केवल सट्टेबाजी के नेटवर्क तक सीमित नहीं है। दुबई में खड़ा किया गया आर्थिक साम्राज्य, विदेशी निवेश, बेनामी संपत्तियां और हवाला के जरिए हुए लेन-देन इस पूरे मामले की सबसे अहम कड़ियां बन गए हैं।