महिला कांग्रेस ने बदल डाले 17 जिलों में संगठन के चेहरे, नई नेत्रियों को कमान, ओबीसी का पलड़ा भारी
इस फेरबदल में राजधानी रायपुर से लेकर बिलासपुर, दुर्ग, सरगुजा और रायगढ़ तक महिला कांग्रेस की कमान नए चेहरों को सौंपी गई है।
महिला कांग्रेस की प्रदेश प्रमुख संगीता सिन्हा की यह पहली सूची है, जिसमें 17 जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। इसमें करीब आधी महिलाएं ओबीसी वर्ग से ताल्लुक रखती हैं। रायपुर शहर की जिम्मेदारी प्रगति बाजपेयी को दी गई है, जबकि ग्रामीण क्षेत्र की कमान बरखा साहू को सौंपी गई है। इसी तरह बिलासपुर और दुर्ग में भी शहर और ग्रामीण इकाइयों का अलग-अलग नेतृत्व तय किया गया है।
रायपुर से बिलासपुर तक नई टीम
महिला कांग्रेस की जारी सूची के मुताबिक, रायपुर शहर में प्रगति बाजपेयी और रायपुर ग्रामीण में बरखा साहू को अध्यक्ष बनाया गया है। बिलासपुर शहर की जिम्मेदारी प्रीति पटनवार और ग्रामीण क्षेत्र की कमान सीमा पांडे को दी गई है। दुर्ग शहर में प्रेमलता साहू और दुर्ग ग्रामीण में योगिता चंद्राकर को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
सूरजपुर में भी संगठन को शहरी और ग्रामीण इकाइयों में बांटकर जिम्मेदारी दी गई है। सूरजपुर शहर की अध्यक्ष लिली राजवाड़े और ग्रामीण की अध्यक्ष बबीता गुप्ता होंगी। भिलाई नगर के रिसाली क्षेत्र में शशि सिन्हा को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इन जिलों में भी नए चेहरे
अन्य जिलों में सरगुजा से अनीमा केरकेट्टा, रायगढ़ से संगीता गुप्ता और मुंगेली से उर्मिला यादव को महिला कांग्रेस का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर शहर की जिम्मेदारी रूमा चटर्जी को मिली है। इसी तरह खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में आरती महोबिया, गरियाबंद में मंजू ध्रुव, बलौदाबाजार-भाटापारा में ललिता यादव और कबीरधाम में अन्नपूर्णा चंद्राकर को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
सामाजिक समीकरणों पर भी नजर
महिला कांग्रेस की इस सूची में संगठनात्मक जिम्मेदारियों के साथ सामाजिक समीकरणों को साधने की कोशिश भी दिखाई देती है। ओबीसी वर्ग से आने वाली महिलाओं को कई महत्वपूर्ण जिलों में जिम्मेदारी मिली है। साहू, यादव और चंद्राकर समाज से जुड़ी महिला नेताओं को भी संगठन में जगह दी गई है। वहीं, आदिवासी और सामान्य वर्ग की महिलाओं को भी नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रदेश की राजनीति में महिला वोटर्स की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। ऐसे में कांग्रेस के सामने महिला संगठन को केवल पदाधिकारियों की नियुक्ति तक सीमित रखने के बजाय जमीनी स्तर पर सक्रिय करने की चुनौती है। नई नियुक्तियों के जरिए पार्टी जिला स्तर पर महिला कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और संगठन की गतिविधियों को गति देने की कोशिश कर रही है।
नई अध्यक्षों के सामने संगठन को सक्रिय करने की चुनौती
छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस के सामने संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने की चुनौती है। महिला कांग्रेस की नई अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार करना होगा। इसके साथ ही महिलाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन, जनसंपर्क और पार्टी के कार्यक्रमों में भागीदारी बढ़ाने की जिम्मेदारी भी उनके सामने रहेगी।
खासकर रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग जैसे राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्रों में शहर और ग्रामीण इकाइयों को अलग-अलग नेतृत्व देने का फैसला संगठनात्मक दृष्टि से अहम है। इससे स्थानीय स्तर पर जिम्मेदारियों का बंटवारा होगा और ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन को अलग से सक्रिय करने का अवसर मिलेगा।
यह नियुक्तियों की पहली सूची है। ऐसे में महिला कांग्रेस की आगे आने वाली नियुक्तियों पर भी संगठन के नेताओं और कार्यकर्ताओं की नजर रहेगी।