ढाई साल में महतारी वंदन की सवा लाख महिलाओं की मौत, नाम कटने पर सरकार का जवाब

Arun Tiwari | Aug 11, 2026, 17:30 IST
महतारी वंदन योजना
छत्तीसगढ़ की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना सरकार के खजाने पर भारी पड़ रही है। यही कारण है कि इसमें से लगातार नाम कट रहे हैं। डेढ़ लाख से ज्यादा महिलाएं इस योजना से बाहर हो चुकी हैं।

समझें क्या है पूरा मामला

  • महतारी वंदन से बाहर होती महिलाएं
  • महतारी वंदन से बाहर हुई डेढ़ लाख महिलाएं
  • ढाई साल में सवा लाख महिलाओं की मौत
  • सरकार ने बताई योजना में नाम कटने की वजह

Raipur : छत्तीसगढ़ में चुनाव जीती बीजेपी सरकार ने आनन फानन में मोदी की गारंटी पूरी करने के लिए महतारी वंदन योजना शुरु कर दी। जितने आवेदन आए उनमें से अधिकांश महिलाओं को महतारी बनाकर सरकार ने वंदन कर लिया। पिछले ढाई साल में सरकार की इस योजना से डेढ़ लाख से ज्यादा महिलाएं बाहर हो चुकी हैं। सरकार ने इसमें हैरान करने वाला खुलासा किया है। ढाई साल में 1 लाख 21 हजार 401 महिलाएं महतारी वंदन कराते हुए भगवान को प्यारी हो गई। यानी योजना में शामिल सवा लाख महिलाओं की मौत हो गई। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने योजना से नाम कटने की सबसे बड़ी वजह बताई है।



अब तक डेढ़ लाख बाहर

छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने एक घोषणा की थी। इसके तहत सरकार बनने के बाद प्रदेश की हर महिला को 1 हजार रुपए महीने दिए जाएंगे। यह पैसे हर महीने उनके खाते में पहुंचेंगे। इस महतारी वंदन योजना को मोदी की गारंटी कहा गया। बीजेपी चुनाव जीती और विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार बनी। सरकार ने मार्च 2024 से इस योजना की शुरुवात कर दी। योजना में शामिल होने के लिए 70 लाख 27 हजार 154 आवेदन फॉर्म आए। इनमें से 70 लाख 9 हजार 158 महिलाएं इस योजना में शामिल की गईं जिनको पहली किस्त मिली। योजना शुरु होने के करीब सवा साल और सरकार के ढाई साल बाद जून 2026 में 68 लाख 54 हजार 3 महिलाओं को महतारी वंदन का पैसा मिला। यानी 155655 महिलाएं योजना से बाहर हो गईं। हर महीने करीब 700 करोड़ का चंदन सरकार को भारी पड़ने लगा है।



सवा लाख महिलाओं की मौत

महतारी वंदन योजना से डेढ़ लाख महिलाएं बाहर हुई हैं। लेकिन इसमें हैरान करने वाली बात तो यह है कि इनमें से सवा लाख की मौत हो गई है। यह खुलासा खुद सरकार कर रही है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मुताबिक 1 लाख 21 हजार 401 महिलाओं की मौत हो गई है। इनके साथ ही कुल 1 लाख 45 हजार 2 महिलाओं के आवेदन निरस्त हैं। इसके अलावा 5911 महिलाओं के आवेदन लंबित हैं। इनके अलावा जो अपात्र महिलाएं यानी जो नियमों में नहीं आती हैं उनको भी चिन्हित कर योजना से बाहर किया जा रहा है।



निष्कर्ष

छत्तीसगढ़ सरकार अब तक महतारी वंदन योजना के तहत 18 हजार 807 करोड़ रुपए खर्च कर चुकी है। यह योजना सरकार के खजाने पर भारी पड़ रही है। यही कारण है कि कर्जदार सरकार इसमें से छंटनी करने लगी है। केवायसी के जरिए अपात्र महिलाओं की पहचान की जा रही है। 30 हज़ार महिलाएं ऐसी हैं जिनको केवायसी या अन्य कागज़ न मिलने से राशि रोकी गई है। वहीं अपात्र के अलावा योजना से बाहर होने का कारण महिलाओं की मौत होना भी है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक इस योजना में शामिल 1 लाख 21 हज़ार महिलाओं की मौत हो चुकी है जो हैरान करने वाली है।



FAQ

  1. महतारी वंदन योजना से कितनी महिलाएं बाहर हुई हैं?
    छत्तीसगढ़ सरकार के अनुसार अब तक 1 लाख 55 हजार 655 महिलाएं योजना से बाहर हुई हैं।
  2. महतारी वंदन योजना से महिलाओं के नाम कटने की सबसे बड़ी वजह क्या है?
    सरकार के मुताबिक 1 लाख 21 हजार 401 महिलाओं की मृत्यु होने के कारण उनके नाम योजना से हटाए गए हैं।
  3. क्या अपात्र महिलाओं को भी योजना से बाहर किया जा रहा है?
    हां, सरकार के अनुसार केवाईसी और दस्तावेजों की जांच के बाद अपात्र महिलाओं के नाम भी योजना से हटाए जा रहे हैं।

ये खबरें भी पढ़े...

महतारी वंदन की 70 लाख महिलाओं की निजी जानकारी पर खतरा, कांग्रेस का गंभीर आरोप



छत्तीसगढ़ सरकार कर रही अपनी पर्देदारी, आरटीआई के एक लाख आवेदन पर नहीं दी जानकारी



CG News | महतारी वंदन योजना से जुड़ी महिलाओं के लिए जरूरी अपडेट, अगर ये नहीं किया तो...



बंगाल और असम विधानसभा चुनाव में एमपी के ये कांग्रेस नेता संभालेंगे मोर्चा



Tags:
  • मोदी की गारंटी
  • विधानसभा चुनाव
  • महतारी वंदन योजना
  • छत्तीसगढ़ सरकार
  • महतारी वंदन