महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का WhatsApp अकाउंट हैक, लोगों से मांगे जा रहे पैसे
समझें क्या है पूरा मामला...
- मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर लिया गया है।
- ठग उनके संपर्क के लोगों को संदेश भेजकर पैसे मांग रहे हैं।
- संदेश में 32000 रुपए की मांग और एक क्यूआर कोड भेजा जा रहा है।
- शिकायत के बाद साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है।
- मंत्री ने लोगों से किसी लिंक पर क्लिक न करने को कहा है।
मंत्री ने खुद इसकी जानकारी दी है। मामले की जानकारी मिलने के बाद साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है।
WhatsApp पर भेजा जा रहा ₹32 हजार मांगने वाला मैसेज
जानकारी के मुताबिक, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के WhatsApp अकाउंट से लोगों को संदेश भेजा जा रहा है, जिसमें लिखा है कि एक छोटी-सी मदद चाहिए, उनका UPI ब्लॉक हो गया है और तत्काल ₹32,000 की जरूरत है। इसके साथ भुगतान के लिए QR कोड भी भेजा जा रहा है।
इस तरह के संदेशों के जरिए लोगों को जल्दबाजी में पैसे भेजने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। ऐसे में मंत्री के संपर्क में मौजूद लोगों को आर्थिक नुकसान होने का खतरा है।
मंत्री ने Instagram स्टोरी के जरिए दी जानकारी
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने आधिकारिक Instagram अकाउंट पर स्टोरी साझा कर WhatsApp अकाउंट हैक होने की जानकारी दी है। उन्होंने लोगों से सावधान रहने की अपील की है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि उनके WhatsApp नंबर से पैसे मांगे जाते हैं, तो ऐसे संदेशों पर भरोसा न करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी गई है।
सूरजपुर में रोड सेफ्टी कार्यक्रम में व्यस्त थीं मंत्री
बताया गया है कि मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े घटना के दौरान सूरजपुर में आयोजित रोड सेफ्टी कार्यक्रम के तहत बाइक रैली में व्यस्त थीं। इसी बीच उनके WhatsApp अकाउंट के जरिए संपर्कों को संदेश भेजकर पैसे मांगे जाने की जानकारी सामने आई।
मंत्री के नाम और मोबाइल नंबर का कथित तौर पर दुरुपयोग किए जाने से उनके परिचितों और अन्य लोगों के बीच चिंता बढ़ गई है।
साइबर सेल ने शुरू की जांच
मामले की शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि WhatsApp अकाउंट किस तरह हैक हुआ और फर्जी संदेश भेजने के पीछे कौन लोग शामिल हैं।
जांच में अकाउंट के दुरुपयोग और ऑनलाइन भुगतान के लिए भेजे जा रहे QR कोड से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल मामले में जांच पूरी होने के बाद ही अन्य जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।
WhatsApp पर पैसे मांगने वाले मैसेज से रहें सावधान
साइबर अपराधी अक्सर किसी परिचित या जाने-पहचाने व्यक्ति के नाम और अकाउंट का इस्तेमाल कर लोगों से पैसे मांगते हैं। ऐसे मामलों में जल्दबाजी में भुगतान करने से आर्थिक नुकसान हो सकता है।
अगर किसी परिचित के WhatsApp नंबर से अचानक पैसे मांगे जाएं, तो पहले उसे फोन करके पुष्टि करें। अनजान QR कोड स्कैन करने, संदिग्ध लिंक खोलने या बिना जांच किए ऑनलाइन भुगतान करने से बचें।