तीन किलोमीटर तक जंगल में बहाया आयरन वेस्ट, सबसे बड़े मुनाफे वाली NMDC के खिलाफ वन अपराध दर्ज करने की तैयारी

Arun Tiwari | Published:
NMDC की खदान से जंगल में फैला 3 KM तक मलबा, वन विभाग करेगा कार्रवाई
Iron Waste Dumping in NMDC's Bailadila Deposit-14 Mine Raises Serious Environmental Concerns as Forest Department Prepares to Register a Forest Offence.
देश की सबसे बड़ी लौह अयस्क उत्पादक कंपनी NMDC की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा स्थित बैलाडीला की डिपॉजिट-14 खदान में खनन और डंपिंग के दौरान पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षा मानकों की अनदेखी का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि कंपनी ने अपनी लीज की निर्धारित सीमा से बाहर जाकर रिजर्व फॉरेस्ट में बड़े पैमाने पर आयरन वेस्ट बहा दिया।

करीब 3 किलोमीटर लंबाई और 150 मीटर चौड़ाई में फैले इस मलबे ने घने जंगल को अपनी चपेट में ले लिया है। वन विभाग अब इस मामले में वन अपराध दर्ज करने की तैयारी कर रहा है।



हैरानी की बात यह है कि जिस कंपनी को देश की सबसे बड़ी लौह अयस्क उत्पादक होने का तमगा हासिल है, वह खनन से जुड़े बुनियादी सुरक्षा और पर्यावरणीय प्रावधानों का पालन करने में नाकाम दिखाई दे रही है। बैलाडीला की डिपॉजिट-14 खदान में डंपिंग से जुड़े नियमों की अनदेखी के चलते रिजर्व फॉरेस्ट के भीतर तक आयरन वेस्ट पहुंच गया। इससे बड़े क्षेत्र में पेड़-पौधों और प्राकृतिक वन संपदा को नुकसान पहुंचा है।




लीज की सीमा तोड़ी, जंगल में फैलाया मलबा

मामले का सबसे गंभीर पहलू यह है कि आयरन वेस्ट का फैलाव खनन के लिए निर्धारित लीज एरिया तक सीमित नहीं रहा। मलबा लीज की सीमा पार कर संरक्षित वन क्षेत्र में पहुंच गया। शुरुआती तौर पर कंपनी की ओर से नुकसान का दायरा करीब 1.5 किलोमीटर बताया गया, जबकि मौके पर इसका फैलाव लगभग 3 किलोमीटर तक सामने आया है। इसकी चौड़ाई भी करीब 150 मीटर बताई गई है।



घने जंगल के बीच आयरन वेस्ट का इतना बड़ा फैलाव वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। आखिर इतनी बड़ी मात्रा में मलबा जंगल तक कैसे पहुंचा? डंपिंग के दौरान सुरक्षा के जरूरी इंतजाम क्यों नहीं किए गए? और जब नुकसान का दायरा सामने आया, तो वास्तविक स्थिति बताने के बजाय कम आंकड़े क्यों पेश किए गए?




डंपिंग के नियमों की अनदेखी से हुआ नुकसान

खनन और डंपिंग के लिए तय पर्यावरणीय प्रावधानों के तहत रिटेनिंग वॉल, टॉप-वॉल और ड्रेनेज कंट्रोल जैसे सुरक्षा इंतजाम जरूरी होते हैं। इनका उद्देश्य खनन से निकलने वाले मलबे को निर्धारित क्षेत्र के भीतर रोकना और उसे जंगल तथा जलस्रोतों तक पहुंचने से बचाना है।



डिपॉजिट-14 में इन व्यवस्थाओं की निगरानी और क्रियान्वयन को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। कंपनी के इंजीनियरिंग और पर्यावरण विभाग की मौजूदगी के बावजूद सुरक्षा इंतजाम कैसे ध्वस्त हुए, इसकी जवाबदेही तय होना बाकी है। वन विभाग के सामने अब यह भी चुनौती है कि प्रभावित वन क्षेत्र का वास्तविक नुकसान कितना हुआ है और कितने पेड़-पौधे इस मलबे की चपेट में आए हैं।




वन अपराध दर्ज करने की तैयारी

भारतीय वन अधिनियम और वन संरक्षण से जुड़े प्रावधानों के तहत खनन लीज की सीमा से बाहर जाकर रिजर्व फॉरेस्ट को नुकसान पहुंचाना गंभीर मामला है। वन विभाग इस मामले में अपराध दर्ज करने की तैयारी कर रहा है। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्र का तकनीकी आकलन और क्षतिग्रस्त वन संपदा की वास्तविक गणना भी की जाएगी।



फिलहाल बाहरी लोगों और वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाकर प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित रखने की कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग की सख्ती के बाद अब एनएमडीसी प्रबंधन की भूमिका और जवाबदेही पर सवाल उठने लगे हैं।



जिम्मेदारी तय करने की जरूरत, जांच के घेरे में कई सवाल

इस पूरे मामले में चार बड़े सवाल सामने हैं। पहला, जब आयरन वेस्ट का फैलाव करीब 3 किलोमीटर तक हुआ, तो शुरुआती आंकड़ों में इसे 1.5 से 2 किलोमीटर तक सीमित क्यों बताया गया? दूसरा, डंपिंग के दौरान सुरक्षा मानकों की निगरानी किसकी जिम्मेदारी थी और जरूरी इंतजाम क्यों नहीं किए गए?



तीसरा, मुंबई की कंपनी और पेटी ठेकेदारों की भूमिका क्या थी? डिपॉजिट-14 में वेस्ट डंपिंग का मुख्य ठेका मुंबई की एक कंपनी को दिया गया था, जबकि बाकी काम पेटी ठेकेदारों के माध्यम से कराया जा रहा था। ऐसे में एनएमडीसी और ठेकेदारों के बीच जवाबदेही कैसे तय होगी?



चौथा, नुकसान का तकनीकी आकलन और वास्तविक जांच के लिए स्वतंत्र एजेंसी को जिम्मेदारी क्यों नहीं सौंपी गई?




अब नुकसान का आकलन और जिम्मेदारी तय करना चुनौती

वन विभाग के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती प्रभावित क्षेत्र में वास्तविक नुकसान का आकलन करना है। इसके लिए प्रभावित हिस्से के आसपास के जंगल में मौजूद पेड़ों की संख्या और घनत्व की तुलना सुरक्षित वन क्षेत्रों से की जाएगी। वन के अलग-अलग हिस्सों में निर्धारित प्लॉट बनाकर पेड़ों की गणना की जाएगी। इस वैज्ञानिक आकलन के आधार पर नष्ट हुए पेड़ों और प्रभावित वन संपदा का अनुमान लगाया जाएगा।



एनएमडीसी जैसी सार्वजनिक क्षेत्र की बड़ी कंपनी के मामले में यह जांच इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि खनन से होने वाला मुनाफा पर्यावरणीय जिम्मेदारियों से ऊपर नहीं हो सकता। अब देखना होगा कि वन अपराध दर्ज होने के बाद जांच केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित रहती है या कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों की जवाबदेही भी तय होती है।

Tags:
  • एनएमडीसी आयरन वेस्ट
  • NMDC Iron Ore Waste
  • Forest Crime NMDC
  • वन अपराध एनएमडीसी
  • Illegal Dumping Forest
  • वन विभाग जांच
  • जंगल में अवैध डंपिंग