छत्तीसगढ़ पावर कंपनी में 1235 पदों पर भर्ती का ऐलान, नोटिफिकेशन जारी
छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर आया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज ने 1235 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। इन भर्तियों में सहायक अभियंता (AE), कनिष्ठ अभियंता (JE), प्लांट अटेंडेंट, डाटा एंट्री ऑपरेटर, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, फायर ऑफिसर, विधि विभाग, वित्त अधिकारी और सुरक्षा विभाग के पद शामिल हैं।
इन पदों पर भर्ती छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी, ट्रांसमिशन कंपनी और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी में की जाएगी।
राज्य गठन के बाद सबसे बड़ी भर्ती
छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में पावर कंपनियों में भर्ती की जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए खाली पदों को जल्द भरने के निर्देश दिए थे।
सरकार का कहना है कि इन भर्तियों से जहां युवाओं को रोजगार मिलेगा, वहीं बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध होगा।
किन कंपनियों में कितने पद?
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज में कुल 1235 पदों पर नियुक्ति होगी।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी: 547 पद
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी: 96 पद
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी: 415 पद
कॉमन कैडर के पद: 177 पद
इनमें 189 पद द्वितीय श्रेणी के हैं, जबकि 711 पद तृतीय श्रेणी और 335 पद चतुर्थ श्रेणी के हैं।
सबसे ज्यादा पद डाटा एंट्री ऑपरेटर और प्लांट अटेंडेंट के
भर्ती में सबसे ज्यादा पद डाटा एंट्री ऑपरेटर और प्लांट अटेंडेंट के हैं।
- डाटा एंट्री ऑपरेटर: 400 पद
- प्लांट अटेंडेंट: 300 पद
- सहायक अभियंता (AE): 146 पद
- कनिष्ठ अभियंता (JE): 122 पद
इसके अलावा अन्य तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।
बिजली की मांग को देखते हुए फैसला
पावर कंपनी के अधिकारियों के अनुसार, राज्य बनने के बाद बिजली उपभोक्ताओं और बिजली की मांग में लगातार बढ़ोतरी हुई है।
छत्तीसगढ़ बनने के समय प्रदेश में करीब 18 लाख 91 हजार बिजली उपभोक्ता थे, जो अब बढ़कर लगभग 67 लाख हो गए हैं। वहीं बिजली की मांग 1334 मेगावाट से बढ़कर 7083 मेगावाट तक पहुंच गई है।
बढ़ती मांग को देखते हुए कोरबा पश्चिम में 1320 मेगावाट क्षमता के सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट की स्थापना का काम भी शुरू किया गया है। इसके अलावा बिजली ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम को मजबूत करने के लिए नए उपकेंद्र और लाइनें भी बनाई जा रही हैं।
आवेदन और परीक्षा की जानकारी जल्द
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी के मानव संसाधन विभाग ने भर्ती विज्ञापन जारी किया है। आवेदन की तारीख, परीक्षा की तारीख, पात्रता, नियम और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी अलग से जारी की जाएगी।
उम्मीदवारों को भर्ती से जुड़ी जानकारी छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज की आधिकारिक वेबसाइट पर मिलेगी।
वेबसाइट: www.cspc.co.in
सरकार का लक्ष्य है कि जल्द भर्ती प्रक्रिया पूरी कर बिजली कंपनियों में खाली पदों को भरा जाए, ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर और लगातार बिजली सुविधा मिल सके।
ये खबरें भी पढ़ें...
भोपाल में 10वीं पास युवाओं के लिए एमपी आयकर विभाग में सरकारी नौकरी
CG DA Hike; कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले: छत्तीसगढ़ पावर कंपनी ने बढ़ाया महंगाई भत्ता
CG Job News: महिलाओं के लिए 300 पदों पर निकली भर्ती, प्लेसमेंट कैंप के लिए कर लें तैयारी