रायपुर DJ पार्टी में हंगामा : पुलिस से धक्का-मुक्की, 3 युवतियों समेत 7 गिरफ्तार

VINAY VERMA | Aug 03, 2026, 15:00 IST
रायपुर में DJ पर डांस पड़ा भारी
रायपुर के गांधी नगर कालीबाड़ी में देर रात बर्थडे पार्टी के दौरान तेज आवाज में DJ बजाने की शिकायत पर पुलिस पहुंची। दोबारा DJ चालू करने और पुलिस से धक्का-मुक्की, गाली-गलौज व सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में 3 युवतियों समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

Raipur : रात 3 बजे तक बर्थडे पार्टी करना सात लोगों को भारी पड़ गया। मामला रायपुर के गांधी नगर कालीबाड़ी इलाके का है। जहां देर रात छत पर तेज आवाज में DJ बजाकर डांस चल रहा था। मोहल्ले के लोगों की नींद उड़ गई तो पुलिस को शिकायत मिली। पहली बार पहुंची कोतवाली पुलिस ने समझाइश देकर साउंड सिस्टम बंद कराया, लेकिन पुलिस के लौटते ही फिर DJ चालू हो गया। इसके बाद जो हुआ, उसने पार्टी का पूरा रंग बदल दिया।



पुलिस लौटी तो लड़कियों ने भी संभाला मोर्चा

दूसरी शिकायत मिलने पर पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक इस बार वहां मौजूद युवक-युवतियां भड़क गए। तीन युवतियां भी विवाद में सामने आ गईं। आरोप है कि पुलिस से बहस, झूमा-झटकी, धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की गई। पुलिस कर्मियों को जान से मारने की धमकी देने और सरकारी काम में बाधा डालने का भी आरोप लगाया गया। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें भी आईं।



3 युवतियां भी पहुंचीं थाने

इस पूरे मामले में पुलिस ने कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें चार युवक और तीन युवतियां शामिल हैं। गिरफ्तार युवतियों में हर्षा महानंद, दिव्या सोनी और उपासना सोनी के नाम शामिल हैं। वहीं प्रताप ताण्डी, हरीश ताण्डी, दीपक दास और विपुल जोशी को भी गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।



रायपुर में DJ पर डांस पड़ा भारी


बर्थडे पार्टी से सीधे जेल तक

जिस बर्थडे पार्टी में देर रात DJ की धुन पर डांस और जश्न चल रहा था, वही कुछ घंटों बाद पुलिस कार्रवाई में बदल गई। मोहल्ले वालों की शिकायत को नजरअंदाज करना और पुलिस की समझाइश के बाद दोबारा तेज आवाज में DJ बजाना आरोपियों पर भारी पड़ गया। पुलिस का कहना है कि यदि पहली चेतावनी के बाद नियमों का पालन किया जाता तो मामला यहीं खत्म हो सकता था।



जीरो टॉलरेंस का संदेश

कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने साफ किया है कि रात में तेज आवाज में DJ बजाकर सार्वजनिक शांति भंग करना, शराब के नशे में उत्पात मचाना, पुलिस या किसी भी शासकीय कर्मचारी से अभद्रता करना और सरकारी काम में बाधा डालना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी।



लोगों से भी की अपील

रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि देर रात सार्वजनिक शांति भंग करने वाली गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



FAQ

  1. रायपुर में 7 लोगों की गिरफ्तारी क्यों हुई?
    देर रात तेज आवाज में DJ बजाने, पुलिस से धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
  2. गिरफ्तार लोगों में कितनी युवतियां शामिल हैं?
    पुलिस ने इस मामले में कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें 3 युवतियां और 4 युवक शामिल हैं।
  3. घटना कहां और कब हुई?
    यह घटना रायपुर के गांधी नगर कालीबाड़ी इलाके में देर रात बर्थडे पार्टी के दौरान हुई, जहां रात करीब 3 बजे तक तेज आवाज में DJ बजाया जा रहा था।

यह खबरें भी पढ़े...

रायपुर केंद्रीय जेल : साबुन और बिस्किट में छिपाकर गांजा-नशे की तस्करी



छत्तीसगढ़ रायपुर पुलिस कमिश्नरी: दोहरी पुलिस व्यवस्था पर खड़े हुए सवाल,देहात में बढ़ा अपराध



रायपुर पुलिस का एक्शन : प्रतिबंधित दवाएं बेचने वाले मेडिकल स्टोर्स पर शिकंजा



IPC अब भारतीय न्याय संहिता, एक जुलाई से लागू होंगे 3 नए क्रिमिनल लॉ



Tags:
  • छत्तीसगढ़
  • भारतीय न्याय संहिता
  • रायपुर
  • रायपुर पुलिस
  • जीरो टॉलरेंस