एलपीजी कनेक्शन के नाम पर साइबर ठगी, मैसेज और लिंक से हो रहा फ्रॉड

Harrison Masih | Aug 03, 2026, 11:24 IST
एलपीजी कनेक्शन के नाम पर साइबर ठगी
नए घरेलू गैस कनेक्शन पर लगी रोक का फायदा उठाकर साइबर ठग फर्जी मैसेज भेज रहे हैं। ठग रजिस्ट्रेशन, आधार सत्यापन और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 50 से 100 रूपए लेकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।

समझें क्या है पूरा मामला...

  • LPG कनेक्शन के नाम पर फर्जी मैसेज भेजकर ठगी हो रही है।
  • 50-100 रुपए रजिस्ट्रेशन के बहाने वसूले जा रहे हैं।
  • रायपुर में ऐसे कई मामले सामने आए हैं।
  • फर्जी लिंक से ऑनलाइन पेमेंट कराया जा रहा है।
  • सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट या एजेंसी से ही आवेदन करें।

पेट्रोलियम कंपनियों की तरफ से नए घरेलू गैस कनेक्शन पर लगी रोक का फायदा अब साइबर ठग उठा रहे हैं। पैसे जमा होते ही ठग संपर्क तोड़ देते हैं।



यह मामला रायपुर से सामने आया है। गैस एजेंसियों तक लगातार ऐसे मामलों की जानकारी पहुंचने के बाद एचपीसीएल, बीपीसीएल और इंडेन एजेंसियों ने पंपलेट और अखबारों के जरिए लोगों को इस स्कीम से सतर्क रहने की एडवाइजरी जारी की है।



इसी बीच जिला खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा समेत खाद्य विभाग की टीम ने शहर के 10 से ज्यादा गैस गोदामों का निरीक्षण किया। सिलेंडर स्टॉक, डिलीवरी और एक्सपायरी की जांच की गई। अधिकारियों ने एजेंसियों को नियमों के अनुसार आपूर्ति करने के निर्देश दिए हैं। जांच में स्टॉक में कोई गड़बड़ी नहीं मिली।



डीडी नगर की कंचन दुबे के साथ हुई ठगी की कोशिश

डीडी नगर निवासी कंचन दुबे ने नए गैस कनेक्शन के लिए एक लिंक पर आवेदन किया था। पहले उनसे 50 रुपए जमा कराए गए। इसके बाद दोबारा 50 रुपए और मांगे गए, तब उन्हें ठगी का शक हुआ।



समय रहते शक होने से वे बड़ी रकम गंवाने से बच गईं।



सुभाष नगर में ज्योति नाग के बेटे के साथ हुई घटना

सुभाष नगर निवासी ज्योति नाग के बेटे ने गूगल पर गैस कनेक्शन खोजा था। फर्जी वेबसाइट पर पहले 50 रुपए और फिर आधार सत्यापन के नाम पर 50 रुपए और जमा करा लिए गए।



इन दोनों मामलों से यह साफ हो गया कि ठग किस तरह से कदम-दर-कदम लोगों से रकम ऐंठ रहे हैं।



कैसे भेजे जा रहे हैं फर्जी मैसेज

ठग एसएमएस और व्हाट्सएप के जरिए यह संदेश भेज रहे हैं कि नए गैस कनेक्शन फिर से शुरू हो गए हैं। इसमें इंडेन, एचपी और भारत गैस से कनेक्शन और उज्ज्वला योजना का लाभ दिलाने का दावा किया जाता है।



इसके बाद MyLPG.in से मिलते-जुलते फर्जी लिंक भेजकर आवेदन, दस्तावेज अपलोड करने और ऑनलाइन भुगतान करने को कहा जाता है।



झांसे में लेने का पूरा तरीका

सबसे पहले मोबाइल या व्हाट्सएप पर फर्जी लिंक भेजा जाता है। लिंक खोलते ही आवेदन फॉर्म भरवाया जाता है।



इसके बाद पहले 50 या 100 रुपए रजिस्ट्रेशन के नाम पर मांगे जाते हैं। फिर आधार सत्यापन या प्रोसेसिंग फीस के नाम पर दोबारा भुगतान कराया जाता है। शक न हो, इसलिए ठग लोगों से छोटी-छोटी रकम ही मांगते हैं। पैसा जमा होते ही कोई जवाब नहीं मिलता।



ऐसे करें साइबर ठगी से बचाव

अधिकारियों की सलाह है कि सिर्फ अधिकृत गैस एजेंसी, वेबसाइट या मोबाइल ऐप का ही इस्तेमाल करें। गूगल पर दिखने वाले हर लिंक पर भरोसा न करें और व्हाट्सएप या एसएमएस से मिले लिंक पर पेमेंट न करें।



रजिस्ट्रेशन या आधार सत्यापन के नाम पर मांगे गए पैसे ऑनलाइन जमा न करें। नए गैस कनेक्शन की जानकारी हमेशा अधिकृत एजेंसी से ही लें। OTP, बैंक डिटेल या आधार की जानकारी किसी से साझा न करें। ठगी होने पर तुरंत cybercrime.gov.in या 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।



अधिकारी की सलाह

जिला खाद्य नियंत्रक रायपुर भूपेंद्र मिश्रा के मुताबिक LPG सिलेंडरों से जुड़ी किसी भी तरह की जानकारी के लिए संबंधित गैस एजेंसियों से ही संपर्क करें। ऑनलाइन बुकिंग के लिए भी कंपनी की अधिकृत वेबसाइट और मोबाइल ऐप का ही इस्तेमाल करें।



FAQ

  1. गैस कनेक्शन के नाम पर ठगी कैसे हो रही है?
    साइबर ठग इंडेन, एचपी और भारत गैस के नाम पर फर्जी लिंक भेजकर नए कनेक्शन के लिए आवेदन कराते हैं। पहले 50 से 100 रुपए रजिस्ट्रेशन के नाम पर लिए जाते हैं और फिर आधार सत्यापन के नाम पर दोबारा भुगतान कराया जाता है।
  2. LPG साइबर ठगी होने पर शिकायत कहां करें?
    अगर किसी के साथ ऑनलाइन ठगी होती है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या सरकारी वेबसाइट cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
  3. फर्जी LPG कनेक्शन मैसेज की पहचान कैसे करें?
    अगर मैसेज में अनजान लिंक, जल्दी पैसे जमा करने का दबाव या निजी जानकारी मांगने की बात हो, तो सावधान रहें। गैस कनेक्शन के लिए हमेशा अधिकृत वेबसाइट, ऐप या गैस एजेंसी से ही जानकारी लें।


ये खबरें भी पढ़ें...

महासमुंद गैस घोटाला: 90 लाख की एलपीजी गबन करने वाले दो आरोपी महाराष्ट्र से गिरफ्तार



SEBI का नाम लेकर साइबर ठगी, फर्जी ऐप से लगाया 27 लाख का चूना



दुर्ग पुलिस की कार्रवाई : साइबर अपराधियों को बैंक खाते बेचने वाले 26 गिरफ्तार



एमपी में तमिलनाडु के सीएम विजय थलपति के नाम पर हो रहा साइबर फ्रॉड



Tags:
  • रायपुर
  • साइबर फ्रॉड
  • साइबर ठगी
  • गैस कनेक्शन
  • फर्जी मैसेज
  • एलपीजी
  • LPG कनेक्शन
  • LPG fraud