GST लिस्ट लीक, रायपुर के दवा कारोबारियों में मचा हड़कंप

Anjali Dwivedi | Mar 22, 2026, 12:38 IST
Raipur GST List Leak
रायपुर में दवा व्यापारियों की छिपी हुई GST उधारी लिस्ट वायरल होने से साख पर संकट खड़ा हो गया है। संगठन की मानवीय चूक से बिना एडिटिंग के यह संवेदनशील डेटा पब्लिक हो गया, जिससे व्यापारी आक्रोशित हैं।

रायपुर के दवा बाजार में इन दिनों भारी हड़कंप मचा हुआ है। कारण कोई नया टैक्स नहीं, बल्कि एक ऐसी कॉन्फिडेंटिअल लिस्ट का सार्वजनिक होना है, जिसने व्यापारियों की रातों की नींद उड़ा दी है। राजधानी के दवा कारोबारियों के जीएसटी से जुड़े लंबित मामलों और उनके बकाया की जानकारी अब मोबाइल-टू-मोबाइल घूम रही है।



व्यापारियों में क्यों है भारी आक्रोश

जैसे ही GST बकाया का यह डाटा लीक हुआ, दवा व्यापारियों के बीच खलबली मच गई। इस सूची में न केवल फर्मों के नाम हैं, बल्कि उनके ऊपर बकाया राशि का भी स्पष्ट जिक्र है।



व्यापारियों का कहना है कि इस तरह की जानकारी का पब्लिक होना उनकी बिजनेस साख पर सीधा प्रहार है। उनका तर्क है कि अभी कानूनी प्रक्रिया पूरी भी नहीं हुई और उन्हें समाज की नजरों में एक तरह से दोषी के रूप में खड़ा कर दिया गया है।



अवेयरनेस के चक्कर में हो गया बड़ा कांड

रायपुर मेडिकल कॉम्प्लेक्स के अध्यक्ष संजय रावत ने इस मामले पर स्थिति साफ की है। उन्होंने स्वीकार किया कि यह सूची संगठन के एक इंटरनल ग्रुप में साझा की गई थी। मकसद नेक था- व्यापारियों को जागरूक करना कि उनके नोटिस लंबित हैं। लेकिन, यहां एक बड़ी मानवीय चूक हो गई।



सूची को साझा करने से पहले उसमें से संवेदनशील जानकारी जैसे कि बकाया रकम को हटाया जाना था, लेकिन गलती से बिना एडिटिंग के ही फाइल पोस्ट कर दी गई, जो बाद में वायरल हो गई।



दबाव बनाने की साजिश या महज एक दुर्घटना?

व्यापारियों के एक वर्ग ने इस घटना पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका मानना है कि जानकारी सार्वजनिक कर उन पर अप्रत्यक्ष रूप से दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।



कारोबारियों का कहना है कि जीएसटी नोटिस और बकाया की जानकारी पूरी तरह से व्यक्तिगत होनी चाहिए और इसे संबंधित फर्म तक ही सीमित रखा जाना चाहिए था।



सरकारी विभाग पर नहीं है शक

इस पूरे विवाद पर छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष सतीश थौरानी ने महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह डेटा किसी सरकारी विभाग से लीक नहीं हुआ है। यह संस्था के आंतरिक उपयोग के लिए था। हालांकि, यह बाहर कैसे आया और इसके पीछे क्या कारण रहे, इसकी गहनता से जांच की जा रही है।



डिजिटल सुरक्षा पर उठे सवाल

इस घटना ने व्यापारिक संगठनों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल को लेकर सतर्क कर दिया है। रावत ने यह भी बताया कि कई बार जीएसटी नोटिस सीधे ई-मेल पर आते हैं और अक्सर वकीलों तक ही रुक जाते हैं, जिससे व्यापारियों को खबर नहीं लग पाती।



इसी कमी को दूर करने के लिए लिस्ट डाली गई थी। अब चैंबर ने सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे अपनी इमेज बचाने के साथ-साथ अपने लंबित मामलों का समय रहते निपटारा करें।



ये खबरें भी पढ़ें...



मार्शल संगा को उसका ससुराल प्रेम ले डूबा, साले-ससुर की स्थिति सुधारने उगा रहा था अफीम



केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाएंगे आईपीएस संतोष सिंह



सिंहासन छत्तीसी : सीएस के पास पहुंची है किस आईपीएस की शिकायत, एक बंगला है जिस पर दो माननीयों का आया है दिल



छत्तीसगढ़ में खुलेंगे 5 नए मेडिकल कॉलेज, लेकिन 50% पद अब भी खाली, NMC के निरिक्षण ने बढ़ाई चिंता CG News



Tags:
  • GST
  • छत्तीसगढ़
  • CG News
  • रायपुर
  • व्यापारियों