भीड़ में शिकार और इनोवा में फरार; रायपुर पुलिस ने इंदौर के हाईटेक महिला गिरोह को दबोचा
NEWS IN SHORT
- रायपुर में चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाला अंतरराज्यीय महिला गिरोह पकड़ा गया।
- पुलिस ने इस गिरोह के 8 सदस्यों को गिरफ्तार किया, जिसमें 7 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल हैं।
- गिरोह ने रायपुर और अन्य शहरों में एक दर्जन से ज्यादा चेन स्नेचिंग की घटनाएं की थीं।
- पुलिस ने आरोपियों के पास से 10,500 रुपए नकद, 1 सोने की चेन और एक इनोवा कार जब्त की है।
- सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
NEWS IN DETAIL
रायपुर। रायपुर में चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय महिला गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह गिरोह मध्य प्रदेश के इंदौर जिले से लग्जरी वाहन में सवार होकर देशभर के अलग-अलग शहरों में घूमते हुए भीड़-भाड़ वाले इलाकों में चेन स्नेचिंग करती थी। पुलिस ने गिरोह के 8 सदस्यों को पकड़ा है, जिनमें 7 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल हैं।
गिरफ्तारी के बाद खुलासा
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद बताया कि इन आरोपियों में इंदौर की संध्या सकटे, सोनिया हातागले, उज्वाला हातागले, साखरा बाई, ज्योति सकटे, सरिता ज्वरे और अभय हतागले शामिल हैं।
इस गिरोह ने रायपुर में कई चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस ने 66 वर्षीय महिला निर्मला वर्मा से चेन लूटने के बाद मामले की जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज से गिरोह का पता चला।
कैसे हुआ मामले का खुलासा
पुलिस ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और पाया कि कुछ संदिग्ध महिलाएं पीड़िता के आसपास मंडराती दिखीं और मौका पाकर चेन चोरी कर ली।
इसके बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर इन आरोपियों की तलाश शुरू की और भाठागांव बस स्टैंड के पास संदिग्ध इनोवा वाहन को पकड़ा।
पुलिस की घेराबंदी और गिरफ्तारी
पुलिस ने जब इन आरोपियों से पूछताछ की तो उन्होंने पहले गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सबूतों के आधार पर उन्होंने जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस गिरोह ने रायपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक दर्जन
से ज्यादा चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम दिया था। इसके अलावा, गिरोह ने गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के अन्य शहरों में भी चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम दिया है।
जब्त किए गए सामान
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10,500 रुपए नकद, 1 सोने की चेन, 1 कटर, 4 मोबाइल फोन और एक इनोवा कार (MP-09-BP-1064) जब्त की है।
जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 11.30 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने चोरी की चेन बेचकर यह लग्जरी वाहन खरीदा था।
आगे की कार्रवाई
सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है और अन्य आरोपियों को पकड़ने की कोशिश कर रही है।
यह खबरें भी पढ़े...
रायपुर पुलिस की नई पहल; अब आसमान से होगी बदमाशों की निगरानी
6 साल पुराने वारंट ने दिलाया सलाखों के पीछे ठिकाना, रायपुर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर को दबोचा