रायपुर में युवक की चाकू मारकर हत्या, बहन से बातचीत के शक में दोस्तों ने ही ली जान
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगे मंदिर हसौद क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान तोषक भारती के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे आपसी विवाद और बहन से बातचीत को लेकर उपजा शक वजह बताया जा रहा है।
घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर में तोड़फोड़ कर दी और बाहर खड़ी एक गाड़ी में आग लगा दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
दोस्त ही निकले आरोपी
मंदिर हसौद थाना पुलिस के मुताबिक मृतक तोषक भारती, आरोपी करण ध्रुव और एक नाबालिग आपस में दोस्त थे। घटना से पहले तीनों साथ घूमने गए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तोषक को शक था कि उसकी बहन और नाबालिग आरोपी के बीच बातचीत होती है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था, जो शुक्रवार रात हिंसक झगड़े में बदल गया।
पानी टंकी के पास हुआ हमला
मृतक की मां सरस्वती भारती ने थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि 29 मई की रात करीब 9 बजे पलौद चौक स्थित पानी टंकी के पास करण ध्रुव और नाबालिग ने तोषक के साथ मारपीट की।
आरोप है कि विवाद के दौरान दोनों ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल तोषक को पुलिस पेट्रोलिंग वाहन की मदद से तत्काल आरंग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हत्या के बाद भड़का लोगों का गुस्सा
युवक की हत्या की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों का गुस्सा आरोपियों के खिलाफ फूट पड़ा।
आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर में तोड़फोड़ की और बाहर खड़ी एक गाड़ी में आग लगा दी। पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को संभाला। फिलहाल क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।
हत्या का केस दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में करण ध्रुव और एक नाबालिग आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
साथ ही आरोपी के घर और संपत्ति में तोड़फोड़ करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी अलग से कार्रवाई की जा रही है।
मंदिर हसौद में दो दिन में दूसरी हत्या
मंदिर हसौद क्षेत्र में दो दिनों के भीतर हत्या की यह दूसरी बड़ी वारदात है। इससे पहले 22 मई से लापता भुवनेश्वर यादव की हत्या का खुलासा हुआ था।
महासमुंद पुलिस की जांच में सामने आया था कि भुवनेश्वर यादव की हत्या कर शव को महानदी किनारे रेत में दफना दिया गया था। इस मामले में निर्दलीय पार्षद नोहर दास उर्फ गोलू रात्रे, अमित सिंह राजपूत और हेमचंद बंजारे को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार पानी को लेकर हुए विवाद और गाली-गलौज के बाद भुवनेश्वर की हत्या की गई थी। बाद में आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की थी।
क्षेत्र में बढ़ी चिंता
लगातार सामने आ रही हत्या की घटनाओं ने मंदिर हसौद और आसपास के इलाकों में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
FAQ
- रायपुर के मंदिर हसौद में किसकी हत्या हुई है?
रायपुर से लगे मंदिर हसौद क्षेत्र में तोषक भारती नामक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार मृतक और आरोपी आपस में दोस्त थे। बहन से बातचीत को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर युवक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। - मंदिर हसौद में युवक की हत्या क्यों हुई?
पुलिस जांच के अनुसार मृतक को शक था कि उसकी बहन और एक नाबालिग आरोपी के बीच बातचीत होती थी। इसी विवाद के चलते झगड़ा हुआ और चाकू से हमला किया गया। - मंदिर हसौद हत्याकांड में कितने आरोपी हैं?
मामले में करण ध्रुव और एक नाबालिग को आरोपी बनाया गया है। दोनों को पुलिस ने हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
यह खबरें भी पढ़ें...
लव ट्रायंगल में 16 साल के लड़के का कत्ल, ऐसे हुआ खुलासा