पति को छोड़ दूसरे युवक के साथ नेपाल चली गई रायपुर की मोनिका, सरकार ने खोजा

VINAY VERMA | Aug 28, 2026, 10:28 IST
रायपुर से लापता मोनिका नेपाल में मिली
रायपुर से लापता मोनिका नेपाल में मिली
नेपाल की भीषण आपदा के बीच रायपुर की एक गुमशुदगी ने नया मोड़ ले लिया। करीब एक महीने से पत्नी की तलाश कर रहे पति ने हेल्पलाइन पर शिकायत की, जिसके बाद जनकपुर में महिला सुरक्षित मिली। पता चला कि वह दूसरे युवक के साथ नेपाल चली गई थी।

नेपाल में आई भीषण आपदा के बीच रायपुर से सामने आया एक ऐसा मामला, जिसने गुमशुदगी की कहानी को ही पलट दिया। जिस पत्नी को पति करीब एक महीने से तलाश रहा था, वह नेपाल के जनकपुर में सुरक्षित मिली। खास बात यह रही कि महिला किसी हादसे का शिकार नहीं हुई थी, बल्कि पति का घर छोड़कर दूसरे युवक के साथ नेपाल चली गई थी। आपदा के बाद जारी हेल्पलाइन नंबर पर पति ने शिकायत दर्ज कराई और इसी सूचना के आधार पर उसकी तलाश शुरू हुई।



Instagram से शुरू हुई कहानी

डीडी नगर इलाके में रहने वाले 25 वर्षीय युवक की दोस्ती धमतरी की 24 वर्षीय युवती से Instagram के जरिए हुई थी। बातचीत बढ़ी तो दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों ने परिवार की परंपराओं से अलग जाकर दिसंबर 2025 में अंतरजातीय विवाह कर लिया। शादी के शुरुआती दिनों में सब ठीक रहा, लेकिन कुछ समय बाद रिश्ते में खटास आई और महिला अचानक घर से चली गई।



मोबाइल बंद, पति परेशान

महिला के अचानक गायब होने के बाद उसका मोबाइल भी बंद हो गया। पति ने रिश्तेदारों और परिचितों के स्तर पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार 25 जुलाई 2026 को उसने डीडी नगर थाने में पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने अपने स्तर पर तलाश शुरू की, लेकिन महिला का पता नहीं चल पाया।



नेपाल में होने की मिली खबर

इसी बीच पति को जानकारी मिली कि उसकी पत्नी नेपाल में है। लेकिन उससे सीधा संपर्क नहीं हो पा रहा था। इसी दौरान नेपाल में आई भीषण तबाही के बाद वहां फंसे और लापता भारतीयों की जानकारी जुटाने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए। पति ने इस मौके पर जानकारी साझा करने का फैसला किया।



हेल्पलाइन ने जोड़ा नेपाल से कनेक्शन

पति ने टोल फ्री नंबर 1070 और रायपुर कंट्रोल रूम के नंबर 0771-2223471 पर संपर्क किया। उसने बताया कि उसकी पत्नी नेपाल में है और उससे संपर्क नहीं हो पा रहा। सूचना मिलने के बाद शासन स्तर से नेपाल सरकार से संपर्क किया गया। इसके बाद नेपाल में महिला की तलाश शुरू की गई।



जनकपुर में मिली सुरक्षित

तलाश के दौरान महिला नेपाल के जनकपुर में सुरक्षित मिल गई। गुरुवार रात डीडी नगर पुलिस ने वीडियो कॉल के जरिए महिला से बातचीत की और उसकी सकुशल मौजूदगी की पुष्टि की। यानी जिस महिला को लेकर पति को अनहोनी की आशंका थी, वह सुरक्षित थी।



दूसरे युवक के साथ रहने का खुलासा

पुलिस की बातचीत में यह भी सामने आया कि महिला नेपाल में एक दूसरे युवक के साथ रह रही थी। इस खुलासे के बाद गुमशुदगी की कहानी का दूसरा पहलू सामने आया। एसीपी पुरानीबस्ती देवांश राठौर के अनुसार, महिला की गुमशुदगी डीडी नगर थाने में दर्ज थी। हेल्पलाइन पर मिली सूचना के बाद उसकी तलाश की गई और वह नेपाल में सुरक्षित मिली।



आपदा बनी तलाश का जरिया

इस पूरे मामले में सबसे दिलचस्प पहलू यह रहा कि जिस आपदा ने नेपाल में बड़ी तबाही मचाई, उसी के बाद जारी हेल्पलाइन पति के लिए पत्नी तक पहुंचने का जरिया बन गई। गुमशुदगी की रिपोर्ट के करीब एक महीने बाद पुलिस को महिला का ठिकाना मिला और वीडियो कॉल ने उसकी सुरक्षित मौजूदगी की पुष्टि कर दी।



22 अगस्त से नेपाल में थीं मोनिका, लापता होते ही सरकार ने साधा संपर्क



नेपाल में लापता हुईं विदिशा की स्वाती, बेटी को छोड़कर गईं थी मानसरोवर यात्रा



नेपाल में बाढ़ का तबाही पर बड़ा अपडेट, अब तक 392 की मौत, 1500 से ज्यादा लापता



बिलासपुर से लापता युवती बांग्लादेश बॉर्डर पर मिली, फ्री फायर गेम के जरिए युवक के प्यार में पड़ी, अब बोली- अपनी मर्जी से आईं हूं



Tags:
  • रायपुर
  • लापता
  • नेपाल
  • नेपाल में बाढ़
  • लापता युवती