रायपुर में यूपीएससी प्रीलिम्स : पहली बार होगा फेस ऑथेंटिकेशन, देखिए नई गाइडलाइन
NEWS IN SHORT
- रायपुर के 22 केंद्रों पर 8,449 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
- निष्पक्ष परीक्षा के लिए सभी केंद्रों में जैमर लगेंगे।
- पहली बार चेहरा स्कैन (फेस ऑथेंटिकेशन) के बाद प्रवेश मिलेगा।
- केवल काले बॉल प्वाइंट पेन ले जाने की अनुमति होगी।
- मोबाइल पर एडमिट कार्ड दिखाने से एंट्री नहीं मिलेगी।
NEWS IN DETAIL
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित की जाने वाली देश की सबसे प्रतिष्ठित सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 24 मई को पूरे देश के साथ-साथ रायपुर में भी आयोजित की जा रही है। परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए इस बार आयोग कई बड़े और आधुनिक बदलाव करने जा रहा है।
रायपुर जिले के सभी परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जिसके तहत परीक्षा कक्षों में मोबाइल जैमर लगाए जाएंगे। इसके अलावा, यूपीएससी के इतिहास में पहली बार उम्मीदवारों की सुरक्षा और सही पहचान सुनिश्चित करने के लिए फेस ऑथेंटिकेशन (चेहरा स्कैनिंग) सिस्टम लागू किया जा रहा है। केंद्रों पर पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को इस प्रक्रिया से गुजरने के बाद ही परीक्षा हॉल में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
जिले के 22 केंद्रों में 8449 परीक्षार्थी होंगे शामिल
रायपुर जिले में इस परीक्षा के सफल संचालन के लिए कुल 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जहां 8,449 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के रेडक्रॉस सभाकक्ष में पर्यवेक्षकों (इन्विजिलेटर) और केंद्राध्यक्षों को विशेष ट्रेनिंग दी गई। इस बैठक में ऑब्जर्वर के रूप में आईएएस महादेव कावरे, आईएएस रितेश अग्रवाल और रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
मेटल डिटेक्टर से जांच और धारा 144 जैसा सख्त पहरा
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध होनी चाहिए। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर कम से कम 5 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के समय सभी उम्मीदवारों की मेटल डिटेक्टर से फ्रिस्किंग (जांच) की जाएगी।
कलेक्टर ने सख्त लहजे में कहा कि परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में ध्वनि प्रदूषण करने या परीक्षा में किसी भी तरह का व्यवधान डालने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मौजूद ऑब्जर्वर आईएएस महादेव कावरे ने कहा कि यह देश की सबसे बड़ी परीक्षा है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर गलती की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।
मोबाइल पर एडमिट कार्ड दिखाने से नहीं मिलेगी एंट्री
मास्टर ट्रेनर एवं जिला रोजगार अधिकारी केदार पटेल ने नियमों की जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर अपने साथ ई-एडमिट कार्ड का प्रिंटआउट और आवेदन फॉर्म में दर्ज फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। यदि कोई परीक्षार्थी अपने मोबाइल पर ई-एडमिट कार्ड की तस्वीर दिखाता है, तो उसे केंद्र के भीतर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
इसके साथ ही, परीक्षा केंद्र के भीतर डिजिटल वॉच, मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, किसी भी प्रकार के आईटी गैजेट्स, संचार उपकरण, बैग या पर्स ले जाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा।
केवल काले बॉल प्वाइंट पेन की अनुमति
परीक्षार्थियों को परीक्षा में केवल और केवल काले रंग के बॉल प्वाइंट पेन का उपयोग करने की अनुमति होगी। किसी अन्य रंग के पेन या काले रंग के जेल पेन का उपयोग पूरी तरह वर्जित है। परीक्षार्थी अपने साथ पेंसिल, पारदर्शी पानी की बोतल, स्वयं की पासपोर्ट साइज तस्वीर और आईडी प्रूफ ले जा सकते हैं।
समय सारणी और एंट्री का नियम: परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली के लिए सुबह 9:00 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर 2:00 बजे एंट्री गेट पूरी तरह बंद कर दिए जाएंगे। दोनों पालियों में परीक्षा शुरू होने के आधा घंटा पहले पहुंचना अनिवार्य है। अधिकारियों ने परीक्षार्थियों को सलाह दी है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए पेपर-1 और पेपर-2 के बीच के अंतराल में परीक्षा केंद्र के आसपास ही रहें।
निष्कर्ष
रायपुर में 24 मई को होने वाली यूपीएससी प्रीलिम्स के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पहली बार लागू हो रहा फेस ऑथेंटिकेशन और जैमर तकनीक परीक्षा की पारदर्शिता को बढ़ाएगी। परीक्षार्थियों को सख्त नियमों और समय का पालन करते हुए ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिल सकेगा।
यह खबरें भी पढ़ें...
एमपी हनी ट्रैप पार्ट 2: रेशू के पास सौ से ज्यादा वीडियो, बनना चाहती थी विधायक, पहले IAS बनने दी UPSC
आईएएस प्रभात मलिक: कानपुर IIT से UPSC तक… ऐसे बना हरियाणा का बेटा छत्तीसगढ़ का युवा कलेक्टर
UPSC में टैलेंट नहीं कोशिशें ज्यादा कारगर, 24-26 की उम्र वाले सबसे ज्यादा सफल
क्या आपके पास है PET-2025 स्कोर? तो UPSSSC Vacancy से मिलेगी सरकारी नौकरी ?