93 लाख बैंक खाते से उड़ाए, पत्नी-ड्राइवर के खातों तक पहुंची रकम, छह साल बाद एसबीआई का तत्कालीन मैनेजर गिरफ्तार
ट्रांजिट रिमांड पर छत्तीसगढ़ लाने के बाद उसे कोरबा की अदालत में पेश किया गया, जहां से पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड मिला है। एसीबी/ईओडब्ल्यू के मुताबिक, सुनील कुमार झा 1 जून 2018 से 1 अगस्त 2019 तक एसबीआई की बाल्को शाखा, जिला कोरबा में मुख्य प्रबंधक के पद पर पदस्थ था। इसी दौरान उसने बैंक के खातों से 93 लाख 60 हजार 797 रुपए अवैध तरीके से दूसरे खातों में ट्रांसफर किए। जिन खातों में रकम भेजी गई, उनमें उसकी पत्नी, वाहन चालक और बैंक के अन्य खाताधारकों के खाते शामिल थे।
पत्नी और ड्राइवर के खातों में पहुंची बैंक की रकम
इस मामले की शिकायत वर्ष 2020 में एसबीआई के क्षेत्रीय व्यावसायिक कार्यालय, कोरबा के क्षेत्रीय प्रबंधक बापूजी चरण ने एसीबी में की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सुनील कुमार झा ने बैंक के खातों से रकम निकालकर अपनी पत्नी श्वेता झा, वाहन चालक रूदेश्वर सिंह ठाकुर और अन्य खाताधारकों के खातों में ट्रांसफर की। बैंक की शिकायत के आधार पर एसीबी ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 409 के तहत अपराध क्रमांक 07/2020 दर्ज कर जांच शुरू की थी। आरोप था कि बैंक के अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी निभाने के बजाय उसने बैंक की रकम का दुरुपयोग किया और बैंक को 93,60,797 रुपए की आर्थिक क्षति पहुंचाई।
वाउचर और बैंक स्टेटमेंट बने जांच का आधार
मामले की जांच के दौरान एसीबी ने बैंक के कई खातों के स्टेटमेंट जब्त किए। इनमें टर्म लोन ब्याज खाता, सिस्टम सस्पेंस खाता और डिस्काउंट खाता शामिल हैं। इसके अलावा आरोपी की पत्नी, वाहन चालक और अन्य खाताधारकों के खातों की जानकारी भी जांच में शामिल की गई। बैंक से मूल बैच ट्रांसफर वाउचर और डेबिट वाउचर भी जब्त किए गए। जांच एजेंसी का आरोप है कि इन वाउचरों के माध्यम से बैंक के खातों से रकम अवैध रूप से दूसरे खातों में ट्रांसफर की गई। इन दस्तावेजों को आरोपी द्वारा तैयार किए जाने की बात भी जांच में सामने आई।
दस्तावेजों और साक्ष्यों के परीक्षण के बाद एसीबी ने मामले में धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और उनका इस्तेमाल करने से संबंधित धाराएं भी जोड़ दीं। इसके साथ ही भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत भी अपराध दर्ज किया गया।
दुमका में गिरफ्तारी, कोरबा में पूछताछ
आरोपी के खिलाफ साक्ष्य जुटाने के बाद एसीबी बिलासपुर की टीम उसकी तलाश में जुटी थी। लगातार दबिश के बाद टीम ने सुनील कुमार झा को दुमका, झारखंड स्थित उसके निवास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद दुमका के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत से ट्रांजिट रिमांड लिया गया और उसे छत्तीसगढ़ लाया गया। कोरबा की संबंधित अदालत में पेश किए जाने के बाद आरोपी को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। एसीबी अब बैंक के खातों में हुए लेनदेन, दस्तावेजों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 409, 420, 467, 468, 471 और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(ए) तथा 13(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है।