सरगुजा जमीन विवाद में बुजुर्ग को बेरहमी से पीटा, फिर ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या
समझें क्या है पूरा मामला
सरगुजा जिले के पथरई गांव में रविवार को जमीन विवाद ने अचानक खूनी रूप ले लिया। 60 वर्षीय बुजुर्ग किसान होसराम पैकरा को आरोपियों ने पहले लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। इसके बाद उनके ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। कुचले जाने के बाद होसराम ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में 8 लोगों को गिरफ्तार किया है जिनमें दो महिलाएं भी हैं।
6.30 एकड़ जमीन की लड़ाई
यह पूरा विवाद 6.30 एकड़ जमीन के मालिकाना हक को लेकर था। जमीन मूल रूप से कामेश्वरी नाम की महिला के नाम थी जो होसराम की मां और मुख्य आरोपी बजरंग पैकरा की बुआ थीं।
कामेश्वरी निःसंतान थीं। होसराम उनकी सेवा करते थे। इसी आधार पर उन्होंने वसीयत के जरिए जमीन पर दावा किया था। दूसरी ओर बजरंग पैकरा का परिवार भी इसी जमीन पर अपना हक जता रहा था। मामला राजस्व न्यायालय पहुंचा।
दो अदालती फैसलों ने बढ़ाया तनाव
तहसीलदार कोर्ट ने पहले होसराम के पक्ष में फैसला दिया। इसके बाद बजरंग पैकरा के पक्ष ने एसडीएम कोर्ट में अपील की। वहां फैसला पलट गया और कोर्ट ने आरोपियों के हक में निर्णय दे दिया। दो अलग-अलग फैसलों ने दोनों पक्षों के बीच तनाव को चरम पर पहुंचा दिया।
परिजन ने मांगी थी सुरक्षा
मृतक के परिजन को पहले से अंदेशा था कि अदालती फैसलों के बाद विवाद खूनी मोड़ ले सकता है। इसी डर से परिजन ने बतौली थाने में लिखित आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई थी।
लेकिन आरोप है कि पुलिस ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया। नतीजा यह निकला कि एक बेकसूर किसान की दर्दनाक मौत हो गई।
बोआई के दौरान भड़की हिंसा
रविवार सुबह करीब 10.30 बजे पथरई निवासी बजरंग पैकरा का परिवार विवादित खेत में जुताई और बोआई करने पहुंचा।
यह जानकारी मिलते ही ग्राम सिलमा निवासी होसराम पैकरा अपने परिजन के साथ उन्हें रोकने के लिए वहां पहुंचे। दोनों पक्षों में पहले जमकर बहस हुई, फिर खूनी संघर्ष शुरू हो गया।
आरोपी पक्ष के 7 से 8 लोगों ने लाठी-डंडों से होसराम और उनके परिवार पर हमला बोल दिया। इस पिटाई से 60 वर्षीय होसराम लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।
ट्रैक्टर चढ़ाकर दिया मौत को अंजाम
हद तब हुई जब गिरे हुए होसराम पर भी आरोपियों का दिल नहीं पसीजा। आरोपियों में से एक युवक उमेश ने चालू ट्रैक्टर होसराम के ऊपर चढ़ा दिया। कुचले जाने से होसराम ने तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस तब तक होसराम की जान जा चुकी थी।
8 गिरफ्तार, ट्रैक्टर भी जब्त
घटना की सूचना मिलते ही सीतापुर एसडीओपी (SDOP - Sub Divisional Officer of Police) राजेंद्र मंडावी और बतौली थाना प्रभारी विवेक सेंगर तत्काल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने वारदात में शामिल 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें भुवनेश्वर, बजरंग, उमेश, मनोज, रघुनंदन, बोधन, कमली और प्यारी शामिल हैं। हत्या में इस्तेमाल ट्रैक्टर भी जब्त कर लिया गया है।
जांच जारी, आगे कार्रवाई होगी
सीतापुर एसडीओपी राजेंद्र मंडावी ने कहा कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। 2 महिलाओं समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मृतक के परिजन और आरोपियों से भी पूछताछ की जा रही है। नियमानुसार आगे की कार्रवाई होगी।
FAQ
- सरगुजा में बुजुर्ग किसान की हत्या क्यों की गई?
6.30 एकड़ जमीन के मालिकाना हक को लेकर दोनों पक्षों में विवाद था। तहसीलदार और एसडीएम कोर्ट के दो परस्पर विरोधी फैसलों ने तनाव बढ़ा दिया था। परिजन ने पुलिस से सुरक्षा मांगी थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। - सरगुजा हत्याकांड में कितने लोग गिरफ्तार हुए?
पुलिस ने इस मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिलाएं कमली और प्यारी भी शामिल हैं। हत्या में इस्तेमाल ट्रैक्टर भी जब्त कर लिया गया है।
ये खबरें भी पढ़ें...
cg crime news: पूर्व डिप्टी CM के परिवार की हत्या, ट्रिपल मर्डर केस में 5 को उम्रकैद
ट्रैफिक जाम खुलवा रहे बुजुर्ग की हत्या, दामाद की जान बचाने ससुर ने खुद के सिर पर खाई रॉड
5000 रुपए के शक में बुजुर्ग की हत्या, आरोपियों ने ई-रिक्शा से घसीटकर लगाई आग
एक FIR, कई सवाल: इंदौर में घिरे शेंडगे-दिघे-मनीष के नाम महेश्वर के जमीन विवाद में भी सामने आए