TET के खिलाफ शिक्षकों का बड़ा मोर्चा, 25 अगस्त को उतरेंगे सड़क पर

VINAY VERMA | Aug 24, 2026, 16:12 IST
शिक्षकों का विरोध
छत्तीसगढ़ में TET मुक्ति रैली को लेकर शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने 25 अगस्त को प्रदेशभर में आंदोलन का ऐलान किया है। सभी जिला मुख्यालयों में शिक्षक रैली निकालकर कलेक्टरों को पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपेंगे।

छत्तीसगढ़ में शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को लेकर एक बार फिर बड़ा आंदोलन आकार ले रहा है। शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने 25 अगस्त को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में TET मुक्ति रैली निकालने का ऐलान किया है। शिक्षक मुख्यमंत्री, शिक्षामंत्री, शिक्षा सचिव और संचालक DPI के नाम कलेक्टरों को ज्ञापन सौंपेंगे। मोर्चे का दावा है कि शिक्षकों की सेवा, वेतन और भविष्य से जुड़े पांच बड़े मुद्दों पर अब आर-पार की लड़ाई जरूरी हो गई है।



TET बना सबसे बड़ा डर

शिक्षक संघर्ष मोर्चा का कहना है कि TET को लेकर शिक्षकों के बीच असुरक्षा और सेवा समाप्त होने का भय लगातार बढ़ रहा है। शिक्षकों का आरोप है कि उनकी वर्षों की सेवा के बावजूद पुरानी सेवा गणना का लाभ नहीं मिल रहा। इससे वरिष्ठता और सेवा संबंधी अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।



वेतन विसंगति पर भी गुस्सा

मोर्चे ने केंद्रीय वेतनमान लागू नहीं होने को भी बड़ा मुद्दा बनाया है। शिक्षकों का कहना है कि अलग-अलग वर्गों में वेतन को लेकर विसंगतियां बनी हुई हैं। लंबे समय से काम कर रहे शिक्षकों को इसका आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। अब मोर्चा इन विसंगतियों के समाधान की मांग को आंदोलन में प्रमुखता से उठाएगा।



ब्रिज कोर्स का इंतजार

बीएड से जुड़े ब्रिज कोर्स का मुद्दा भी शिक्षकों के बीच चिंता का कारण बना हुआ है। हजारों शिक्षक इस प्रक्रिया के शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। मोर्चे का कहना है कि सरकार को इस मामले में स्पष्ट और व्यावहारिक समाधान देना चाहिए, ताकि शिक्षकों की नौकरी और भविष्य को लेकर अनिश्चितता खत्म हो।



भर्ती नियमों पर सवाल

शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने भर्ती एवं पदोन्नति नियम 2026 में भी गंभीर असंतुलन और विसंगतियों का आरोप लगाया है। मोर्चे की मांग है कि नियमों की समीक्षा कर आवश्यक संशोधन किया जाए। शिक्षकों का कहना है कि मौजूदा प्रावधानों से कई वर्गों के हित प्रभावित हो सकते हैं।



25 अगस्त को शक्ति प्रदर्शन

मोर्चे के प्रांतीय संचालक वीरेंद्र दुबे, संजय शर्मा और केदार जैन के नेतृत्व में हाल ही में शिक्षा सचिव और संचालक DPI से मुलाकात कर पांच सूत्रीय मांगें रखी गई थीं। इसी दौरान 25 अगस्त को जिला स्तर पर रैली का ऐलान किया गया। अब सभी जिलों में शिक्षकों को जुटाने की तैयारी है।



वर्गवाद छोड़ो, एकजुट हो

मोर्चा नेताओं ने शिक्षकों से आपसी मनमुटाव और वर्गवाद खत्म कर एकजुट होने की अपील की है। उनका कहना है कि शिक्षकों को लगातार ऐसे आदेशों और निर्देशों का सामना करना पड़ रहा है, जिनसे असुरक्षा बढ़ रही है। ऐसे समय में अलग-अलग वर्गों में बंटने के बजाय साझा मंच पर संघर्ष जरूरी है।



पुराने संघर्ष का हवाला

मोर्चा नेताओं ने कहा कि यही नेतृत्व पहले संविलियन और OPS जैसे मुद्दों पर शिक्षकों के साथ संघर्ष कर चुका है। उनका दावा है कि आपसी समन्वय से ही पिछली लड़ाइयों में सफलता मिली है। अब TET के मुद्दे पर भी उसी एकजुटता के साथ आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।



जिलों में ज्ञापन, आगे आंदोलन

25 अगस्त को शिक्षक अपने-अपने जिला मुख्यालय पहुंचकर TET मुक्ति रैली में शामिल होंगे और कलेक्टर के माध्यम से सरकार को पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपेंगे। मोर्चे ने शिक्षकों से रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने और अपने संस्थाप्रमुख को इसकी सूचना देने की अपील की है। अब सरकार की नजर इस शक्ति प्रदर्शन पर है और शिक्षकों को उम्मीद है कि रैली के बाद उनकी मांगों पर ठोस फैसला होगा।



ये खबरें भी पढ़ें...

क्या 2028 का इंतजार कर रही सरकार ? TET पर कुछ क्लियर क्यों नहीं करती ? CG NEWS



भोपाल में पद बढ़ाने की मांग को लेकर शिक्षकों का प्रदर्शन



शिक्षकों का विरोध देख डीपीआई तलाश रहा टीईटी की अनिवार्यता का समाधान



शिक्षकों की पदोन्नति पर बड़ा विवाद, TET की शर्त से नाराजगी, संघ ने खोला मोर्च



Tags:
  • छत्तीसगढ़
  • CG News
  • TET
  • शिक्षकों का विरोध
  • शिक्षकों का प्रदर्शन