छत्तीसगढ़ में विष्णु सरकार के तीन साल और सत्ता का सेमीफाइनल, 17 नगरीय निकायों और एक विधानसभा सीट पर चुनावी जंग

Arun Tiwari | Published:
छत्तीसगढ़ में दिसंबर बनेगा सियासत का टर्निंग पॉइंट, 17 निकाय और अहिवारा सीट पर घमासान
Chhattisgarh's upcoming civic body elections and the Ahivara bypoll will test the political strength of the BJP government and Congress ahead of the 2028 Assembly elections.
छत्तीसगढ़ की राजनीति में आने वाले महीने सत्ताधारी बीजेपी और विपक्षी कांग्रेस, दोनों के लिए बेहद अहम साबित होने वाले हैं। प्रदेश में दिसंबर 2026 में प्रस्तावित 17 नगरीय निकायों के चुनाव और दुर्ग जिले की अहिवारा विधानसभा सीट पर होने वाला उपचुनाव राजनीतिक दलों की ताकत का इम्तिहान लेने जा रहे हैं।

इसे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार के कामकाज और विपक्ष की राजनीतिक वापसी की कोशिशों के बीच सत्ता का सेमीफाइनल माना जा रहा है। राजस्थान में पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद बीजेपी के सामने उठे सवालों ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस की उम्मीदों को भी हवा दी है। वहीं, बीजेपी ने भी आगामी चुनावों को हल्के में नहीं लेने के संकेत दिए हैं। बीजेपी के लिए इसे तीन साल की सरकार का लिटमस टेस्ट माना जा रहा है।



राजस्थान में पंचायत चुनाव के नतीजों को लेकर बीजेपी के भीतर जिस तरह समीक्षा और राजनीतिक मंथन की स्थिति बनी है, उसने दूसरे राज्यों के पार्टी नेताओं को भी सतर्क किया है। ग्रामीण क्षेत्रों में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं होने की चर्चाओं के बीच सरकार के कामकाज और संगठन की पकड़ पर सवाल उठ रहे हैं। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस इसी राजनीतिक घटनाक्रम को अपने लिए अवसर के रूप में देख रही है। पार्टी को उम्मीद है कि स्थानीय मुद्दों और सरकार के प्रदर्शन को लेकर जनता के बीच बनाई जा रही धारणा का फायदा चुनाव में मिल सकता है।



17 नगरीय निकायों में चुनाव, चार नगर निगमों पर निगाह

छत्तीसगढ़ में दिसंबर में होने वाले नगरीय निकाय चुनाव में कुल 17 निकाय शामिल हैं। इनमें चार नगर निगम, पांच नगर पालिका परिषद और आठ नगर पंचायतें हैं। नगर निगमों में बीरगांव, भिलाई, भिलाई-चरौदा और रिसाली शामिल हैं। नगर पालिका परिषदों में जामुल, सारंगढ़, बैकुंठपुर, शिवपुर-चरचा और खैरागढ़ में चुनाव होना है। वहीं, नगर पंचायतों में प्रेमनगर, मारो, कोंटा, नरहरपुर, भैरमगढ़, भोपालपट्टनम, तमनार और बड़ी करेली शामिल हैं। इनमें तमनार और बड़ी करेली नवगठित नगर पंचायतें हैं, जहां पहली बार आम चुनाव कराया जाएगा।



इस तरह इन चुनावों में न केवल पुराने राजनीतिक समीकरणों की परीक्षा होगी, बल्कि नए नगरीय क्षेत्रों में भी बीजेपी और कांग्रेस को अपनी पकड़ साबित करनी होगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर को प्रस्तावित है। इसके बाद चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही राजनीतिक सरगर्मियां और तेज होने की संभावना है। चार नगर निगमों में महापौर की कुर्सी के साथ पार्षदों की सीटों पर भी दोनों दलों की नजर है।



सरकार के सामने स्थानीय मुद्दों की अग्निपरीक्षा

इन चुनावों में बीजेपी के सामने सबसे बड़ी चुनौती सरकार के दो साल से अधिक के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखने की होगी। बिजली बिल, सड़क, पेयजल, शिक्षा, रोजगार, महंगाई, सरकारी योजनाओं का लाभ और नगरीय सुविधाएं जैसे मुद्दे चुनावी बहस के केंद्र में रह सकते हैं। धान खरीदी, किसानों की समस्याएं और सरकारी दफ्तरों में कामकाज को लेकर भी विपक्ष सरकार को घेरने की कोशिश करेगा।



नगर निगम और नगर पालिका क्षेत्रों में सफाई, जल निकासी, पेयजल आपूर्ति, सड़क निर्माण, स्ट्रीट लाइट और संपत्ति कर जैसे स्थानीय मुद्दे भी मतदाताओं के फैसले को प्रभावित कर सकते हैं। बीजेपी के लिए चुनौती यह होगी कि वह सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को स्थानीय स्तर पर जनता तक पहुंचाए। केवल बड़े सरकारी दावों के बजाय वार्डों में हुए काम और लोगों को मिली सुविधाओं के आधार पर उसे अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करनी होगी।



बीरगांव नगर निगम बीजेपी के लिए खास चुनौती माना जा रहा है। रायपुर से सटे इस औद्योगिक और अर्धशहरी इलाके में ग्रामीण और शहरी मतदाताओं का मिश्रित प्रभाव चुनावी नतीजों को प्रभावित कर सकता है। वहीं, भिलाई, भिलाई-चरौदा और रिसाली में स्थानीय नेतृत्व, संगठन की सक्रियता और प्रत्याशियों की छवि निर्णायक भूमिका निभा सकती है।



कांग्रेस को राजस्थान से उम्मीद, स्थानीय मुद्दों पर घेराबंदी की तैयारी

कांग्रेस इन चुनावों को सरकार के खिलाफ जनमत तैयार करने के अवसर के रूप में देख रही है। पार्टी की रणनीति स्थानीय समस्याओं को चुनावी मुद्दा बनाने की होगी। बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याएं, बिजली और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर कांग्रेस बीजेपी को घेर सकती है।



कांग्रेस के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला कहते हैं कि बीजेपी सरकार हर मोर्चे पर फेल है। इन चुनावों में सरकार की कलई खुल जाएगी। जनता सरकार के खिलाफ वोट कर अपनी मंशा जाहिर करने वाली है।



कांग्रेस के सामने भी कम चुनौतियां नहीं हैं। विधानसभा और पिछले नगरीय निकाय चुनावों में बनी राजनीतिक परिस्थितियों के बाद संगठन को नए सिरे से अपनी ताकत दिखानी होगी। वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना, मजबूत प्रत्याशियों का चयन करना और स्थानीय नेताओं के बीच समन्वय बनाना उसके लिए जरूरी होगा। खासकर उन इलाकों में पार्टी को अपनी स्थिति मजबूत करनी होगी, जहां बीजेपी का संगठन अपेक्षाकृत मजबूत है।



वहीं, बीजेपी के लिए भी प्रत्याशी चयन आसान नहीं रहने वाला। महापौर और अध्यक्ष पदों के दावेदारों की संख्या अधिक होने पर पार्टी के भीतर असंतोष की आशंका रहेगी। ऐसे में टिकट वितरण के साथ बागियों को संभालना भी दोनों दलों के लिए बड़ी चुनौती होगी।



बीजेपी के प्रवक्ता अमित चिमनानी कहते हैं कि जनता सरकार के कामकाज से खुश है। जिस तरह सरकार महिलाओं, किसानों, तेंदूपत्ता संग्राहकों, गरीबों और आदिवासियों के लिए कल्याणकारी योजनाओं पर काम कर रही है, उससे लोगों की आर्थिक स्थिति में सुधार आ रहा है। इन चुनावों में भी जनता सरकार के कामकाज पर मुहर लगाने वाली है।



अहिवारा उपचुनाव में बीजेपी के सामने सीट बचाने की चुनौती

नगरीय निकाय चुनाव के साथ दुर्ग जिले की अहिवारा विधानसभा सीट का उपचुनाव भी प्रदेश की राजनीति का महत्वपूर्ण घटनाक्रम होगा। बीजेपी विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन से यह सीट खाली हुई है। वे 2008 और 2023 में इस सीट से विधायक चुने गए थे। उनके निधन के बाद बीजेपी के सामने अपनी परंपरागत सीट बचाने की चुनौती है, जबकि कांग्रेस इसे अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने के अवसर के रूप में देख रही है।



कोर्सेवाड़ा की स्थानीय पकड़, सादगी और जनता के साथ उनके संपर्क को चुनाव में बीजेपी के सामने एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संदर्भ के रूप में देखा जाएगा। हालांकि, उपचुनाव में सहानुभूति के साथ प्रत्याशी की स्वीकार्यता, जातीय और सामाजिक समीकरण तथा दोनों दलों की संगठनात्मक ताकत भी निर्णायक होगी।



विधानसभा सचिवालय की ओर से विधायक के निधन की सूचना निर्वाचन आयोग को भेजे जाने के बाद उपचुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है। नियमानुसार छह महीने के भीतर चुनाव कराया जाना है। ऐसे में 30 अप्रैल 2027 से पहले इस सीट पर उपचुनाव होना है।



क्यों अहम हैं ये चुनाव

इन चुनावों का महत्व केवल महापौर, अध्यक्ष और पार्षद चुनने तक सीमित नहीं है। 17 नगरीय निकायों के नतीजे बताएंगे कि शहरी और अर्धशहरी क्षेत्रों में विष्णुदेव साय सरकार की नीतियों और कामकाज को कितना समर्थन मिल रहा है। वहीं, अहिवारा उपचुनाव बीजेपी की विधानसभा में अपनी राजनीतिक स्थिति बनाए रखने की क्षमता की परीक्षा लेगा।



बीजेपी के लिए ये चुनाव सरकार की लोकप्रियता और संगठन की मजबूती साबित करने का मौका हैं। दूसरी ओर, कांग्रेस के लिए यह विधानसभा चुनावों से पहले अपने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने और जनता के बीच राजनीतिक वापसी का संदेश देने का अवसर होगा।



राजस्थान के घटनाक्रम से उत्साहित कांग्रेस अगर स्थानीय मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने में सफल होती है, तो बीजेपी के सामने मुश्किलें बढ़ सकती हैं। वहीं, बीजेपी यदि सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों, संगठन और स्थानीय नेतृत्व के दम पर चुनावी मुकाबले को अपने पक्ष में करने में सफल रहती है, तो यह सरकार के लिए बड़ी राजनीतिक उपलब्धि होगी।



कुल मिलाकर, दिसंबर के नगरीय निकाय चुनाव और अहिवारा विधानसभा उपचुनाव छत्तीसगढ़ की राजनीति में आने वाले समय की दिशा तय करने वाले हैं। इन नतीजों से यह भी संकेत मिलेगा कि जनता के बीच बीजेपी सरकार की पकड़ कितनी मजबूत है और कांग्रेस विपक्ष के रूप में कितनी प्रभावी वापसी कर पाई है। यही वजह है कि दोनों दलों के लिए ये चुनाव किसी सामान्य स्थानीय मुकाबले से कहीं बढ़कर सत्ता का सेमीफाइनल बन गए हैं। आने वाले साल 2028 में विधानसभा चुनाव होंगे। इससे पहले इन छोटे चुनावों के बड़े मायने माने जा रहे हैं।

Tags:
  • नगरीय निकाय चुनाव
  • Chhattisgarh Elections
  • छत्तीसगढ़ चुनाव
  • Urban Local Body Elections
  • Ahivara Assembly Bypoll
  • छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव
  • मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
  • साय सरकार