कुंभ वायरल गर्ल मोनालिसा निकली नाबालिग, जांच में खुलासा
कुंभ वायरल गर्ल मोनालिसा के शादी के मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में यह पाया गया कि मोनालिसा की उम्र 16 साल 2 महीने थी जब उसकी शादी कराई गई थी, जबकि उसे बालिग बताया गया था। इस खुलासे के बाद महेश्वर थाने में आरोपी फरमान खान के खिलाफ POCSO एक्ट और एट्रोसिटी एक्ट के तहत FIR दर्ज की गई है।
फर्जी दस्तावेजों का खुलासा
जांच में सामने आया कि लड़की का जन्म 30 दिसंबर 2009 को हुआ था। 11 मार्च 2026 को हुई उसकी शादी के समय वह नाबालिग थी। शादी के समय लड़की के जन्म प्रमाण पत्र में छेड़छाड़ की गई थी।
यह प्रमाण पत्र नगर पालिका महेश्वर से फर्जी तरीके से प्राप्त किया गया था। अब इस फर्जी प्रमाण पत्र के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और शादी के पंजीकरण को निरस्त करने की प्रक्रिया चल रही है।
विदेशी फंडिंग की आशंका
इस मामले में अधिवक्ता प्रथम दुबे ने आयोग के समक्ष केरल के सीपीआई-एम नेताओं और पीएफआई जैसे संगठनों की संभावित संलिप्तता का मुद्दा उठाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यह निकाह किसी बड़े एजेंडे का हिस्सा हो सकता है, जिसमें विदेशी फंडिंग की भी आशंका जताई जा रही है।
आदिवासी बच्चों की तस्करी की जांच
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग इस मामले की जांच आदिवासी बच्चों की तस्करी के एंगल से भी कर रहा है। आयोग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए केरल और मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) को दिल्ली तलब किया है। दोनों राज्यों की पुलिस से हर तीन दिन में जांच की प्रगति रिपोर्ट मांगी गई है और मामले की लगातार निगरानी की जाएगी।
पीड़िता के पिता की शिकायत पर FIR
पीड़िता के पिता ने महेश्वर पुलिस थाने में फरमान खान के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी ने उनकी बेटी को फिल्म स्टार बनाने का लालच देकर केरल बुलाया और फिर उसे बहलाकर शादी कर ली। फरमान ने इंदौर से केरल के लिए फ्लाइट टिकट बुक कराए थे और पूरी योजना को अंजाम दिया था।
फर्जी दस्तावेजों और सिंडिकेट की तलाश
महेश्वर पुलिस इस मामले में सक्रिय सिंडिकेट और फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले नेटवर्क की तलाश में जुटी है। साथ ही, केरल पुलिस और स्थानीय राजनेताओं की भूमिका की भी जांच की जा रही है, ताकि पूरी साजिश का खुलासा किया जा सके।
ये खबरें भी पढ़ें...
CM मोहन यादव ने पलटा पीएचक्यू का प्रस्ताव, सीनियर आईपीएस अधिकारियों को सौंपी संभागों की कमान
एमपी पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती 2025 : जबलपुर के सुनील ने किया टॉप, टॉप-10 में OBC का दबदबा