जबलपुर जिपं चुनाव में कांग्रेस ने टेके घुटने, आशा निर्विरोध अध्यक्ष

CHAKRESH | Feb 12, 2024, 14:50 IST
जबलपुर में जिला पंचायत के अध्यक्ष पद पर चुनाव हुए
जबलपुर में जिला पंचायत के अध्यक्ष पद पर चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की आशा मुकेश गोटिया ने अपनी दावेदारी पेश की, वहीं कांग्रेस की ओर से कोई भी दावेदार सामने नहीं आया।

JABALPUR @ नील तिवारी



जबलपुर में जिला पंचायत के अध्यक्ष पद पर चुनाव के लिए आज सोमवार को दोपहर एक बजे तक नामांकन भरने का समय निर्धारित था। जिसमें भारतीय जनता पार्टी की आशा मुकेश गोटिया ने अपनी दावेदारी पेश की, वहीं कांग्रेस की ओर से कोई भी दावेदार सामने नहीं आया। यहां तक की कांग्रेस के सदस्यों द्वारा भी भाजपा की प्रत्याशी का ही समर्थन किया गया।



जिला पंचायत में पहले से है भाजपा का दबदबा


जबलपुर के जिला पंचायत में सदस्यों की संख्या में भाजपा का संख्याबल पहले से ही अधिक है। जहां भारतीय जनता पार्टी के 14 सदस्य हैं तो कांग्रेस के मात्र 4 जिला पंचायत सदस्य हैं। ऐसी स्थिति में कांग्रेस द्वारा विरोध करने पर भी परिणाम पर कुछ फर्क नहीं पड़ता, लेकिन कांग्रेस से कोई भी प्रत्याशी खड़े न होना और कांग्रेसी सदस्यों का भी भाजपा को निर्विरोध जिता देना, कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के भाजपा के प्रति बढ़ रहे मोह की ओर भी इशारा कर रहा है। गौरतलब है की पिछले कुछ दिनों से लगातार कांग्रेस के कार्यकर्ताओं सहित जनपद पंचायत सदस्यों का भाजपा में जाना जारी है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी का जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव निर्विरोध संपन्न होना, आगे भी कई कांग्रेसियों के भाजपा में जाने के कयासों को हवा दे रहा है।



Tags:
  • जबलपुर जिला पंचायत चुनाव
  • निर्विरोध अध्यक्ष बनी आशा गोटिया
  • Asha Gotia became president of Jabalpur District Panchayat elections unopposed