ताला तोड़ने से CS तक का सफर, अनुराग जैन ने सुनाया अशोक बर्णवाल का दिलचस्प किस्सा

Ramanand Tiwari | Jul 23, 2026, 22:08 IST
Photograph: (THESOOTR)
BHOPAL. अशोक बर्णवाल ने मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव का पदभार संभाला। विदाई समारोह में अनुराग जैन ने ताला तोड़ने वाला पुराना किस्सा सुनाया। कार्यक्रम ठहाकों से गूंज उठा।

मध्य प्रदेश के नए मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने गुरुवार शाम चार बजे पदभार संभाल लिया। इसके बाद मंत्रालय में उनके स्वागत और पूर्व मुख्य सचिव अनुराग जैन की विदाई का कार्यक्रम हुआ। समारोह में प्रशासनिक कामकाज से ज्यादा एक पुराने ताले का किस्सा चर्चा में रहा।



अनुराग जैन ने अशोक बर्णवाल के शुरुआती प्रशासनिक जीवन से जुड़ी ऐसी घटना सुनाई कि मंत्रालय में मौजूद अधिकारी ठहाके लगाने लगे। उन्होंने कहा कि अशोक बर्णवाल ने ताला तोड़ने से मुख्य सचिव बनने तक का सफर तय किया है।



पहली पोस्टिंग का किस्सा

CS अशोक बर्णवाल ने कार्यक्रम में अपने शुरुआती दिनों को याद किया। उन्होंने बताया कि उनकी पहली पोस्टिंग रतलाम जिले में हुई थी। वहां से उन्हें जावरा भेजा गया था। उस समय अनुराग जैन जावरा में एसडीएम थे।



बर्णवाल ने कहा कि अनुराग जैन ने उन्हें अपने घर में ठहराया था। उन्होंने प्रशासनिक कामकाज की बारीकियां भी जैन से सीखीं। बर्णवाल ने अनुराग जैन को अपने गुरु जैसा बताया।



बर्णवाल की बात पूरी होते ही अनुराग जैन मुस्कुराए। उन्होंने कहा कि अशोक ने कहानी की सबसे जरूरी बात छिपा ली है।



जैन ने बताया कि वे किसी जरूरी काम से बाहर गए थे। इसी दौरान अशोक बर्णवाल को कमरे में रखे किसी सामान की जरूरत पड़ी। कमरे पर ताला लगा हुआ था। बर्णवाल ने इंतजार करने के बजाय ताला तोड़कर सामान निकाल लिया।



इसके बाद अनुराग जैन ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अब आप समझ सकते हैं। अशोक ने ताला तोड़ने से मुख्य सचिव बनने तक का सफर तय किया है। उनकी बात सुनते ही सभागार में मौजूद सभी अधिकारी हंस पड़े।



तीनों अफसर योग्य

अनुराग जैन ने इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि डॉ. राजेश राजौरा, मनोज गोविल और अशोक बर्णवाल ने उनके साथ काम किया है। तीनों ही योग्य अधिकारी हैं।



जैन ने बताया कि उनसे मुख्य सचिव पद के लिए नाम पूछा गया था। उन्होंने तीनों अधिकारियों का नाम सुझाया था। जैन ने कहा था कि सरकार इनमें से किसी को भी चुन सकती है।



राजौरा ने बताया अपना अनुभव

अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा ने भी अनुराग जैन के साथ अपने शुरुआती दिनों का अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि उनकी पहली पोस्टिंग अविभाजित मध्य प्रदेश के बस्तर जिले के नारायणपुर में हुई थी।



उस समय अनुराग जैन कांकेर में अपर कलेक्टर थे। राजौरा ने कहा कि उस दौर में उनके लिए अनुराग जैन ही सबसे बड़े अधिकारी थे। वे उन्हें अपना कलेक्टर मानते थे।



राजौरा ने कहा कि उन्होंने अनुराग जैन से बहुत कुछ सीखा। उन्होंने प्रदेश में ई-फाइलिंग व्यवस्था लागू करने का श्रेय भी जैन को दिया। राजौरा ने कहा कि वर्षों से अटकी पदोन्नति प्रक्रिया आगे बढ़ाने में भी जैन की अहम भूमिका रही।



बर्णवाल ने संभाला पदभार

अशोक बर्णवाल ने गुरुवार शाम मुख्य सचिव का पदभार ग्रहण किया। इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने मंत्रालय में स्वागत और विदाई समारोह आयोजित किया।



मंत्रालय में पूरे दिन अधिकारियों और कर्मचारियों का आना-जाना लगा रहा। सभी ने अनुराग जैन को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों ने उनके कार्यकाल के अनुभव भी साझा किए।



पदभार संभालने के बाद अशोक बर्णवाल लोकभवन पहुंचे। यहां उन्होंने राज्यपाल मंगुभाई पटेल से शिष्टाचार मुलाकात की। उन्होंने नई जिम्मेदारी को लेकर राज्यपाल से मार्गदर्शन भी लिया।



इससे पहले बुधवार को बर्णवाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिल चुके थे। गुरुवार को उन्होंने उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल से भी शिष्टाचार भेंट की।



छुट्टी का क्यों किया जिक्र

विदाई कार्यक्रम के दौरान अनुराग जैन ने छुट्टी का भी जिक्र किया। उन्होंने अधिकारियों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि नई जिम्मेदारी संभालने से पहले वे कुछ दिन अवकाश लेंगे।



जैन ने कहा कि नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी का पद संभालने के बाद लंबी छुट्टी मिलना आसान नहीं होगा। उन्होंने अपने कार्यकाल में सहयोग देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार भी जताया।



नए मुख्य सचिव की प्राथमिकता

पदभार ग्रहण करने के बाद अशोक बर्णवाल जल्द प्रशासनिक बैठकों का दौर शुरू करेंगे। विभागों के कामकाज और योजनाओं की समीक्षा उनकी शुरुआती प्राथमिकताओं में शामिल हो सकती है।



शासन की प्रमुख योजनाओं में तेजी लाने पर भी उनका फोकस रहेगा। विभागों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर भी जल्द बैठकें होने की संभावना है।



हालांकि, मंत्रालय के विदाई समारोह में प्रशासनिक प्राथमिकताओं से ज्यादा पुराने ताले का किस्सा यादगार बन गया। अनुराग जैन के एक वाक्य ने अशोक बर्णवाल के लंबे प्रशासनिक सफर को हल्के और दिलचस्प अंदाज में सामने रख दिया।



ये खबरें भी पढ़ें...



आईएएस अशोक बर्णवाल आज संभालेंगे सीएस का पदभार, राजेश राजौरा जाएंगे मंत्रालय से बाहर



वरिष्ठ आईएएस अशोक बर्णवाल बने मध्य प्रदेश के नए मुख्य सचिव



जांच अटकाने के मामले में आईएएस अशोक बर्णवाल समेत 7 को नोटिस, ये है पूरा विवाद



एमपी पुलिस भर्ती, ESB जल्द शुरू करेगा 9662 पदों पर आवेदन की प्रक्रिया





Tags:
  • मंत्रालय
  • अनुराग जैन
  • विदाई समारोह
  • CS अशोक बर्णवाल
  • मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल